शलोमोन के नीतिवचन
984 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 शलोमोन के ज्ञान सूत्र निम्न लिखित हैं:
बुद्धिमान संतान पिता के आनंद का विषय होती है,
किंतु मूर्ख संतान माता के शोक का कारण.
2 बुराई द्वारा प्राप्त किया धन लाभ में वृद्धि नहीं करता,
धार्मिकता मृत्यु से सुरक्षित रखती है.
3 याहवेह धर्मी व्यक्ति को भूखा रहने के लिए छोड़ नहीं देते,
किंतु वह दुष्ट की लालसा पर अवश्य पानी फेर देते हैं.
4 निर्धनता का कारण होता है आलस्य,
किंतु परिश्रमी का प्रयास ही उसे समृद्ध बना देता है.
5 बुद्धिमान है वह पुत्र, जो ग्रीष्मकाल में ही आहार संचित कर रखता है,
किंतु वह जो फसल के दौरान सोता है वह एक अपमानजनक पुत्र है.
6 धर्मी आशीषें प्राप्त करते जाते हैं,
किंतु दुष्ट में हिंसा ही समाई रहती है.
7 धर्मी का जीवन ही आशीर्वाद-स्वरूप स्मरण किया जाता है,
किंतु दुष्ट का नाम ही मिट जाता है.
8 बुद्धिमान आदेशों को हृदय से स्वीकार करेगा,
किंतु बकवादी मूर्ख विनष्ट होता जाएगा.
9 जिस किसी का चालचलन सच्चाई का है, वह सुरक्षित है,
किंतु वह, जो कुटिल मार्ग अपनाता है, पकड़ा जाता है.
10 जो कोई आंख मारता है, वह समस्या उत्पन्न कर देता है,
किंतु बकवादी मूर्ख विनष्ट हो जाएगा.
11 धर्मी के मुख से निकले वचन जीवन का सोता हैं,
किंतु दुष्ट अपने मुख में हिंसा छिपाए रहता है.
12 घृणा कलह की जननी है,
किंतु प्रेम सभी अपराधों पर आवरण डाल देता है.
13 समझदार व्यक्ति के होंठों पर ज्ञान का वास होता है,
किंतु अज्ञानी के लिए दंड ही निर्धारित है.
14 बुद्धिमान ज्ञान का संचयन करते हैं,
किंतु मूर्ख की बातें विनाश आमंत्रित करती है.
15 धनी व्यक्ति के लिए उसका धन एक गढ़ के समान होता है,
किंतु निर्धन की गरीबी उसे ले डूबती है.
16 धर्मी का ज्ञान उसे जीवन प्रदान करता है,
किंतु दुष्ट की उपलब्धि होता है पाप.
17 जो कोई सावधानीपूर्वक शिक्षा का चालचलन करता है,
वह जीवन मार्ग पर चल रहा होता है, किंतु जो ताड़ना की अवमानना करता है, अन्यों को भटका देता है.
18 वह, जो घृणा को छिपाए रहता है,
झूठा होता है और वह व्यक्ति मूर्ख प्रमाणित होता है, जो निंदा करता फिरता है.
19 जहां अधिक बातें होती हैं, वहां अपराध दूर नहीं रहता,
किंतु जो अपने मुख पर नियंत्रण रखता है, वह बुद्धिमान है.
20 धर्मी की वाणी उत्कृष्ट चांदी तुल्य है;
दुष्ट के विचारों का कोई मूल्य नहीं होता.
21 धर्मी के उद्गार अनेकों को तृप्त कर देते हैं,
किंतु बोध के अभाव में ही मूर्ख मृत्यु का कारण हो जाते हैं.
22 याहवेह की कृपादृष्टि समृद्धि का मर्म है.
वह इस कृपादृष्टि में दुःख को नहीं मिलाता.
23 जैसे अनुचित कार्य करना मूर्ख के लिए हंसी का विषय है,
वैसे ही बुद्धिमान के समक्ष विद्वत्ता आनंद का विषय है.
24 जो आशंका दुष्ट के लिए भयास्पद होती है, वही उस पर घटित हो जाती है;
किंतु धर्मी की मनोकामना पूर्ण होकर रहती है.
25 बवंडर के निकल जाने पर दुष्ट शेष नहीं रह जाता,
किंतु धर्मी चिरस्थायी बना रहता है.
26 आलसी संदेशवाहक अपने प्रेषक पर वैसा ही प्रभाव छोड़ता है,
जैसा सिरका दांतों पर और धुआं नेत्रों पर.
27 याहवेह के प्रति श्रद्धा से आयु बढ़ती जाती है,
किंतु थोड़े होते हैं दुष्ट के आयु के वर्ष.
28 धर्मी की आशा में आनंद का उद्घाटन होता है,
किंतु दुर्जन की आशा निराशा में बदल जाती है.
29 निर्दोष के लिए याहवेह का विधान एक सुरक्षित आश्रय है,
किंतु बुराइयों के निमित्त सर्वनाश.
30 धर्मी सदैव अटल और स्थिर बने रहते हैं,
किंतु दुष्ट पृथ्वी पर निवास न कर सकेंगे.
31 धर्मी अपने बोलने में ज्ञान का संचार करते हैं,
किंतु कुटिल की जीभ काट दी जाएगी.
32 धर्मी में यह सहज बोध रहता है, कि उसका कौन सा उद्गार स्वीकार्य होगा,
किंतु दुष्ट के शब्द कुटिल विषय ही बोलते हैं.
11:1 अशुद्ध माप याहवेह के लिए घृणास्पद है,
किंतु शुद्ध तोल माप उनके लिए आनंद है.
2 जब कभी अभिमान सिर उठाता है, लज्जा उसके पीछे-पीछे चली आती है,
किंतु विनम्रता ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करती है.
3 ईमानदार की सत्यनिष्ठा उनका मार्गदर्शन करती है,
किंतु विश्वासघाती व्यक्ति की कुटिलता उसके विनाश का कारक होती है.
4 प्रकोप के दिन में धन-संपत्ति निरर्थक सिद्ध होती है,
मात्र धार्मिकता मृत्यु से सुरक्षा प्रदान करती है.
5 निर्दोष की धार्मिकता ही उसके मार्ग को सीधा बना देती है,
किंतु दुष्ट अपनी ही दुष्टता के कारण नाश में जा पड़ता है.
6 ईमानदार की धार्मिकता ही उसकी सुरक्षा है,
किंतु कृतघ्न व्यक्ति अपनी वासना के जाल में उलझ जाते हैं.
7 जब दुष्ट की मृत्यु होती है, उसकी आशा भी बुझ जाती है,
और बलवान की आशा शून्य रह जाती है.
8 धर्मी विपत्ति से बचता हुआ आगे बढ़ता जाता है,
किंतु दुष्ट उसी में फंस जाता है.
9 अभक्त लोग मात्र अपने शब्दों के द्वारा अपने पड़ोसी का नाश कर देता है,
किंतु धर्मी का छुटकारा ज्ञान में होता है.
10 धर्मी की सफलता में संपूर्ण नगर आनंदित होता है,
और जब दुर्जन नष्ट होते हैं, जयघोष गूंज उठते हैं.
11 ईमानदार के आशीर्वाद से नगर की प्रतिष्ठा बढ़ जाती है,
किंतु दुर्जन का वक्तव्य ही उसे ध्वस्त कर देता है.
12 निर्बुद्धि व्यक्ति ही अपने पड़ोसी को तुच्छ समझता है,
किंतु समझदार व्यक्ति चुपचाप बना रहता है.
13 निंदक के लिए गोपनीयता बनाए रखना संभव नहीं होता,
किंतु विश्वासपात्र रहस्य छुपाए रखता है.
14 मार्गदर्शन के अभाव में राष्ट्र का पतन हो जाता है,
किंतु अनेक सलाह देनेवाले मंत्रियों के होने पर राष्ट्र सुरक्षित हो जाता है.
15 यह सुनिश्चित ही है कि यदि किसी ने किसी अपरिचित की ज़मानत ले ली है, उसकी हानि अवश्य होगी,
किंतु वह, जो ऐसी शपथ करने की भूल नहीं करता, सुरक्षित रहता है.
16 कृपावान स्त्री का ज्ञान है सम्मान,
किंतु क्रूर व्यक्ति के हाथ मात्र धन ही लगता है.
17 कृपा करने के द्वारा मनुष्य अपना ही हित करता है,
किंतु क्रूर व्यक्ति स्वयं का नुकसान कर लेता है.
18 दुर्जन का वेतन वस्तुतः छल ही होता है,
किंतु जो धर्म का बीज रोपण करता है, उसे निश्चयतः सार्थक प्रतिफल प्राप्त होता है.
19 वह, जो धर्म में दृढ़ रहता है, जीवित रहता है,
किंतु जो बुराई का चालचलन करता है, वह जीवित न रहेगा.
20 याहवेह की दृष्टि में कुटिल हृदय घृणास्पद है,
किंतु उनके निमित्त निर्दोष व्यक्ति प्रसन्न है.
21 यह सुनिश्चित है कि दुष्ट दंडित अवश्य किया जाएगा,
किंतु धर्मी की सन्तति सुरक्षित रहेगी.
22 विवेकहीन सुंदर स्त्री वैसी ही होती है
जैसी सूअर के थूथन में सोने की नथ.
23 धर्मी की आकांक्षा का परिणाम उत्तम ही होता है,
किंतु दुष्ट की आशा कोप ले आती है.
24 कोई तो उदारतापूर्वक दान करते है, फिर भी अधिकाधिक धनाढ्य होता जाता है;
किंतु अन्य है जो उसे दबाकर रखता है, और फिर भी वह तंगी में ही रहता है.
25 जो कोई उदारता से देता है, वह सम्पन्न होता जाएगा;
और वह, जो अन्यों को सांत्वना देता है, वह सांत्वना पायेगा!
26 उसे, जो अनाज को दबाए रखता है, लोग शाप देते हैं,
किंतु उसे, जो अनाज जनता को बेचता जाता है, लोग आशीर्वाद देते हैं.
27 जो कोई भलाई की खोज करता है, वह प्रसन्नता प्राप्त करता है,
किंतु वह, जो बुराई को ढूंढता है, वह उसी को मिल जाती है.
28 धर्मी नई पत्तियों के समान पल्लवित होंगे,
किंतु उसका पतन निश्चित है, जिसने अपनी धन-संपत्ति पर आशा रखी है.
29 जो कोई अपने परिवार की विपत्ति का कारण होता है, वह केवल हवा का वारिस होगा,
मूर्ख को कुशाग्रबुद्धि के व्यक्ति के अधीन ही सेवा करनी पड़ती है.
30 धर्मी का प्रतिफल है जीवन वृक्ष और ज्ञानवान है वह,
जो आत्माओं का विजेता है.
31 यदि पार्थिव जीवन में ही धर्मी को उसके सत्कर्मों का प्रतिफल प्राप्त हो जाता है,
तो दुष्टों और पापियों को क्यों नहीं!