शलोमोन के और नीतिवचन (continued)

984 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

सूक्ति संग्रह 26–27

1 मूर्ख को सम्मानित करना वैसा ही असंगत है,

जैसा ग्रीष्मऋतु में हिमपात तथा कटनी के समय वृष्टि.

2 निर्दोष को दिया गया शाप वैसे ही प्रभावी नहीं हो पाता,

जैसे गौरेया का फुदकना और अबाबील की उड़ान.

3 जैसे घोड़े के लिए चाबुक और गधे के लिए लगाम,

वैसे ही मूर्ख की पीठ के लिए छड़ी निर्धारित है.

4 मूर्ख को उसकी मूर्खता के अनुरूप उत्तर न दो,

कहीं तुम स्वयं मूर्ख सिद्ध न हो जाओ.

5 मूर्खों को उनकी मूर्खता के उपयुक्त उत्तर दो,

अन्यथा वे अपनी दृष्टि में विद्वान हो जाएंगे.

6 किसी मूर्ख के द्वारा संदेश भेजना वैसा ही होता है,

जैसा अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार लेना अथवा विषपान कर लेना.

7 मूर्ख के मुख द्वारा निकला नीति सूत्र वैसा ही होता है,

जैसा अपंग के लटकते निर्जीव पैर.

8 किसी मूर्ख को सम्मानित करना वैसा ही होगा,

जैसे पत्थर को गोफन में बांध देना.

9 मूर्ख व्यक्ति द्वारा कहा गया नीतिवचन वैसा ही लगता है,

जैसे मद्यपि के हाथों में चुभा हुआ कांटा.

10 जो अनजान मूर्ख यात्री अथवा मदोन्मत्त व्यक्ति को काम पर लगाता है,

वह उस धनुर्धारी के समान है, जो बिना किसी लक्ष्य के, लोगों को घायल करता है.

11 अपनी मूर्खता को दोहराता हुआ व्यक्ति उस कुत्ते के समान है,

जो बार-बार अपने उल्टी की ओर लौटता है.

12 क्या तुमने किसी ऐसे व्यक्ति को देखा है, जो स्वयं को बुद्धिमान समझता है?

उसकी अपेक्षा एक मूर्ख से कहीं अधिक अपेक्षा संभव है.

13 आलसी कहता है, “मार्ग में सिंह है,

सिंह गलियों में छुपा हुआ है!”

14 आलसी अपने बिछौने पर वैसे ही करवटें बदलते रहता है,

जैसे चूल पर द्वार.

15 आलसी अपना हाथ भोजन की थाली में डाल तो देता है;

किंतु आलस्यवश वह अपना हाथ मुख तक नहीं ले जाता.

16 अपने विचार में आलसी उन सात व्यक्तियों से अधिक बुद्धिमान होता है,

जिनमें सुसंगत उत्तर देने की क्षमता होती है.

17 मार्ग में चलते हुए अपरिचितों के मध्य चल रहे विवाद में हस्तक्षेप करते हुए व्यक्ति की स्थिति वैसी ही होती है,

मानो उसने वन्य कुत्ते को उसके कानों से पकड़ लिया हो.

18 उस उन्मादी सा जो मशाल उछालता है या मनुष्य जो घातक तीर फेंकता है

19 वैसे ही वह भी होता है जो अपने पड़ोसी की छलता है

और कहता है, “मैं तो बस ऐसे ही मजाक कर रहा था!”

20 लकड़ी समाप्‍त होते ही आग बुझ जाती है;

वैसे ही जहां कानाफूसी नहीं की जाती, वहां कलह भी नहीं होता.

21 जैसे प्रज्वलित अंगारों के लिए कोयला और अग्नि के लिए लकड़ी,

वैसे ही कलह उत्पन्‍न करने के लिए होता है विवादी प्रवृत्ति का व्यक्ति.

22 फुसफुसाहट में उच्चारे गए शब्द स्वादिष्ट भोजन-समान होते हैं;

ये शब्द मनुष्य के पेट में समा जाते हैं.

23 कुटिल हृदय के व्यक्ति के चिकने-चुपड़े शब्द वैसे ही होते हैं,

जैसे मिट्टी के पात्र पर चढ़ाई गई चांदी का कीट.

24 घृणापूर्ण हृदय के व्यक्ति के मुख से मधुर वाक्य टपकते रहते हैं,

जबकि उसके हृदय में छिपा रहता है छल और कपट.

25 जब वह मनभावन विचार व्यक्त करने लगे, तो उसका विश्वास न करना,

क्योंकि उसके हृदय में सात घिनौनी बातें छिपी हुई हैं.

26 यद्यपि इस समय उसने अपने छल को छुपा रखा है,

उसकी कुटिलता का प्रकाशन भरी सभा में कर दिया जाएगा.

27 जो कोई गड्ढा खोदता है, उसी में जा गिरता है;

जो कोई पत्थर को लुढ़का देता है, उसी के नीचे आ जाता है.

28 झूठ बोलने वाली जीभ जिससे बातें करती है, वह उसके घृणा का पात्र होता है,

तथा विनाश का कारण होते हैं चापलूस के शब्द.

27:1 भावी कल तुम्हारे गर्व का विषय न हो,

क्योंकि तुम यह नहीं जानते कि दिन में क्या घटनेवाला है.

2 कोई अन्य तुम्हारी प्रशंसा करे तो करे, तुम स्वयं न करना;

कोई अन्य कोई अपरिचित तुम्हारी प्रशंसा करे तो करे, तुम स्वयं न करना, स्वयं अपने मुख से नहीं.

3 पत्थर भारी होता है और रेत का भी बोझ होता है,

किंतु इन दोनों की अपेक्षा अधिक भारी होता है मूर्ख का क्रोध.

4 कोप में क्रूरता निहित होती है तथा रोष में बाढ़ के समान उग्रता,

किंतु ईर्ष्या के समक्ष कौन ठहर सकता है?

5 छिपे प्रेम से कहीं अधिक प्रभावशाली है

प्रत्यक्ष रूप से दी गई फटकार.

6 मित्र द्वारा किए गए घाव भी विश्वासयोग्य है,

किंतु विरोधी चुम्बनों की वर्षा करता है!

7 जब भूख अच्छी रीति से तृप्‍त की जा चुकी है, तब मधु भी अप्रिय लगने लगता है,

किंतु अत्यंत भूखे व्यक्ति के लिए कड़वा भोजन भी मीठा हो जाता है.

8 अपने घर से दूर चला गया व्यक्ति वैसा ही होता है

जैसे अपने घोंसले से भटक चुका पक्षी.

9 तेल और सुगंध द्रव्य हृदय को मनोहर कर देते हैं,

उसी प्रकार सुखद होता है

खरे मित्र का परामर्श.

10 अपने मित्र तथा अपने माता-पिता के मित्र की उपेक्षा न करना.

अपनी विपत्ति की स्थिति में अपने भाई के घर भेंट करने न जाना.

दूर देश में जा बसे तुम्हारे भाई से उत्तम है तुम्हारे निकट निवास कर रहा पड़ोसी.

11 मेरे पुत्र, कैसा मनोहर होगा मेरा हृदय, जब तुम स्वयं को बुद्धिमान प्रमाणित करोगे;

तब मैं अपने निंदकों को मुंह तोड़ प्रत्युत्तर दे सकूंगा.

12 चतुर व्यक्ति जोखिम को देखकर छिप जाता है,

किंतु अज्ञानी आगे ही बढ़ता जाता है, और यातना सहता है.

13 जो किसी अनजान के ऋण की ज़मानत देता है, वह अपने वस्त्र तक गंवा बैठता है;

जब कोई अनजान व्यक्तियों की ज़मानत लेने लगे, तब प्रतिभूति सुरक्षा में उसका वस्त्र भी रख ले.

14 यदि किसी व्यक्ति को प्रातःकाल में अपने पड़ोसी को उच्च स्वर में आशीर्वाद देता हुआ सुनो,

तो उसे शाप समझना.

15 विवादी पत्नी तथा वर्षा ऋतु में लगातार वृष्टि,

दोनों ही समान हैं,

16 उसे नियंत्रित करने का प्रयास पवन वेग को नियंत्रित करने का प्रयास जैसा,

अथवा अपने दायें हाथ से तेल को पकड़ने का प्रयास जैसा.

17 जिस प्रकार लोहे से ही लोहे पर धार बनाया जाता है,

वैसे ही एक व्यक्ति दूसरे के सुधार के लिए होते है.

18 अंजीर का फल वही खाता है, जो उस वृक्ष की देखभाल करता है,

वह, जो अपने स्वामी का ध्यान रखता है, सम्मानित किया जाएगा.

19 जिस प्रकार जल में मुखमंडल की छाया देख सकते हैं,

वैसे ही व्यक्ति का जीवन भी हृदय को प्रतिबिंबित करता है.

20 मृत्यु और विनाश अब तक संतुष्ट नहीं हुए हैं,

मनुष्य की आंखों की अभिलाषा भी कभी संतुष्ट नहीं होती.

21 चांदी की परख कुठाली से तथा स्वर्ण की भट्टी से होती है,

वैसे ही मनुष्य की परख उसकी प्रशंसा से की जाती है.

22 यदि तुम मूर्ख को ओखली में डालकर

मूसल से अनाज के समान भी कूटो,

तुम उससे उसकी मूर्खता को अलग न कर सकोगे.

23 अनिवार्य है कि तुम्हें अपने पशुओं की स्थिति का यथोचित ज्ञान हो,

अपने पशुओं का ध्यान रखो;

24 क्योंकि, न तो धन-संपत्ति चिरकालीन होती है,

और न यह कहा जा सकता है कि राजपाट आगामी सभी पीढ़ियों के लिए सुनिश्चित हो गया.

25 जब सूखी घास एकत्र की जा चुकी हो और नई घास अंकुरित हो रही हो,

जब पर्वतों से जड़ी-बूटी एकत्र की जाती है,

26 तब मेमनों से तुम्हारे वस्त्रों की आवश्यकता की पूर्ति होगी,

और तुम बकरियों के मूल्य से खेत मोल ले सकोगे,

27 बकरियों के दूध इतना भरपूर होगा कि वह तुम्हारे संपूर्ण परिवार के लिए पर्याप्‍त भोजन रहेगा;

तुम्हारी सेविकाओं की ज़रूरत भी पूर्ण होती रहेगी.