बुद्धि के विषय में एक पिता की शिक्षा (continued)
984 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 मेरे पुत्र, यदि तुम मेरे वचन स्वीकार करो
और मेरी आज्ञाओं को अपने हृदय में संचित कर रखो,
2 यदि अपने कानों को ज्ञान के प्रति चैतन्य
तथा अपने हृदय को समझदारी की ओर लगाए रखो;
3 वस्तुतः यदि तुम समझ को आह्वान करो
और समझ को उच्च स्वर में पुकारो,
4 यदि तुम इसकी खोज उसी रीति से करो
जैसी चांदी के लिए की जाती है और इसे एक गुप्त निधि मानते हुए खोजते रहो,
5 तब तुम्हें ज्ञात हो जाएगा कि याहवेह के प्रति श्रद्धा क्या होती है,
तब तुम्हें परमेश्वर का ज्ञान प्राप्त हो जाएगा.
6 क्योंकि ज्ञान को देनेवाला याहवेह ही हैं;
उन्हीं के मुख से ज्ञान और समझ की बातें बोली जाती हैं.
7 खरे के लिए वह यथार्थ ज्ञान आरक्षित रखते हैं,
उनके लिए वह ढाल प्रमाणित होते हैं, जिनका चालचलन निर्दोष है,
8 वह बिना पक्षपात न्याय प्रणाली की सुरक्षा बनाए रखते हैं
तथा उनकी दृष्टि उनके संतों के चालचलन पर लगी रहती है.
9 मेरे पुत्र, तब तुम्हें धर्मी, बिना पक्षपात न्याय,
हर एक सन्मार्ग और औचित्य की पहचान हो जाएगी.
10 क्योंकि तब ज्ञान तुम्हारे हृदय में आ बसेगा,
ज्ञान तुम्हारी आत्मा में आनंद का संचार करेगा.
11 निर्णय-ज्ञान तुम्हारी चौकसी करेगा,
समझदारी में तुम्हारी सुरक्षा होगी.
12 ये तुम्हें बुराई के मार्ग से और ऐसे व्यक्तियों से बचा लेंगे,
जिनकी बातें कुटिल है,
13 जो अंधकारपूर्ण जीवनशैली को अपनाने के लिए
खराई के चालचलन को छोड़ देते हैं,
14 जिन्हें कुकृत्यों
तथा बुराई की भ्रष्टता में आनंद आता है,
15 जिनके व्यवहार ही कुटिल हैं
जो बिगड़े मार्ग पर चालचलन करते हैं.
16 तब ज्ञान तुम्हें अनाचरणीय स्त्री से, उस अन्य पुरुषगामिनी से,
जिसकी बातें मीठी हैं, सुरक्षित रखेगी,
17 जिसने युवावस्था के साथी का परित्याग कर दिया है
जो परमेश्वर के समक्ष की गई वाचा को भूल जाती है.
18 उसका घर-परिवार मृत्यु के गर्त में समाता जा रहा है,
उसके पांव अधोलोक की राह पर हैं.
19 जो कोई उसके पास गया, वह लौटकर कभी न आ सकता,
और न उनमें से कोई पुनः जीवन मार्ग पा सकता है.
20 मेरे पुत्र, ज्ञान तुम्हें भलाई के मार्ग पर ले जाएगा
और तुम्हें धर्मियों के मार्ग पर स्थिर रखेगा.
21 धर्मियों को ही देश प्राप्त होगा,
और वे, जो धर्मी हैं, इसमें बने रहेंगे;
22 किंतु दुर्जनों को देश से निकाला जाएगा
तथा धोखेबाज को समूल नष्ट कर दिया जाएगा.
3:1 मेरे पुत्र, मेरी शिक्षा को न भूलना,
मेरे आदेशों को अपने हृदय में रखे रहना,
2 क्योंकि इनसे तेरी आयु वर्षों वर्ष बढ़ेगी
और ये तुझे शांति और समृद्धि दिलाएंगे.
3 प्रेम और ईमानदारी तुमसे कभी अलग न हो;
इन्हें अपने कण्ठ का हार बना लो,
इन्हें अपने हृदय-पटल पर लिख लो.
4 इसका परिणाम यह होगा कि तुम्हें परमेश्वर
तथा मनुष्यों की ओर से प्रतिष्ठा तथा अति सफलता प्राप्त होगी.
5 याहवेह पर अपने संपूर्ण हृदय से भरोसा करना,
स्वयं अपनी ही समझ का सहारा न लेना;
6 अपने समस्त कार्य में याहवेह को मान्यता देना,
वह तुम्हारे मार्गों में तुम्हें स्मरण करेंगे.
7 अपनी ही दृष्टि में स्वयं को बुद्धिमान न मानना;
याहवेह के प्रति भय मानना, और बुराई से अलग रहना.
8 इससे तुम्हारी देह पुष्ट
और तुम्हारी अस्थियां सशक्त बनी रहेंगी.
9 अपनी संपत्ति के द्वारा,
अपनी उपज के प्रथम उपज के द्वारा याहवेह का सम्मान करना;
10 तब तुम्हारे भंडार विपुलता से भर जाएंगे,
और तुम्हारे कुंडों में द्राक्षारस छलकता रहेगा.
11 मेरे पुत्र, याहवेह के अनुशासन का तिरस्कार न करना,
और न उनकी डांट पर बुरा मानना,
12 क्योंकि याहवेह उसे ही डांटते हैं, जिससे उन्हें प्रेम होता है,
उसी पुत्र के जैसे, जिससे पिता प्रेम करता है.
13 धन्य है वह, जिसने ज्ञान प्राप्त कर ली है,
और वह, जिसने समझ को अपना लिया है,
14 क्योंकि इससे प्राप्त बुद्धि, चांदी से प्राप्त बुद्धि से सर्वोत्तम होती है
और उससे प्राप्त लाभ विशुद्ध स्वर्ण से उत्तम.
15 ज्ञान रत्नों से कहीं अधिक मूल्यवान है;
आपकी लालसा की किसी भी वस्तु से उसकी तुलना नहीं की जा सकती.
16 अपने दायें हाथ में वह दीर्घायु थामे हुए है;
और बायें हाथ में समृद्धि और प्रतिष्ठा.
17 उसके मार्ग आनन्द-दायक मार्ग हैं,
और उसके सभी मार्गों में शांति है.
18 जो उसे अपना लेते हैं, उनके लिए वह जीवन वृक्ष प्रमाणित होता है;
जो उसे छोड़ते नहीं, वे धन्य होते हैं.
19 याहवेह द्वारा ज्ञान में पृथ्वी की नींव रखी गई,
बड़ी समझ के साथ उन्होंने आकाशमंडल की स्थापना की है;
20 उनके ज्ञान के द्वारा ही महासागर में गहरे सोते फूट पड़े,
और मेघों ने ओस वृष्टि प्रारंभ की.
21 मेरे पुत्र इन्हें कभी ओझल न होने देना,
विशुद्ध बुद्धि और निर्णय-बुद्धि;
22 ये तुम्हारे प्राणों के लिए संजीवनी सिद्ध होंगे
और तुम्हारे कण्ठ के लिए हार.
23 तब तुम सुरक्षा में अपने मार्ग में आगे बढ़ते जाओगे,
और तुम्हारे पांवों में कभी ठोकर न लगेगी.
24 जब तुम बिछौने पर जाओगे तो निर्भय रहोगे;
नींद तुम्हें आएगी और वह नींद सुखद नींद होगी.
25 मेरे पुत्र, अचानक आनेवाले आतंक अथवा दुर्जनों पर
टूट पड़ी विपत्ति को देख भयभीत न हो जाना,
26 क्योंकि तुम्हारी सुरक्षा याहवेह में होगी,
वही तुम्हारे पैर को फंदे में फंसने से बचा लेंगे.
27 यदि तुममें भला करने की शक्ति है और किसी को इसकी आवश्यकता है,
तो भला करने में आनाकानी न करना.
28 यदि तुम्हारे पास कुछ है, जिसकी तुम्हारे पड़ोसी को आवश्यकता है,
तो उससे यह न कहना, “अभी जाओ, फिर आना;
कल यह मैं तुम्हें दे दूंगा.”
29 अपने पड़ोसी के विरुद्ध बुरी युक्ति की योजना न बांधना,
तुम पर विश्वास करते हुए उसने तुम्हारे पड़ोस में रहना उपयुक्त समझा है.
30 यदि किसी ने तुम्हारा कोई नुकसान नहीं किया है,
तो उसके साथ अकारण झगड़ा प्रारंभ न करना.
31 न तो हिंसक व्यक्ति से ईर्ष्या करो
और न उसकी जीवनशैली को अपनाओ.
32 कुटिल व्यक्ति याहवेह के लिए घृणास्पद है
किंतु धर्मी उनके विश्वासपात्र हैं.
33 दुष्ट का परिवार याहवेह द्वारा शापित होता है,
किंतु धर्मी के घर पर उनकी कृपादृष्टि बनी रहती है.
34 वह स्वयं ठट्ठा करनेवालों का उपहास करते हैं
किंतु दीन जन उनके अनुग्रह के पात्र होते हैं.
35 ज्ञानमान लोग सम्मान पाएंगे,
किंतु मूर्ख लज्जित होते जाएंगे.