सीदकियाहू और झूठे भविष्यवक्ताओं के विरुद्ध भविष्यवाणियाँ (continued)
सीदकियाहू, झूठे भविष्यवक्ताओं, येरूशलेम और यहूदी राष्ट्रों के विरुद्ध विभिन्न भविष्यवाणियाँ।
594 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 फिर याहवेह का यह वचन मेरे पास आया: 2 “इस्राएल देश के बारे में इस कहावत का उल्लेख करने के द्वारा तुम लोग क्या कहना चाहते हो:
“ ‘खट्टे अंगूर तो खाए माता-पिताओं ने,
किंतु दांत खट्टे हुए बच्चों के’?
3 “मैं अपने जीवन की शपथ खाकर कहता हूं, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है, तुम इस्राएल देश में इस कहावत का उल्लेख फिर न करोगे. 4 हर एक जन मेरा है, माता-पिता के साथ साथ बच्चे भी—दोनों एक समान मेरे हैं. इसलिये जो व्यक्ति पाप करता है, वही मरेगा भी.
5 “मान लो एक धर्मी व्यक्ति है,
जो वही करता है जो उचित और सही है.
6 वह जो पहाड़ों के पूजा स्थलों पर नहीं खाता है
या इस्राएल के मूर्तियों की ओर नहीं देखता है.
वह अपने पड़ोसी की पत्नी को भ्रष्ट नहीं करता है,
या किसी स्त्री के साथ उसके मासिक के समय संभोग नहीं करता है.
7 वह किसी पर अत्याचार नहीं करता है,
पर गिरवी रखी गई वस्तु ऋणी को लौटा देता है.
वह डाका नहीं डालता है,
पर अपना भोजन भूखे को देता है,
और नंगे को कपड़ा देता है.
8 वह बिना किसी ब्याज के पैसा उधार देता है,
या उनसे लाभ नहीं उठाता है.
वह गलत कार्य करने से अपने हाथ को रोके रखता है
और दो पक्षों के बीच सही न्याय करता है.
9 वह मेरे नियम पर चलता है
और विश्वासयोग्यता के साथ मेरे कानूनों का पालन करता है.
तो वह व्यक्ति धर्मी है;
वह निश्चित रूप से जीवित रहेगा,
परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.
10 “मान लो उस व्यक्ति का एक हिंसक प्रवृत्ति का बेटा है, जो खून-ख़राबा करता है या इनमें से कोई भी काम करता है, 11 (यद्यपि उसके पिता ने इनमें से कोई भी काम नहीं किया है):
“वह पहाड़ के पूजा स्थलों पर खाता है.
वह अपने पड़ोसी की पत्नी को भ्रष्ट करता है.
12 वह गरीब और ज़रूरतमंद पर अत्याचार करता है.
वह डाका डालता है.
वह गिरवी रखी गई वस्तु को लौटाता नहीं है.
वह मूर्तियों की ओर देखता है.
वह घृणित कार्य करता है.
13 वह ब्याज पर पैसा उधार देता है और लाभ कमाता है.
क्या ऐसा व्यक्ति जीवित रहेगा? वह जीवित नहीं रहेगा! क्योंकि उसने ये सारे घृणित कार्य किए हैं, वह निश्चय मार डाला जाएगा; उसके खून का दोष स्वयं उसी के ऊपर होगा.
14 “पर मान लो, इस बेटे का एक बेटा है, जो अपने पिता द्वारा किए गए सब पापों को देखता है, और यद्यपि वह उन पापों को देखता है, पर वह ऐसा कोई पाप नहीं करता है:
15 “वह पहाड़ के पूजा स्थलों पर नहीं खाता है
या इस्राएल के मूर्तियों को नहीं देखता है.
वह अपने पड़ोसी की पत्नी को भ्रष्ट नहीं करता है.
16 वह किसी पर अत्याचार नहीं करता है,
वह कर्जा देने के लिये किसी चीज़ को गिरवी नहीं रखता.
वह डाका नहीं डालता है,
पर अपना भोजन भूखे को देता है
और नंगे को कपड़ा देता है.
17 वह गरीबों को सताने से अपने हाथ रोके रखता है
और उनसे कोई ब्याज या फायदा नहीं उठाता है.
वह मेरे कानूनों का पालन करता और मेरे नियमों पर चलता है.
वह अपने पिता के पाप के कारण नहीं मरेगा; वह निश्चय ही जीवित रहेगा. 18 पर उसका पिता उसके स्वयं के पाप के कारण मरेगा, क्योंकि उसने अवैध वसूली की, अपने भाई को लूटा और वह काम किया जो उसके लोगों के बीच गलत है.
19 “तौभी तुम पूछते हो, ‘पुत्र अपने पिता के दोष का भागीदार क्यों नहीं होता?’ जब बेटे ने वह काम किया जो उचित और सही है और ध्यानपूर्वक मेरे नियमों को माना है, तो वह निश्चय ही जीवित रहेगा. 20 जो पाप करेगा, मरेगा भी वहीं. कोई बच्चा अपने माता-पिता के दोष का भागीदार नहीं होगा, और न ही माता-पिता अपने बच्चों के दोष के भागीदार होंगे. धर्मी के धर्मीपन का फल उस धर्मी को ही मिलेगा, और दुष्ट की दुष्टता का फल उस दुष्ट को दिया जाएगा.
21 “पर यदि कोई दुष्ट व्यक्ति अपने सब पापों को छोड़ देता है और मेरे नियमों का पालन करता है, और वह काम करता है जो उचित और सही है, तो वह व्यक्ति निश्चय जीवित रहेगा; वह न मरेगा. 22 उसने जो भी पाप किए हैं, वे फिर याद किए नहीं जाएंगे. वह अपने किए गये धर्म के कामों के कारण जीवित रहेगा. 23 क्या मैं किसी दुष्ट की मृत्यु से खुश होता हूं? परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. बल्कि क्या मैं खुश नहीं होता, जब वह अपने बुरे कामों को छोड़कर जीवित रहता है?
24 “पर यदि कोई धर्मी व्यक्ति अपने धर्मीपन को छोड़कर पाप करता है और वही घृणित काम करने लगता है जो दुष्ट व्यक्ति करते हैं, तो क्या वह जीवित रहेगा? उसके द्वारा किए गये कोई भी धर्मी काम याद नहीं किए जाएंगे. अपने किए गये विश्वासघात के कारण वह दोषी है और अपने किए गये पापों के कारण वह मरेगा.
25 “फिर भी तुम कहते हो, ‘प्रभु की नीति उचित नहीं है.’ हे इस्राएलियो, सुनो: क्या मेरी नीति अनुचित है? क्या ये तुम्हारी ही नीतियां नहीं हैं जो अनुचित हैं? 26 यदि कोई धर्मी व्यक्ति अपने धर्मीपन को छोड़कर दुष्ट काम करता है, तब वह अपने दुष्ट काम के कारण मरेगा; अपने किए गये पापों के कारण वह मरेगा. 27 पर यदि कोई दुष्ट व्यक्ति अपने बुरे कामों को छोड़ देता है और वह काम करता है जो उचित और सही है, तो वह अपना प्राण बचाएगा. 28 क्योंकि उसने अपने किए गये सब पापों पर सोच-विचार किया और उन्हें छोड़ दिया, इसलिये वह व्यक्ति निश्चय ही जीवित रहेगा; वह नहीं मरेगा. 29 तौभी इस्राएली कहते हैं, ‘प्रभु की नीति उचित नहीं है.’ हे इस्राएल के लोगो, क्या मेरी नीतियां अनुचित हैं? क्या ये तुम्हारी ही नीतियां नहीं हैं जो अनुचित हैं?
30 “इसलिये, हे इस्राएलियो, मैं तुममें से हर एक का न्याय उसी के आचरण के अनुसार करूंगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. पश्चात्ताप करो! अपने सब पापों को छोड़ दो; तब पाप तुम्हारे लिए पतन का कारण नहीं बनेगा. 31 अपने द्वारा किए गए सब अपराधों से दूर हो जाओ और एक नया हृदय और एक नई आत्मा ले लो. हे इस्राएल के लोगों, तुम्हारी मृत्यु क्यों हो? 32 क्योंकि मुझे किसी के भी मृत्यु से खुशी नहीं होती, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. इसलिये पश्चात्ताप करो और जीवित रहो!
19:1 “इस्राएल के राजकुमारों के संबंध में एक विलापगीत लो 2 और कहो:
“ ‘सिंहों के मध्य
क्या ही एक सिंहनी थी तुम्हारी माता!
वह उनके बीच रहती थी
और अपने बच्चों (शावकों) का पालन पोषण करती थी.
3 उसने अपने बच्चों में से एक को पालकर बड़ा किया,
और वह एक बलवान सिंह हो गया.
वह शिकार को फाड़ डालना सीख गया
और वह एक नर-भक्षी बन गया.
4 जाति-जाति के लोगों ने उसके बारे में सुना,
और वह उनके द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरकर फंस गया.
वे उस पर नकेल डालकर
मिस्र देश ले गये.
5 “ ‘जब सिंहनी ने देखा कि उसकी आशा पूरी नहीं हुई,
और उसकी उम्मीद जाती रही,
तो उसने अपने एक और बच्चे को लिया
और उसे एक बलवान सिंह बनाया.
6 वह अन्य सिंहों के बीच चलने फिरने लगा,
क्योंकि अब वह एक बलवान सिंह बन चुका था.
वह शिकार को फाड़ डालना सीख गया
और वह एक नर-भक्षी बन गया.
7 उसने उनके एक दृढ़ गढ़ को तोड़ डाला
और उनके नगरों को उजाड़ दिया.
पूरा देश और उसमें रहनेवाले सबके सब
उसके गर्जन से भयभीत होते थे.
8 तब उसके चारों तरफ के
जाति-जाति के लोग उसके विरुद्ध हो गए.
उन्होंने उसके लिये जाल बिछाया,
और वह उनके द्वारा खोदे गए गड्ढे में फंस गया.
9 उन्होंने नकेल डालकर उसे ऊपर खींचा और उसे एक पिंजरे में डाल दिया
और उसे बाबेल के राजा के पास ले आए.
उन्होंने उसे बंदी बनाकर रखा,
जिससे उसका गर्जन इस्राएल देश के पर्वतों पर
फिर कभी सुनाई नहीं दिया.
10 “ ‘तुम्हारी माता पानी के किनारे लगाये गए अंगूर की बारी में
अंगूर की एक लता की तरह थी;
पानी की अधिकता के कारण
उसमें फल लगते थे और वह शाखाओं से भरी हुई थी.
11 उसकी शाखाएं मजबूत थी,
और एक शासन करनेवाले के राजदंड के लिये उपयुक्त थी.
घने पत्तियों के ऊपर
यह बहुत ऊंची थी,
अपनी ऊंचाई और बहुत सी शाखाओं के कारण
यह महत्वपूर्ण थी.
12 परंतु उसे क्रोध में उखाड़ दिया गया
और भूमि पर फेंक दिया गया.
पूर्वी हवा ने उसे सूखा दिया,
उसके फल गिर गये;
उसकी मजबूत शाखाएं सूख गईं
और आग ने उन्हें जलाकर नष्ट कर दिया.
13 अब उसे निर्जन प्रदेश में लगाया गया है,
एक सूखी और प्यासी भूमि पर.
14 उसकी एक मुख्य शाखा से आग फैली
और उसके फलों को जलाकर नष्ट कर दिया.
उसमें और कोई मजबूत शाखा नहीं बची
जो शासन करनेवाले के राजदंड के लिये उपयुक्त हो.’
यह एक विलापगीत है और इसे एक विलापगीत के रूप में उपयोग करना है.”