शमरिया के अनेक गाँवों में पेतरॉस और योहन का प्रचार

34 ईस्वी

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

प्रेरितों 8:25

25 पेतरॉस तथा योहन परमेश्वर के वचन की शिक्षा और गवाही देते हुए येरूशलेम लौट गए. वे शमरिया क्षेत्र के अनेक गांवों में ईश्वरीय सुसमाचार सुनाते गए.

फ़िलिप्पॉस द्वारा रानी कन्दाके के कोषाध्यक्ष को बपतिस्मा देना

रानी कन्दाके के कोषाध्यक्ष, जो यहूदी धर्म को पूर्ण रूप से अपनाने वाले धर्मांतरित हैं, फ़िलिप्पॉस द्वारा विश्वास में लाए जाते हैं और बपतिस्मा पाते हैं। फ़िलिप्पॉस अब यहूदिया के नगरों में प्रचार करते हैं।

प्रेरितों 8:26–40

26 प्रभु के एक दूत ने फ़िलिप्पॉस से कहा, “उठो, दक्षिण दिशा की ओर उस मार्ग पर जाओ, जो येरूशलेम से अज्जाह नगर को जाता है.” यह बंजर भूमि का मार्ग है. 27 फ़िलिप्पॉस इस आज्ञा के अनुसार चल पड़े. मार्ग में उनकी भेंट एक खोजे से हुई, जो इथियोपिया की रानी कन्दाके की राज्यसभा में मंत्री था. वह आराधना के लिए येरूशलेम आया हुआ था. 28 वह स्वदेश लौटते समय अपने रथ में बैठे हुए भविष्यवक्ता यशायाह का लेख पढ़ रहा था. 29 पवित्र आत्मा ने फ़िलिप्पॉस को आज्ञा दी, “आगे बढ़ो और रथ के साथ साथ चलते जाओ.”

30 फ़िलिप्पॉस दौड़कर रथ के पास पहुंचे. उन्होंने उस व्यक्ति को भविष्यवक्ता यशायाह के ग्रंथ से पढ़ते हुए सुना तो उससे प्रश्न किया, “आप जो पढ़ रहे हैं, क्या उसे समझ रहे हैं?”

31 “भला मैं इसे कैसे समझ सकता हूं जब तक कोई मुझे ये सब न समझाए?” मंत्री ने उत्तर दिया. इसलिये उसने फ़िलिप्पॉस से रथ में बैठने की विनती की.

32 खोजे जो भाग पढ़ रहा था, वह यह था:

“वध के लिए ले जाए जा रहे मेमने के समान उसको ले जाया गया,

तथा जैसे ऊन कतरनेवाले के सामने मेमना शांत रहता है,

वैसे ही उसने भी अपना मुख न खोला.

33 अपने अपमान में वह न्याय से वंचित रह गए.

कौन उनके वंशजों का वर्णन करेगा?

क्योंकि पृथ्वी पर से उनका जीवन समाप्‍त कर दिया गया.”

34 खोजे ने फ़िलिप्पॉस से विनती की, “कृपया मुझे बताएं, भविष्यवक्ता यह किसका वर्णन कर रहे हैं—अपना, या किसी और का?” 35 तब फ़िलिप्पॉस ने पवित्र शास्त्र के उसी भाग से प्रारंभ कर मसीह येशु के विषय में ईश्वरीय सुसमाचार स्पष्ट किया.

36 जब वे मार्ग में ही थे, एक जलाशय को देख खोजे ने फ़िलिप्पॉस से पूछा, “यह देखिए, जल! मेरे बपतिस्मा लेने में क्या कोई बाधा है?”

[ 37 फ़िलिप्पॉस ने उत्तर दिया, “यदि आप सारे हृदय से विश्वास करते हैं तो आप बपतिस्मा ले सकते हैं.”

खोजे ने कहा, “मैं विश्वास करता हूं कि मसीह येशु ही परमेश्वर के पुत्र हैं.”] 38 तब फ़िलिप्पॉस ने रथ रोकने की आज्ञा दी और स्वयं फ़िलिप्पॉस व खोजे दोनों जल में उतर गए और फ़िलिप्पॉस ने उसे बपतिस्मा दिया. 39 जब वे दोनों जल से बाहर आए, सहसा फ़िलिप्पॉस प्रभु के आत्मा के द्वारा वहां से उठा लिए गए. वह खोजे को दोबारा दिखाई न दिए. आनंद से भरकर खोजा स्वदेश लौट गया, 40 जबकि फ़िलिप्पॉस अज़ोतॉस नगर में देखे गए. कयसरिया नगर पहुंचते हुए वह मार्ग पर सभी नगरों में ईश्वरीय सुसमाचार का प्रचार करते गए.

बिखरे हुए मतांतरितों का यहूदियों को प्रचार करना

येरूशलेम में उत्पीड़न के कारण वहाँ से भागे हुए अनेक मतांतरित प्रांतों में यहूदियों को सुसमाचार का प्रचार करते हैं।

प्रेरितों 8:4

4 वे, जो यहां वहां बिखर गए थे, शुभ संदेश सुनाने लगे.

दमिश्क के मार्ग पर शाऊल का मतांतरण 35 ईस्वी

दमिश्क जाते समय बात कोल सुनने और शेकीनाह देखने पर शाऊल उसी विश्वास को अपना लेते हैं जिसका वे विरोध कर रहे थे।

प्रेरितों 9:1–9

1 इस समय शाऊल पर प्रभु के शिष्यों को धमकाने तथा उनकी हत्या करने की धुन छाई हुई थी. वह महापुरोहित के पास गया 2 और उनसे दमिश्क नगर के यहूदी सभागृहों के लिए इस उद्देश्य के अधिकार पत्रों की विनती की कि यदि उसे इस मत के शिष्य—स्त्री या पुरुष—मिलें तो उन्हें बंदी बनाकर येरूशलेम ले आए. 3 जब वह दमिश्क नगर के पास पहुंचा, एकाएक उसके चारों ओर स्वर्ग से एक बिजली कौंध गई, 4 वह भूमि पर गिर पड़ा और उसने स्वयं को संबोधित करता हुआ एक शब्द सुना: “शाऊल! शाऊल! तुम मुझे क्यों सता रहे हो?”

5 इसके उत्तर में उसने कहा, “प्रभु! आप कौन हैं?”

प्रभु ने उत्तर दिया, “मैं येशु हूं, जिसे तुम सता रहे हो 6 किंतु अब उठो, नगर में जाओ और तुम्हें क्या करना है, तुम्हें बता दिया जाएगा.”

7 शाऊल के सहयात्री अवाक खड़े थे. उन्हें शब्द तो अवश्य सुनाई दे रहा था किंतु कोई दिखाई नहीं दे रहा था. 8 तब शाऊल भूमि पर से उठा. यद्यपि उसकी आंखें तो खुली थी, वह कुछ भी देख नहीं पा रहा था. इसलिये उसका हाथ पकड़कर वे उसे दमिश्क नगर में ले गए. 9 तीन दिन तक वह अंधा रहा. उसने न कुछ खाया और न कुछ पिया.