पौलॉस का कोरिन्थवासियों को पत्र लिखना
पौलॉस कोरिन्थवासियों को अपना पहला पत्र लिखते हैं ताकि प्रेरित के रूप में अपना अधिकार स्थापित करें, कलीसिया के अनुचित आचरण और अव्यवस्था पर फटकार लगाएँ, और सिद्धांत तथा अनुशासन के विभिन्न विषयों पर नवविश्वासियों के प्रश्नों के उत्तर दें।
57 ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
पौलॉस का कोरिन्थवासियों को अभिवादन
पौलॉस की भूमिका, जिसमें वह अपने प्रेरित होने और मसीह येशु पर विश्वास करनेवालों की एकता की पुष्टि करते हैं।
1 परमेश्वर की इच्छा के अनुसार मसीह येशु के लिए बुलाए गए प्रेरित पौलॉस तथा हमारे भाई सोस्थेनेस की ओर से.
2 कोरिन्थॉस नगर में स्थापित परमेश्वर की कलीसिया को वे, जो मसीह येशु में पवित्र किए गए हैं तथा जिनका उन सबके समान, जो हर जगह हमारे तथा उनके प्रभु येशु मसीह की स्तुति करते हैं, पवित्र लोगों के रूप में बुलाये गये हैं:
3 तुम सबको हमारे पिता परमेश्वर तथा प्रभु येशु मसीह की ओर से अनुग्रह तथा शांति.
उनके विश्वास ग्रहण करने और वरदानों पर पौलॉस का आनंदित होना
पौलॉस उनके विश्वास ग्रहण करने और उन आत्मिक वरदानों पर आनंदित होते हैं जो उन्हें मसीह की सच्चाई की गवाही के रूप में मिले थे।
4 मसीह येशु में तुम्हें दिए गए परमेश्वर के अनुग्रह के लिए मैं तुम्हारे लिए परमेश्वर के प्रति निरंतर धन्यवाद करता हूं. 5 क्योंकि तुम मसीह येशु में सब प्रकार से सम्पन्न किए गए हो, सारे ज्ञान और उसकी हर बात में; 6 ठीक जिस प्रकार तुममें मसीह येशु के संदेश की पुष्टि भी हुई है. 7 परिणामस्वरूप इस समय, जब तुम हमारे प्रभु येशु मसीह के प्रकट होने की उत्सुकतापूर्वक प्रतीक्षा कर रहे हो, तुममें पवित्र आत्मा के द्वारा किसी भी आत्मिक क्षमता का अभाव नहीं है. 8 वही मसीह येशु तुम्हें अंत तक दृढ़ बनाए रखेंगे कि तुम हमारे प्रभु येशु मसीह के दिन निर्दोष पाए जाओ. 9 परमेश्वर विश्वासयोग्य हैं, जिनके द्वारा तुम्हारा बुलावा उनके पुत्र, मसीह येशु हमारे प्रभु की संगति में किया गया है.
पौलॉस का गुटबंदी नहीं, एकता का आग्रह
पौलॉस उनसे आग्रह करते हैं कि वे उन अगुवों के पीछे चलने के बजाय, जिनके नामों पर वे गुटों में शामिल हो गए थे, येशु मसीह के नाम में एकजुट रहें, जिनमें कोई विभाजन नहीं था।
10 प्रिय भाई बहिनो, अपने प्रभु येशु मसीह के नाम में मेरी तुमसे विनती है, कि तुममें आपसी मेल हो, फूट कहीं भी न हो, तुम मन तथा मत में एक हो. 11 क्योंकि तुम्हारे विषय में, प्रिय भाई बहिनो, क्लोए परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा मुझे यह संकेत दिया गया है कि तुम्हारे मध्य झगड़ा चल रहा है. 12 मेरे कहने का मतलब यह है कि तुममें हर एक का मत अलग है: कोई कहता है, “मैं पौलॉस का शिष्य हूं,” कोई, “मैं अपोल्लॉस का,” तो कोई, “मैं कैफ़स का,” या “मैं मसीह का शिष्य हूं.”
13 क्या मसीह का बंटवारा कर दिया गया है? क्या तुम्हारे लिए पौलॉस को क्रूसित किया गया था? या तुम्हारा बपतिस्मा पौलॉस के नाम में किया गया था? 14 मैं परमेश्वर का आभारी हूं कि क्रिस्पॉस तथा गायॉस के अतिरिक्त तुममें से किसी को भी मैंने बपतिस्मा नहीं दिया, 15 कि कोई भी यह न कह पाए कि तुम्हें मेरे नाम में बपतिस्मा दिया गया. 16 (हां, मैंने स्तेफ़ानॉस के परिवार को भी बपतिस्मा दिया है किंतु इसके अलावा मैंने किसी अन्य को बपतिस्मा दिया हो, इसका मुझे ध्यान नहीं.) 17 मसीह येशु ने मुझे बपतिस्मा देने के लिए नहीं परंतु ईश्वरीय सुसमाचार प्रचार के लिए चुना है—वह भी शब्दों के ज्ञान के अनुसार नहीं, ऐसा न हो कि मसीह का क्रूस उसकी सामर्थ्य से व्यर्थ हो जाए.
क्रूस मानवीय बुद्धि से बढ़कर है
पौलॉस दृढ़तापूर्वक कहते हैं कि उन्हें सुसमाचार का प्रचार करने के लिए भेजा गया था, विद्वत्तापूर्ण और कुशल वाक्पटुता दिखाने के लिए नहीं, ताकि परमेश्वर के सामर्थ्य की अनदेखी न हो। वे घोषणा करते हैं कि सुसमाचार के सत्य मानवीय बुद्धि या विद्या से खोजे नहीं जा सकते। यद्यपि क्रूस का प्रचार अविश्वासियों को मूर्खता लगता है, फिर भी वह मनुष्यों की बुद्धि से बढ़कर है और विश्वास में आए यहूदियों तथा यूनानियों, दोनों के उद्धार के लिए परमेश्वर का सामर्थ्य है। परमेश्वर ने मनुष्यों में सबसे तुच्छ समझे जानेवालों को चुना है, ताकि वे विद्वान दार्शनिक और यहूदियों के महान पुरुष लज्जित हों, जो सुसमाचार की बुद्धि के विरुद्ध खड़े होते हैं। तुलना करके वे दिखाते हैं कि मनुष्य की सारी उपलब्धियाँ कितनी हीन हैं, ताकि कोई भी प्रभु के सिवाय किसी और पर घमंड न करे।
18 क्रूस का संदेश उनके लिए, जो नाश होने पर हैं, मूर्खता है किंतु हमारे लिए, जो उद्धार के मार्ग पर हैं, परमेश्वर का सामर्थ्य है. 19 जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है:
“मैं ज्ञानियों का ज्ञान नाश कर दूंगा;
तथा समझदारों की समझ को शून्य.”
20 कहां है ज्ञानी? कहां है शास्त्री? और कहां है इस युग का विवादी? क्या परमेश्वर के सामने संसार का सारा ज्ञान मूर्खता नहीं है? 21 अपने ज्ञान के अनुसार परमेश्वर ने यह असंभव बना दिया कि मानव अपने ज्ञान के द्वारा उन्हें जान सके, इसलिये परमेश्वर को यह अच्छा लगा कि मनुष्यों के अनुसार मूर्खता के इस संदेश के प्रचार का उपयोग उन सबके उद्धार के लिए करें, जो विश्वास करते हैं. 22 यहूदी चमत्कार चिह्नों की मांग करते हैं और यूनानी ज्ञान के खोजी हैं, 23 किंतु हम प्रचार करते हैं क्रूसित मसीह का, जो यहूदियों के लिए ठोकर का कारण हैं तथा गैर-यहूदियों के लिए मूर्खता, 24 किंतु बुलाए हुओं, यहूदी या यूनानी दोनों ही के लिए यही मसीह परमेश्वर का सामर्थ्य तथा परमेश्वर का ज्ञान हैं. 25 क्योंकि परमेश्वर की मूर्खता मनुष्यों की बुद्धि से कहीं अधिक बुद्धिमान, तथा परमेश्वर की दुर्बलता मनुष्यों के बल से कहीं अधिक बलवान है.
26 प्रिय भाई बहिनो, याद करो कि जब तुम्हें बुलाया गया, उस समय अनेकों में न तो शरीर के अनुसार ज्ञान था, न ही बल और न ही कुलीनता. 27 ज्ञानवानों को लज्जित करने के लिए परमेश्वर ने उनको चुना, जो संसार की दृष्टि में मूर्ख है तथा शक्तिशालियों को लज्जित करने के लिए उसको, जो संसार की दृष्टि में दुर्बल है. 28 परमेश्वर ने उनको चुना, जो संसार की दृष्टि में नीचा है, तुच्छ है और जो है ही नहीं कि उसे व्यर्थ कर दें, जो महत्वपूर्ण समझी जाती है, 29 कि कोई भी मनुष्य परमेश्वर के सामने घमंड न करे. 30 परमेश्वर के द्वारा किए गए काम के फलस्वरूप तुम मसीह येशु में हो, जो परमेश्वर की ओर से हमारा ज्ञान, धार्मिकता, पवित्रता तथा छुड़ौती बन गए. 31 पवित्र शास्त्र का लेख है: “जो गर्व करता है, वह परमेश्वर में गर्व करे.”
पौलॉस ने मानवीय वाक्पटुता के बिना प्रचार किया
पौलॉस बताते हैं कि जब उन्होंने उन्हें सुसमाचार सुनाया, तो उनके झूठे शिक्षकों के विपरीत, उन्होंने उसे मानवीय विद्या या वाक्पटुता से नहीं सजाया। उनके तर्क दैवीय प्रकाशन की गवाही पर आधारित थे, जिसकी पुष्टि चमत्कारों की सामर्थ्य से हुई थी। इसलिए उनका विश्वास मनुष्यों के ज्ञान या दर्शन पर नहीं टिका होना चाहिए।
1 प्रिय भाई बहिनो, मैं तुम्हारे यहां न तो बातों की चतुराई का उपयोग करने आया और न ही उत्तम ज्ञान का प्रदर्शन करने, परंतु मैं तुम्हारे यहां परमेश्वर के भेद का प्रकाशन करने आया था. 2 क्योंकि तुम्हारे बीच मैं इस निश्चय के साथ आया था कि मैं मसीह येशु और उनकी क्रूस की मृत्यु के अलावा किसी भी अन्य विषय को न जानूं. 3 जब मैं तुम्हारे बीच था, मैं निर्बल था—भयभीत और थरथराता हुआ. 4 मेरा वचन तथा मेरा प्रचार मनुष्य के ज्ञान भरे शब्दों की लुभावनी शैली में नहीं परंतु पवित्र आत्मा तथा सामर्थ्य के प्रमाण में था, 5 कि तुम्हारे विश्वास का आधार परमेश्वर का सामर्थ्य हो, न कि मनुष्य का ज्ञान.
आत्मा द्वारा प्रकट परमेश्वर की गुप्त बुद्धि
इसके बाद पौलॉस दिखाते हैं कि यद्यपि वे सांसारिक बुद्धि का उपयोग नहीं करते, फिर भी कोरिन्थवासियों के पास अपने झूठे शिक्षकों पर घमंड करने का कोई कारण नहीं है। क्योंकि वे परमेश्वर के उस गुप्त रहस्य की बात करते हैं जो आत्मा द्वारा उन पर प्रकट किया गया है, जिस तक कोई मानवीय प्रयास या अध्ययन नहीं पहुँच सकता था। पवित्र आत्मा के प्रचार द्वारा वे उन्हें परमेश्वर की गूढ़ बातें बताते हैं, जो केवल परमेश्वर के आत्मा द्वारा ही प्रकट की जा सकती हैं। स्वाभाविक, अनात्मिक मनुष्य तो उन्हें ग्रहण भी नहीं कर सकता, क्योंकि उसके पास अपनी मानवीय क्षमताओं के सिवा कोई अन्य सहायता नहीं है।
6 फिर भी मैं उन्हें, जो मजबूत हैं, ज्ञान भरा संदेश देता हूं परंतु यह ज्ञान न इस युग का है और न इस युग के शासकों का, जिनका नाश होना तय है. 7 हम परमेश्वर के ज्ञान का—उस रहस्यमय भेद का—जो गुप्त रखा गया है, प्रकट करते हैं, जिसे परमेश्वर ने युगों से पहले हमारी महिमा के लिए तय किया था. 8 इस ज्ञान को इस युग के किसी भी राजा ने न पहचाना. यदि वे इसे पहचान लेते, वे ज्योतिर्मय प्रभु को क्रूसित न करते. 9 किंतु, ठीक जैसा पवित्र शास्त्र का लेख है:
“जो कभी आंखों से दिखाई नहीं दिया,
जो कभी कानों से सुना नहीं गया,
और जो मनुष्य के हृदय में नहीं उतरा”
वह सब परमेश्वर ने उनके लिए जो उनसे प्रेम करते हैं, तैयार किया है.
10 यह सब परमेश्वर ने हम पर आत्मा के माध्यम से प्रकट किया.
आत्मा सब की, यहां तक कि परमेश्वर की गूढ़ बातों की भी खोज करते हैं. 11 मनुष्यों में मनुष्य की अंतरात्मा के अतिरिक्त अन्य कोई भी उनके मन की बातों को नहीं जानता. 12 हमें संसार की आत्मा नहीं परंतु वह आत्मा प्राप्त हुई है, जो परमेश्वर की ओर से हैं कि हम वह सब जान सकें, जो परमेश्वर ने हमें उदारतापूर्वक प्रदान किया है. 13 हम उनके लिए, जो आत्मिक हैं, आत्मिक बातों का वर्णन मनुष्य के ज्ञान के शब्दों के द्वारा नहीं परंतु आत्मिक शब्दों में करते हैं. 14 बिना आत्मा का व्यक्ति परमेश्वर के आत्मा के विषय की बातों को स्वीकार नहीं करता क्योंकि इन्हें वह मूर्खता मानता है, ये सब उसकी समझ से परे हैं क्योंकि इनकी विवेचना पवित्र आत्मा द्वारा की जाती है. 15 किंतु वह, जो आत्मिक है, प्रत्येक बात की जांच करता है किंतु स्वयं उसकी जांच कोई नहीं करता, 16 क्योंकि,
“कौन है वह, जिसने प्रभु के मन को जान लिया है
कि वह उन्हें निर्देश दे सके?”
किंतु हम वे हैं, जिनमें मसीह का मन मौजूद है.