पौलॉस प्रेरित के रूप में अपने अधिकारों का पक्ष रखते हैं
यहाँ पौलॉस उनके मूर्तिपूजा छोड़कर विश्वास में आने और उन आत्मिक वरदानों का हवाला देकर अपने प्रेरित होने का पक्ष रखते हैं जो उन्होंने उन्हें दिए थे। वे अपने शत्रुओं द्वारा प्रेरित के रूप में उनके चरित्र पर उठाई गई आपत्तियों का उत्तर देते हैं; उन शत्रुओं के विचार और आचरण उनके अपने विचारों और आचरण के ठीक विपरीत थे। वे कहते हैं कि यद्यपि उन्होंने कोरिन्थवासियों से भरण-पोषण लेना अस्वीकार किया, फिर भी अन्य प्रेरितों की तरह उन्हें अपने लिए और अपनी बहन या पत्नी के लिए इसे माँगने का पूरा अधिकार था। वे मानवजाति की सामान्य प्रथा, मोशेह की व्यवस्था और मसीह की स्पष्ट आज्ञा के आधार पर भरण-पोषण पाने के अपने अधिकार का पक्ष रखते हैं।
57 ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 क्या मैं स्वतंत्र नहीं? क्या मैं प्रेरित नहीं? क्या मैंने हमारे प्रभु येशु मसीह को साक्षात नहीं देखा? क्या तुम प्रभु में मेरे परिश्रम का फल नहीं? 2 भले ही मैं अन्यों के लिए प्रेरित नहीं किंतु तुम्हारे लिए तो हूं क्योंकि तुम प्रभु में मेरी प्रेरिताई की मोहर हो.
3 जो मुझ पर दोष लगाते हैं, उनसे अपने पक्ष में मेरा यह कहना है: 4 क्या हमें तुम्हारे भोजन में भाग लेने का अधिकार नहीं? 5 क्या अन्य प्रेरितों, प्रभु के भाइयों तथा कैफ़स के समान ही हमें भी अपने साथ अपनी विश्वासी पत्नी को ले जाने का अधिकार नहीं? 6 क्या बारनबास और मैं ही ऐसे हैं, जो खुद अपनी कमाई करने के लिए मजबूर हैं?
7 कौन सैनिक ऐसा है, जो सेना में सेवा करते हुए अपना खर्च स्वयं उठाता है? कौन है, जो दाख की बारी को लगाता तो है और स्वयं उसका फल नहीं खाता? या कौन ऐसा पशु पालक है, जो अपने पशुओं के दूध का उपयोग न करता हो? 8 क्या मैं यह सिर्फ मनुष्य की रीति से कह रहा हूं? क्या व्यवस्था भी यही नहीं कहती? 9 जैसा कि मोशेह की व्यवस्था में लिखा है: दांवनी करते बैल के मुख को मुखबन्धनी न बांधना. क्या परमेश्वर को मात्र बैलों का ही ध्यान है? 10 क्या वह यह हमारे लिए भी नहीं कह रहे थे? निःसंदेह यह हमारे हित में ही लिखा गया है: उचित है कि किसान आशा में खेत जोते तथा जो भूसे से अनाज अलग करनेवाला उपज का भाग पाने की आशा करे. 11 यदि हमने तुममें आत्मिक बीज बोए हैं तो क्या तुमसे भौतिक उपज की आशा करना ज्यादा उम्मीद करना है? 12 यदि तुम पर दूसरों का अधिकार है तो क्या तुम पर हमारा अधिकार उन सबसे बढ़कर नहीं?
फिर भी हमने इस अधिकार का उपयोग नहीं किया. इसके विपरीत हम सब कुछ धीरज के साथ सहते रहे कि मसीह के ईश्वरीय सुसमाचार के प्रचार में कोई बाधा न आए.
13 क्या तुम्हें मालूम नहीं कि मंदिर में काम करनेवालों का भरण-पोषण मंदिर से ही होता है और जो बलि वेदी पर चढ़ाई जाती है, वे उसी बलि में से अपना भाग प्राप्त करते हैं? 14 इसी प्रकार प्रभु की आज्ञा है कि वे, जो ईश्वरीय सुसमाचार का प्रचार करते हैं, उसी के द्वारा अपनी रोज़ी रोटी कमाएं.
पौलॉस भरण-पोषण पाने का अपना अधिकार छोड़ देते हैं
पौलॉस बताते हैं कि उन्होंने कोरिन्थॉस की मसीही कलीसिया से भरण-पोषण पाने का अपना अधिकार क्यों नहीं माँगा: उन्हें डर था कि उन पर बोझ डालने से सुसमाचार की सफलता कम हो सकती है। वे अपनी सेवा में उत्कृष्टता प्राप्त करने की तीव्र इच्छा व्यक्त करते हैं। प्रचार करने के उस कर्तव्य में संतुष्ट रहते हुए, जिसे वे अधूरा नहीं छोड़ सकते, वे दिखाते हैं कि कैसे वे हर प्रकार के लोगों की दुर्बलताओं और पूर्वाग्रहों के अनुरूप स्वयं को ढालते हैं, ताकि उन्हें मसीह के लिए जीत सकें। पद 24 से पौलॉस उनके अपने देशवासियों की एक प्रथा की ओर संकेत करके दिखाते हैं कि कठिनाइयों और अनावश्यक परिश्रम का सामना करना उनके लिए उचित है; वे देशवासी केवल नाशवान मुकुट जीतने की आशा रखते हैं। वे सभी नए विश्वासियों को अविनाशी मुकुट की निश्चित आशा से प्रोत्साहित होकर अपना उदाहरण अपनाने का निमंत्रण देते हैं। उनसे निरंतर आत्मत्याग और आत्मसंयम का जीवन जीने का आग्रह किया जाता है।
15 किंतु मैंने इनमें से किसी भी अधिकार का उपयोग नहीं किया और न ही मैं इस उद्देश्य से लिख रहा हूं कि मेरे लिए कुछ किया जाए. इसके बजाय कि कोई मुझे मेरे इस गौरव से वंचित करे, मैं मर जाना उचित समझता हूं, 16 तो यदि मैं ईश्वरीय सुसमाचार का प्रचार करता हूं तो इसमें घमंड कैसा! यह तो मुझे सौंपी गई ज़िम्मेदारी है! धिक्कार है मुझ पर यदि मैं ईश्वरीय सुसमाचार का प्रचार न करूं. 17 यदि मैं अपनी इच्छा से प्रचार करता हूं तो मुझे उसका प्रतिफल प्राप्त होगा किंतु यदि मैं प्रचार बिना इच्छा के करता हूं तो यह मात्र ज़िम्मेदारी पूरी करना ही हुआ. 18 तब क्या है मेरा प्रतिफल? यही कि मैं ईश्वरीय सुसमाचार का प्रचार मुफ्त में करता रहूं और इससे संबंधित अपने अधिकारों का उपयोग न करूं.
19 यद्यपि मैं किसी के भी अधीन नहीं हूं फिर भी मैंने स्वयं को सबका दास बना लिया है कि मैं ज्यादा से ज्यादा को जीत सकूं. 20 मैं यहूदियों के लिए यहूदियों जैसा बन गया कि मैं उन्हें जीत सकूं. व्यवस्था के अधीनों के लिए मैं व्यवस्था के अधीन बन गया—यद्यपि मैं स्वयं व्यवस्था के अधीन नहीं—कि मैं उन्हें जीत सकूं, जो व्यवस्था के अधीन हैं. 21 जो व्यवस्था के अधीन नहीं हैं, मैं उन्हीं के समान बन गया—यद्यपि मैं स्वयं परमेश्वर की व्यवस्था से स्वतंत्र नहीं, मसीह की व्यवस्था के अधीनस्थ हूं कि मैं उन्हें जीत सकूं, जो व्यवस्था के अधीन नहीं हैं. 22 दुर्बलों के लिए मैं स्वयं दुर्बल बन गया कि मैं उन्हें जीत सकूं—मैं हर एक प्रकार के व्यक्ति के लिए उन्हीं के अनुरूप बन गया कि किसी न किसी रीति से मेरे हर एक प्रयास द्वारा कुछ का उद्धार हो जाए. 23 मैं यह सब ईश्वरीय सुसमाचार के लिए करता हूं कि मैं इसमें अन्यों का सहभागी बन जाऊं.
24 क्या तुम नहीं जानते कि प्रतियोगिता में दौड़ते तो सभी हैं किंतु पुरस्कार मात्र एक को ही मिलता है. तुम ऐसे दौड़ो कि पुरस्कार तुम्हें प्राप्त हो. 25 हर एक प्रतियोगी, जो प्रतियोगिता में भाग लेता है, कठोर संयम का पालन करता है. वे तो नाशमान मुकुट प्राप्त करने के उद्देश्य से यह सब करते हैं किंतु हम यह सब अविनाशी मुकुट प्राप्त करने के लिए करते हैं. 26 मैं लक्ष्यहीन व्यक्ति के समान नहीं दौड़ता. मैं हवा में घूंसे नहीं मारता. 27 मैं अपने शरीर को कष्ट देते हुए अपने वश में रखता हूं—ऐसा न हो कि मैं दूसरों को तो उपदेश दूं और स्वयं अयोग्य करार हो जाऊं.
इस्राएलियों का उदाहरण कोरिन्थवासियों को चेतावनी देता है
प्राचीन इस्राएलियों के आचरण के आधार पर पौलॉस कोरिन्थवासियों को यह समझाना चाहते हैं कि जिस प्रकार परमेश्वर के प्रिय लोगों को उनके दुराचरण और मूर्तिपूजा के लिए इतना कठोर दंड मिला, उसी प्रकार सुसमाचार के अधीन रहनेवाले मसीही भी, यदि उन्हीं पापों और भोग-विलास में लिप्त होंगे, तो उन्हें उतना ही निश्चित रूप से दंड मिलेगा जितना व्यवस्था के अधीन रहनेवाले इस्राएलियों को मिला था। इन उदाहरणों के आधार पर वह उन्हें चेतावनी देते हैं कि वे उन्हीं अपराधों से बचें। वह उन्हें चेताते हैं कि मसीही कलीसिया के सदस्य होने के कारण वे स्वयं पर बहुत अधिक भरोसा न करें, बल्कि सावधान रहें कि वे भी पाप में न गिर पड़ें।
1 प्रिय भाई बहनो, मैं नहीं चाहता कि तुम इस बात से अनजान रहो कि हमारे सारे पूर्वज बादल की छाया में यात्रा करते रहे, और सभी ने समुद्र पार किया. 2 उन सभी का मोशेह में, बादल में और समुद्र में बपतिस्मा हुआ. 3 सबने एक ही आत्मिक भोजन किया, 4 सबने एक ही आत्मिक जल पिया क्योंकि वे सब एक ही आत्मिक चट्टान में से पिया करते थे, जो उनके साथ साथ चलती थी और वह चट्टान थे मसीह. 5 यह सब होने पर भी परमेश्वर उनमें से बहुतों से संतुष्ट न थे इसलिये बंजर भूमि में ही उनके प्राण ले लिए गए.
6 ये सभी घटनाएं हमारे लिए चेतावनी थी कि हम बुराई की लालसा न करें, जैसे हमारे पूर्वजों ने की थी. 7 न ही तुम मूर्तिपूजक बनो, जैसे उनमें से कुछ थे, जैसा पवित्र शास्त्र का लेख है: वे खाने-पीने बैठ गए और खड़े होकर रंगरेलियां मनाने लगे. 8 हम वेश्यागामी में लीन न हों, जैसे उनमें से कुछ हो गए थे और परिणामस्वरूप, एक ही दिन में तेईस हज़ार की मृत्यु हो गई. 9 न हम मसीह को परखें, जैसे उनमें से कुछ ने किया और सांपों के डसने से उनका नाश हो गया. 10 न ही तुम कुड़कुड़ाओ, जैसा उनमें से कुछ ने किया और नाश करनेवाले द्वारा नाश किए गए.
11 उनके साथ घटी हुई ये घटनाएं चिन्ह थी, जो हमारे लिए चेतावनी के रूप में लिखी गई क्योंकि हम उस युग में हैं, जो अंत के पास है. 12 इसलिये वह, जो यह समझता है कि वह स्थिर है, सावधान रहे कि कहीं गिर न पड़े.
कोरिन्थवासियों को मूर्तिपूजा से दूर रहना चाहिए
कोरिन्थवासियों को, जो केवल उन्हीं प्रलोभनों का सामना करते हैं जिनका सामना दूसरे लोग भी करते हैं, मूर्तिपूजा से और मूर्तियों को चढ़ाए गए भोजन को खाने से दूर रहने का आग्रह किया जाता है। पौलॉस हमारे अपने प्रभु-भोज तथा धार्मिक अनुष्ठानों से संबंधित विधि-व्यवस्था के आधार पर सिद्ध करते हैं कि ऐसा करना उन दुष्टात्माओं की बाहरी रूप से उपासना करना था, जिनके बलिदानों का भोजन वे खाते थे और जिनके साथ वे स्वयं को जोड़ते थे। सच्चे परमेश्वर की उपासना और मूर्तियों की उपासना साथ-साथ नहीं हो सकतीं, और ऐसा करना मसीह का अनादर है।
13 कोई ऐसी परीक्षा तुम पर नहीं आई, जो सभी के लिए सामान्य न हो. परमेश्वर विश्वासयोग्य हैं. वह तुम्हें किसी ऐसी परीक्षा में नहीं पड़ने देंगे, जो तुम्हारी क्षमता के परे हो परंतु वह परीक्षा के साथ उपाय भी करेंगे कि तुम स्थिर रह सको.
14 इसलिये प्रिय भाई बहनो, मूर्ति पूजा से दूर भागो. 15 यह मैं तुम्हें बुद्धिमान मानते हुए कह रहा हूं: मैं जो कह रहा हूं उसको परखो. 16 वह धन्यवाद का प्याला, जिसे हम धन्यवाद करते हैं, क्या मसीह के लहू में हमारी सहभागिता नहीं? वह रोटी, जो हम आपस में बांटते हैं, क्या मसीह के शरीर में हमारी सहभागिता नहीं? 17 एक रोटी में हमारी सहभागिता हमारे अनेक होने पर भी हमारे एक शरीर होने का प्रतीक है.
18 इस्राएलियों के विषय में सोचो, जो वेदी पर चढ़ाई हुई बलि खाते हैं, क्या इसके द्वारा वे एक नहीं हो जाते? 19 क्या है मेरे कहने का मतलब? क्या मूर्ति को चढ़ाई हुई वस्तु का कोई महत्व है या उस मूर्ति का कोई महत्व है? 20 बिलकुल नहीं! मेरी मान्यता तो यह है कि जो वस्तुएं गैर-यहूदी चढ़ाते हैं, वे उन्हें दुष्टात्माओं को चढ़ाते हैं—परमेश्वर को नहीं. 21 यह हो ही नहीं सकता कि तुम प्रभु के प्याले में से पियो और दुष्टात्माओं के प्याले में से भी; इसी प्रकार यह भी नहीं हो सकता कि तुम प्रभु की मेज़ में सहभागी हो और दुष्टात्माओं की मेज़ में भी. 22 क्या हम प्रभु में जलन पैदा करने का दुस्साहस कर रहे हैं? क्या हम प्रभु से अधिक शक्तिशाली हैं?