आगूर और राजा लमूएल के वचन
984 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 याकेह के पुत्र आगूर का वक्तव्य—एक प्रकाशन ईथिएल के लिए.
इस मनुष्य की घोषणा—ईथिएल और उकाल के लिए:
2 निःसंदेह, मैं इन्सान नहीं, जानवर जैसा हूं;
मनुष्य के समान समझने की क्षमता भी खो चुका हूं.
3 न तो मैं ज्ञान प्राप्त कर सका हूं,
और न ही मुझमें महा पवित्र परमेश्वर को समझने की कोई क्षमता शेष रह गई है.
4 कौन है, जो स्वर्ग में चढ़कर फिर उतर आया है?
किसने वायु को अपनी मुट्ठी में एकत्र कर रखा है?
किसने महासागर को वस्त्र में बांधकर रखा है?
किसने पृथ्वी की सीमाएं स्थापित कर दी हैं?
क्या है उनका नाम और क्या है उनके पुत्र का नाम?
यदि आप जानते हैं! तो मुझे बता दीजिए.
5 “परमेश्वर का हर एक वचन प्रामाणिक एवं सत्य है;
वही उनके लिए ढाल समान हैं जो उनमें आश्रय लेते हैं.
6 उनके वक्तव्य में कुछ भी न जोड़ा जाए ऐसा न हो कि तुम्हें उनकी फटकार सुननी पड़े और तुम झूठ प्रमाणित हो जाओ.
7 “अपनी मृत्यु के पूर्व मैं आपसे दो आग्रह कर रहा हूं;
मुझे इनसे वंचित न कीजिए.
8 मुझसे वह सब अत्यंत दूर कर दीजिए, जो झूठ है, असत्य है;
न तो मुझे निर्धनता में डालिए और न मुझे धन दीजिए,
मात्र मुझे उतना ही भोजन प्रदान कीजिए, जितना आवश्यक है.
9 ऐसा न हो कि सम्पन्नता में मैं आपका त्याग ही कर दूं
और कहने लगूं, ‘कौन है यह याहवेह?’
अथवा ऐसा न हो कि निर्धनता की स्थिति में मैं चोरी करने के लिए बाध्य हो जाऊं,
और मेरे परमेश्वर के नाम को कलंकित कर बैठूं.
10 “किसी सेवक के विरुद्ध उसके स्वामी के कान न भरना,
ऐसा न हो कि वह सेवक तुम्हें शाप दे और तुम्हीं दोषी पाए जाओ.
11 “एक पीढ़ी ऐसी है, जो अपने ही पिता को शाप देती है,
तथा उनके मुख से उनकी माता के लिए कोई भी धन्य उद्गार नहीं निकलते;
12 कुछ की दृष्टि में उनका अपना चालचलन शुद्ध होता है
किंतु वस्तुतः उनकी अपनी ही मलिनता से वे धुले हुए नहीं होते है;
13 एक और समूह ऐसा है,
आंखें गर्व से चढ़ी हुई तथा उन्नत भौंहें;
14 कुछ वे हैं, जिनके दांत तलवार समान
तथा जबड़ा चाकू समान हैं,
कि पृथ्वी से उत्पीड़ितों को
तथा निर्धनों को मनुष्यों के मध्य में से लेकर निगल जाएं.
15 “जोंक की दो बेटियां हैं.
जो चिल्लाकर कहती हैं, ‘और दो! और दो!’
“तीन वस्तुएं असंतुष्ट ही रहती है,
वस्तुतः चार कभी नहीं कहती, ‘अब बस करो!’:
16 अधोलोक तथा
बांझ की कोख;
भूमि, जो जल से कभी तृप्त नहीं होती,
और अग्नि, जो कभी नहीं कहती, ‘बस!’
17 “वह नेत्र, जो अपने पिता का अनादर करते हैं,
तथा जिसके लिए माता का आज्ञापालन घृणास्पद है,
घाटी के कौवों द्वारा नोच-नोच कर निकाल लिया जाएगा,
तथा गिद्धों का आहार हो जाएगा.
18 “तीन वस्तुएं मेरे लिए अत्यंत विस्मयकारी हैं,
वस्तुतः चार, जो मेरी समझ से सर्वथा परे हैं:
19 आकाश में गरुड़ की उड़ान,
चट्टान पर सर्प का रेंगना,
महासागर पर जलयान का आगे बढ़ना,
तथा पुरुष और स्त्री का पारस्परिक संबंध.
20 “व्यभिचारिणी स्त्री की चाल यह होती है:
संभोग के बाद वह कहती है, ‘क्या विसंगत किया है मैंने.’
मानो उसने भोजन करके अपना मुख पोंछ लिया हो.
21 “तीन परिस्थितियां ऐसी हैं, जिनमें पृथ्वी तक कांप उठती है;
वस्तुतः चार इसे असहाय हैं:
22 दास का राजा बन जाना,
मूर्ख व्यक्ति का छक कर भोजन करना,
23 पूर्णतः घिनौनी स्त्री का विवाह हो जाना
तथा दासी का स्वामिनी का स्थान ले लेना.
24 “पृथ्वी पर चार प्राणी ऐसे हैं, जो आकार में तो छोटे हैं,
किंतु हैं अत्यंत बुद्धिमान:
25 चीटियों की गणना सशक्त प्राणियों में नहीं की जाती,
फिर भी उनकी भोजन की इच्छा ग्रीष्मकाल में भी समाप्त नहीं होती;
26 चट्टानों के निवासी बिज्जू सशक्त प्राणी नहीं होते,
किंतु वे अपना आश्रय चट्टानों में बना लेते हैं;
27 अरबेह टिड्डियों का कोई शासक नहीं होता,
फिर भी वे सैन्य दल के समान पंक्तियों में आगे बढ़ती हैं;
28 छिपकली, जो हाथ से पकड़े जाने योग्य लघु प्राणी है,
किंतु इसका प्रवेश राजमहलों तक में होता है.
29 “तीन हैं, जिनके चलने की शैली अत्यंत भव्य है,
चार की गति अत्यंत प्रभावशाली है:
30 सिंह, जो सभी प्राणियों में सबसे अधिक शक्तिमान है, वह किसी के कारण पीछे नहीं हटता;
31 गर्वीली चाल चलता हुआ मुर्ग,
बकरा,
तथा अपनी सेना के साथ आगे बढ़ता हुआ राजा.
32 “यदि तुम आत्मप्रशंसा की मूर्खता कर बैठे हो,
अथवा तुमने कोई षड़्यंत्र गढ़ा है,
तो अपना हाथ अपने मुख पर रख लो!
33 जिस प्रकार दूध के मंथन से मक्खन तैयार होता है,
और नाक पर घूंसे के प्रहार से रक्त निकलता है,
उसी प्रकार क्रोध को भड़काने से कलह उत्पन्न होता है.”
31:1 ये राजा लमूएल द्वारा प्रस्तुत नीति सूत्र हैं, जिनकी शिक्षा उन्हें उनकी माता द्वारा दी गई थी.
2 सुन, मेरे पुत्र! सुन, मेरे ही गर्भ से जन्मे पुत्र!
सुन, मेरी प्रार्थनाओं के प्रत्युत्तर पुत्र!
3 अपना पौरुष स्त्रियों पर व्यय न करना और न अपने संसाधन उन पर लुटाना,
जिन्होंने राजाओं तक के अवपात में योग दिया है.
4 लमूएल, यह राजाओं के लिए कदापि उपयुक्त नहीं है,
दाखमधु राजाओं के लिए सुसंगत नहीं है,
शासकों के लिए मादक द्रव्यपान भला नहीं होता.
5 ऐसा न हो कि वे पीकर कानून को भूल जाएं,
और दीन दलितों से उनके अधिकार छीन लें.
6 मादक द्रव्य उन्हें दो, जो मरने पर हैं,
दाखमधु उन्हें दो, जो घोर मन में उदास हैं!
7 वे पिएं तथा अपनी निर्धनता को भूल जाएं
और उन्हें उनकी दुर्दशा का स्मरण न आएं.
8 उनके पक्ष में खड़े होकर उनके लिए न्याय प्रस्तुत करो,
जो अपना पक्ष प्रस्तुत करने में असमर्थ हैं.
9 निडरतापूर्वक न्याय प्रस्तुत करो और बिना पक्षपात न्याय दो;
निर्धनों और निर्धनों के अधिकारों की रक्षा करो.
आलेफ़
10 किसे उपलब्ध होती है उत्कृष्ट, गुणसंपन्न पत्नी?
उसका मूल्य रत्नों से कहीं अधिक बढ़कर है.
बैथ
11 उसका पति उस पर पूर्ण भरोसा करता है
और उसके कारण उसके पति का मूल्य अपरिमित होता है.
गिमेल
12 वह आजीवन अपने पति का हित ही करती है,
बुरा कभी नहीं.
दालेथ
13 वह खोज कर ऊन और पटसन ले आती है
और हस्तकार्य में उसकी गहरी रुचि है.
14 व्यापारिक जलयानों के समान,
वह दूर-दूर जाकर भोज्य वस्तुओं का प्रबंध करती है.
वाव
15 रात्रि समाप्त भी नहीं होती, कि वह उठ जाती है;
और अपने परिवार के लिए भोजन का प्रबंध करती
तथा अपनी परिचारिकाओं को उनके काम संबंधी निर्देश देती है.
ज़ईन
16 वह जाकर किसी भूखण्ड को परखती है और उसे मोल ले लेती है;
वह अपने अर्जित धन से द्राक्षावाटिका का रोपण करती है.
ख़ेथ
17 वह कमर कसकर तत्परतापूर्वक कार्य में जुट जाती है;
और उसकी बाहें सशक्त रहती हैं.
टेथ
18 उसे यह बोध रहता है कि उसका लाभांश ऊंचा रहे,
रात्रि में भी उसकी समृद्धि का दीप बुझने नहीं पाता.
योध
19 वह चरखे पर कार्य करने के लिए बैठती है
और उसके हाथ तकली पर चलने लगते हैं.
काफ़
20 उसके हाथ निर्धनों की ओर बढ़ते हैं
और वह निर्धनों की सहायता करती है.
लामेध
21 शीतकाल का आगमन उसके परिवार के लिए चिंता का विषय नहीं होता;
क्योंकि उसके समस्त परिवार के लिए पर्याप्त ऊनी वस्त्र तैयार रहते हैं.
मेम
22 वह अपने लिए बाह्य ऊनी वस्त्र भी तैयार रखती है;
उसके सभी वस्त्र उत्कृष्ट तथा भव्य ही होते हैं.
नून
23 जब राज्य परिषद का सत्र होता है,
तब प्रमुखों में उसका पति अत्यंत प्रतिष्ठित माना जाता है.
सामेख
24 वह पटसन के वस्त्र बुनकर उनका विक्रय कर देती है,
तथा व्यापारियों को दुपट्टे बेचती है.
अयिन
25 वह शक्ति और सम्मान धारण किए हुए है;
भविष्य की आशा में उसका उल्लास है.
पे
26 उसके मुख से विद्वत्तापूर्ण वचन ही बोले जाते हैं,
उसके वचन कृपा-प्रेरित होते हैं.
त्सादे
27 वह अपने परिवार की गतिविधि पर नियंत्रण रखती है
और आलस्य का भोजन उसकी चर्या में है ही नहीं.
क़ौफ़
28 प्रातःकाल उठकर उसके बालक उसकी प्रशंसा करते हैं;
उसका पति इन शब्दों में उसकी प्रशंसा करते नहीं थकता:
रेश
29 “अनेक स्त्रियों ने उत्कृष्ट कार्य किए हैं,
किंतु तुम उन सबसे उत्कृष्ट हो.”
शीन
30 आकर्षण एक झूठ है और सौंदर्य द्रुत गति से उड़ जाता है;
किंतु जिस स्त्री में याहवेह के प्रति श्रद्धा विद्यमान है, वह प्रशंसनीय रहेगी.
ताव
31 उसके परिश्रम का श्रेय उसे दिया जाए,
और उसके कार्य नगर में घोषित किए जाएं.