बुद्धि के विषय में एक पिता की शिक्षा (continued)

984 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

सूक्ति संग्रह 6–7

1 मेरे पुत्र, यदि तुम अपने पड़ोसी के लिए ज़मानत दे बैठे हो,

किसी अपरिचित के लिए वचनबद्ध हुए हो,

2 यदि तुम वचन देकर फंस गए हो,

तुम्हारे ही शब्दों ने तुम्हें विकट परिस्थिति में ला रखा है,

3 तब मेरे पुत्र, ऐसा करना कि तुम स्वयं को बचा सको,

क्योंकि इस समय तो तुम अपने पड़ोसी के हाथ में आ चुके हो:

तब अब अपने पड़ोसी के पास चले जाओ,

और उसको नम्रता से मना लो!

4 यह समय निश्चिंत बैठने का नहीं है,

नींद में समय नष्ट न करना.

5 इस समय तुम्हें अपनी रक्षा उसी हिरणी के समान करना है, जो शिकारी से बचने के लिए अपने प्राण लेकर भाग रही है,

जैसे पक्षी जाल डालनेवाले से बचकर उड़ जाता है.

6 ओ आलसी, जाकर चींटी का ध्यान कर;

उनके कार्य पर विचार कर और ज्ञानी बन जा!

7 बिना किसी प्रमुख,

अधिकारी अथवा प्रशासक के,

8 वह ग्रीष्मकाल में ही अपना आहार जमा कर लेती है

क्योंकि वह कटनी के अवसर पर अपना भोजन एकत्र करती रहती है.

9 ओ आलसी, तू कब तक ऐसे लेटा रहेगा?

कब टूटेगी तेरी नींद?

10 थोड़ी और नींद, थोड़ा और विश्राम,

कुछ देर और हाथ पर हाथ रखे हुए विश्राम,

11 तब देखना निर्धनता कैसे तुझ पर डाकू के समान टूट पड़ती है

और गरीबी, सशस्त्र पुरुष के समान.

12 बुरा व्यक्ति निकम्मा ही सिद्ध होता है,

उसकी बातों में हेरा-फेरी होती है,

13 वह पलकें झपका कर,

अपने पैरों के द्वारा

तथा उंगली से इशारे करता है,

14 वह अपने कपटी हृदय से बुरी युक्तियां सोचता

तथा निरंतर ही कलह को उत्पन्‍न करता रहता है.

15 परिणामस्वरूप विपत्ति उस पर एकाएक आ पड़ेगी;

क्षण मात्र में उस पर असाध्य रोग का प्रहार हो जाएगा.

16 छः वस्तुएं याहवेह को अप्रिय हैं,

सात से उन्हें घृणा है:

17 घमंड से भरी आंखें,

झूठ बोलने वाली जीभ,

वे हाथ, जो निर्दोष की हत्या करते हैं,

18 वह मस्तिष्क, जो बुरी योजनाएं सोचता रहता है,

बुराई के लिए तत्पर पांव,

19 झूठ पर झूठ उगलता हुआ साक्षी तथा वह व्यक्ति,

जो भाइयों के मध्य कलह निर्माण करता है.

20 मेरे पुत्र, अपने पिता के आदेश पालन करते रहना,

अपनी माता की शिक्षा का परित्याग न करना.

21 ये सदैव तुम्हारे हृदय में स्थापित रहें;

ये सदैव तुम्हारे गले में लटके रहें.

22 जब तुम आगे बढ़ोगे, ये तुम्हारा मार्गदर्शन करेंगे;

जब तुम विश्राम करोगे, ये तुम्हारे रक्षक होंगे;

और जब तुम जागोगे, तो ये तुमसे बातें करेंगे.

23 आदेश दीपक एवं शिक्षा प्रकाश है,

तथा ताड़ना सहित अनुशासन जीवन का मार्ग हैं,

24 कि बुरी स्त्री से तुम्हारी रक्षा की जा सके

व्यभिचारिणी की मीठी-मीठी बातों से.

25 मन ही मन उसके सौंदर्य की कामना न करना,

उसके जादू से तुम्हें वह अधीन न करने पाए.

26 वेश्या मात्र एक भोजन के द्वारा मोल ली जा सकती है,

किंतु दूसरे पुरुष की औरत तुम्हारे खुद के जीवन को लूट लेती है.

27 क्या यह संभव है कि कोई व्यक्ति अपनी छाती पर आग रखे

और उसके वस्त्र न जलें?

28 अथवा क्या कोई जलते कोयलों पर चले

और उसके पैर न झुलसें?

29 यही नियति है उस व्यक्ति की, जो पड़ोसी की पत्नी के साथ यौनाचार करता है;

उसके साथ इस रूप से संबंधित हर एक व्यक्ति का दंड निश्चित है.

30 लोगों की दृष्टि में वह व्यक्ति घृणास्पद नहीं होता

जिसने अतिशय भूख मिटाने के लिए भोजन चुराया है,

31 हां, यदि वह चोरी करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे उसका सात गुणा लौटाना पड़ता है,

इस स्थिति में उसे अपना सब कुछ देना पड़ सकता है.

32 वह, जो व्यभिचार में लिप्‍त हो जाता है, निरा मूर्ख है;

वह, जो यह सब कर रहा है, स्वयं का विनाश कर रहा है.

33 घाव और अपमान उसके अंश होंगे,

उसकी नामधराई मिटाई न जा सकेगी.

34 ईर्ष्या किसी भी व्यक्ति को क्रोध में भड़काती है,

प्रतिशोध की स्थिति में उसकी सुरक्षा संभव नहीं.

35 उसे कोई भी क्षतिपूर्ति स्वीकार्य नहीं होती;

कितने भी उपहार उसे लुभा न सकेंगे.

7:1 मेरे पुत्र, मेरे वचनों का पालन करते रहो

और मेरे आदेशों को अपने हृदय में संचित करके रखना.

2 मेरे आदेशों का पालन करना और जीवित रहना;

मेरी शिक्षाएं वैसे ही सुरक्षित रखना, जैसे अपने नेत्र की पुतली को रखते हो.

3 इन्हें अपनी उंगलियों में पहन लेना;

इन्हें अपने हृदय-पटल पर उकेर लेना.

4 ज्ञान से कहो, “तुम मेरी बहन हो,”

समझ को “अपना रिश्तेदार घोषित करो,”

5 कि ये तुम्हें व्यभिचारिणी स्त्री से सुरक्षित रखें,

तुम्हें पर-स्त्री की लुभानेवाली बातों में फंसने से रोक सकें.

6 मैं खिड़की के पास

खड़ा हुआ जाली में से बाहर देख रहा था.

7 मुझे एक साधारण,

सीधा-सादा युवक दिखाई दिया,

इस युवक में समझदारी तो थी ही नहीं,

8 यह युवक उस मार्ग पर जा रहा था, जो इस स्त्री के घर की ओर जाता था,

सड़क की छोर पर उसका घर था.

9 यह संध्याकाल गोधूली की बेला थी,

रात्रि के अंधकार का समय हो रहा था.

10 तब मैंने देखा कि एक स्त्री उससे मिलने निकल आई,

उसकी वेशभूषा वेश्या के समान थी उसके हृदय से धूर्तता छलक रही थी.

11 (वह अत्यंत भड़कीली और चंचल थी,

वह अपने घर पर तो ठहरती ही न थी;

12 वह कभी सड़क पर दिखती थी तो कभी नगर चौक में,

वह प्रतीक्षा करती हुई किसी भी चौराहे पर देखी जा सकती थी.)

13 आगे बढ़ के उसने उस युवक को बाहों में लेकर चूम लिया

और बड़ी ही निर्लज्जता से उससे कहने लगी:

14 “मुझे बलि अर्पित करनी ही थी

और आज ही मैंने अपने मन्नत को पूर्ण कर लिया हैं.

15 इसलिये मैं तुमसे मिलने आ सकी हूं;

मैं कितनी उत्कण्ठापूर्वक तुम्हें खोज रही थी, देखो, अब तुम मुझे मिल गए हो!

16 मैंने उत्कृष्ट चादरों से बिछौना सजाया है

इन पर मिस्र देश की रंगीन कलाकृतियां हैं.

17 मैंने बिछौने को गन्धरस,

अगरू और दालचीनी से सुगंधित किया है.

18 अब देर किस लिए, प्रेम क्रीड़ा के लिए हमारे पास प्रातःकाल तक समय है;

हम परस्पर प्रेम के द्वारा एक दूसरे का समाधान करेंगे!

19 मेरे पति प्रवास पर हैं;

बड़े लंबे समय का है उनका प्रवास.

20 वह अपने साथ बड़ी धनराशि लेकर गए हैं

वह तो पूर्णिमा पर ही लौटेंगे.”

21 इसी प्रकार के मधुर शब्द के द्वारा उसने अंततः

उस युवक को फुसला ही लिया; उसके मधुर शब्द के समक्ष वह हार गया.

22 तत्क्षण वह उसके साथ चला गया. यह वैसा ही दृश्य था

जैसे वध के लिए ले जाया जा रहा बैल,

अथवा जैसे कोई मूर्ख फंदे में फंस गया हो.

23 तब बाण उसके कलेजे को बेधता हुआ निकल जाता है,

जैसे पक्षी जाल में जा उलझा हो. उसे तो यह बोध ही नहीं होता,

कि यह उसके प्राण लेने के लिए किया जा रहा है.

24 और अब, मेरे पुत्रो, ध्यान से सुनो;

और मेरे मुख से निकले शब्दों के प्रति सावधान रहो.

25 तुम्हारा हृदय कभी भी ऐसी स्त्री के मार्ग की ओर न फिरे,

उसके आचार-व्यवहार देखकर बहक न जाना,

26 उसने ऐसे अनेक-अनेक व्यक्तियों को फंसाया है;

और बड़ी संख्या है उसके द्वारा संहार किए गए शक्तिशाली व्यक्तियों की.

27 उसका घर अधोलोक का द्वार है,

जो सीधे मृत्यु के कक्ष में ले जाकर छोड़ता है.