पशहूर के भावी परिणाम की भविष्यवाणी
609 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 जब याहवेह के भवन के प्रमुख अधिकारी, इम्मर के पुत्र पुरोहित पशहूर ने येरेमियाह को इन विषयों पर भविष्यवाणी करते हुए सुना, 2 तब उसने भविष्यद्वक्ता येरेमियाह को पिटवाया तथा ऊपरी बिन्यामिन द्वार में उन्हें काठ के बांक में जकड़ दिया, यह याहवेह के भवन के निकट ही था. 3 अगले दिन, जब पशहूर ने उन्हें बांक से विमुक्त किया, येरेमियाह ने उससे कहा, “याहवेह द्वारा तुम्हें दिया गया नाम पशहूर नहीं, बल्कि मागोर-मिस्साबीब है. 4 क्योंकि याहवेह का संदेश यह है: ‘तुम यह देखोगे कि मैं तुम्हें स्वयं के लिए तथा तुम्हारे सारे मित्रों के लिए आतंक बना देने पर हूं; तुम्हारे देखते-देखते वे अपने शत्रुओं की तलवार से वध किए जाएंगे. तब मैं सारे यहूदिया को बाबेल के राजा के हाथों में सौंप दूंगा, वह उन्हें बंदी बनाकर बाबेल ले जाएगा तथा तलवार से उनका संहार कर देगा. 5 मैं इस नगर की सारी धन संपदा इसकी सारी उपज एवं इसकी सारी मूल्यवान सामग्री उसे सौंप दूंगा—यहां तक कि यहूदिया के राजाओं की सारी निधि मैं उनके शत्रुओं के हाथों में सौंप दूंगा. वे उन्हें लूट लेंगे, उन्हें बंदी बना लेंगे तथा उन्हें बाबेल ले जाएंगे. 6 और तुम, पशहूर, तथा वे सभी जो तुम्हारे आवास में निवास कर रहे हैं, बंधुआई में ले जाए जाएंगे, तुम बाबेल में प्रवेश करोगे. और वहीं तुम्हारी मृत्यु हो जाएगी वहीं तुम्हें गाड़ा जाएगा, तुम्हें तथा तुम्हारे उन सभी मित्रों को जिनके लिए तुमने झूठी भविष्यवाणी की थी.’ ”
7 याहवेह, आपने मुझे प्रलोभित किया, कि मैं प्रलोभित हो गया;
आपने मुझे गुमराह किया और आप मुझ पर प्रबल भी हो गए.
सारे दिन मैं उपहास का बर्तन बना रहता हूं;
सभी मेरा उपहास करते रहते हैं.
8 जब भी मैं कुछ कहना चाहता हूं, मैं उच्च स्वर में रोने लगता हूं;
मेरी वाणी के विषय रह गए हैं हिंसा एवं विध्वंस.
क्योंकि मेरे संदर्भ में याहवेह के संदेश का परिणाम हुआ है
सतत निंदा एवं फटकार.
9 किंतु यदि मैं यह निश्चय करूं, “अब मैं याहवेह का उल्लेख ही नहीं करूंगा
अथवा अब मैं उनकी ओर से कोई भी संदेश भेजा न करूंगा,”
तब आपका संदेश मेरे हृदय में प्रज्वलित अग्नि का रूप ले लेता है,
वह प्रज्वलित अग्नि जो मेरी अस्थियों में बंद है.
अब यह मेरे लिए असह्य हो रही है;
इसे दूर रखते-रखते मैं व्यर्थ हो चुका हूं.
10 मैंने अनेकों को दबे स्वर में यह कहते सुना है,
“चारों ओर आतंक व्याप्त हो चुका है!
फटकार करो उनकी! निःसंदेह हमें उनकी फटकार करनी ही होगी!”
ये मेरे विश्वास्य मित्रों के शब्द हैं
जिन्हें मेरे पतन में रुचि है. वे विचार कर रहे हैं,
“संभव है वह फंदे में फंस जाए;
और हम उसे अपने वश में कर लें
तथा उससे अपना बदला ले लें.”
11 किंतु याहवेह मेरे साथ शक्तिवान योद्धा के सदृश हैं जिसका आतंक चारों ओर व्याप्त है;
इसलिये मेरे उत्पीड़क मुझ पर प्रबल न होंगे बल्कि लड़खड़ा जाएंगे.
अपनी विफलता पर उन्हें घोर लज्जा का सामना करना पड़ेगा यह ऐसी चिरस्थायी लज्जा होगी;
जिसे भूलना पसंद करना संभव न होगा.
12 फिर भी सेनाओं के याहवेह, आप तो सद्वृत्त की विवेचना करते रहते हैं,
आपकी दृष्टि मन एवं हृदय का आंकलन करती रहती है,
कुछ ऐसा कीजिए कि मैं आपके द्वारा उनसे लिए गए बदले का प्रत्यक्षदर्शी हो जाऊं,
क्योंकि अपना मुकदमा मैंने आपको ही सौंप रखा है.
13 याहवेह के लिए गायन हो!
याहवेह का स्तवन हो!
क्योंकि उन्होंने निस्सहाय के प्राणों को
बुरे बंधन से उद्धार प्रदान किया है.
14 शापित हो वह दिन जिसमें मैंने जन्म लिया!
जिस दिन मेरी माता ने मुझे जन्म दिया, उसे धन्य न कहा जाए!
15 शापित हो वह व्यक्ति जिसने मेरे पिता को अत्यंत हर्षित कर दिया,
जब उसने उन्हें यह संदेश दिया,
“आपका एक पुत्र पैदा हुआ है!”
16 उस संदेशवाहक की नियति वही हो जो उन नगरों की हुई थी,
जिन्हें याहवेह ने निर्ममता से नष्ट कर दिया था.
उसे प्रातःकाल से ही पीड़ा की कराहट सुनाई देने लगी,
तथा दोपहर में युद्ध की चेतावनी की वाणी.
17 क्योंकि मेरे जन्म के पूर्व ही मेरी जीवन लीला उसने समाप्त नहीं कर दी,
कि मेरी माता ही मेरी कब्र हो जाती,
और मेरी माता स्थायी रूप से गर्भवती रह जाती.
18 मैं गर्भ से बाहर ही क्यों आ गया
कि संकट और शोक देखूं,
कि मेरे जीवन के दिन लज्जा में जिए जाएं?
शल्लूम और यहोइयाकिम के भावी परिणाम की भविष्यवाणी
1 यह याहवेह का आदेश है: “यहूदिया के राजा के आवास पर जाओ और वहां इस वचन का प्रचार करो: 2 ‘यहूदिया के राजा, याहवेह का यह संदेश सुनो, तुम जो दावीद के सिंहासन पर विराजमान हो, तुम, तुम्हारे सेवक एवं तुम्हारी प्रजा जो इन द्वारों से होकर प्रवेश करते हो. 3 यह याहवेह का आदेश है: तुम्हारा न्याय निस्सहाय हो. व्यवहार सद्वृत्त तथा उसे मुक्त कर दो जिसे अत्याचारियों ने अपने अधीन रख लूट लिया है. इसके सिवा विदेशी, पितृहीन तथा विधवा के प्रति न तो तुम्हारा व्यवहार प्रतिकूल हो और न हिंसक, इस स्थान पर निस्सहाय की हत्या न की जाए. 4 क्योंकि यदि तुम जो पुरुष हो, वास्तव में इन विषयों को ध्यान रखो, इनका आचरण करो, तो इस भवन के द्वार में से राजाओं का प्रवेश हुआ करेगा, वे दावीद के सदृश उनके सिंहासन पर विराजमान हुआ करेंगे, जो रथों एवं घोड़ों पर सवार होते हैं स्वयं राजा को, उसके सेवकों को तथा उसकी प्रजा का प्रवेश हुआ करेगा. 5 किंतु यदि तुम इन आदेशों का पालन न करो, तो मैं अपनी ही शपथ ले रहा हूं, यह याहवेह की वाणी है, कि यह महल उजाड़ बन जाएगा.’ ”
6 क्योंकि यहूदिया के राजा के महलों के विषय में याहवेह की यह वाणी है:
“मेरी दृष्टि में तुम गिलआद सदृश हो,
लबानोन शिखर सदृश, फिर भी निश्चयतः
मैं तुम्हें निर्जन प्रदेश बना छोडूंगा,
उन नगरों के सदृश, जो निर्जन हैं.
7 मैं तुम्हारे विरुद्ध विध्वंसक उत्पन्न कर दूंगा,
उनमें से हर एक शस्त्रों से सुसज्जित होगा,
वे तुम्हारे सर्वोत्तम देवदार वृक्ष काट डालेंगे
तथा उन्हें अग्नि में झोंक देंगे.
8 “अनेक जनता इस नगर के निकट से होते हुए चले जाएंगे और उनके वार्तालाप का विषय होगा, ‘याहवेह ने इस भव्य नगर के साथ ऐसा कर दिया है?’ 9 तब उन्हें इसका यह उत्तर दिया जाएगा: ‘इसकी इस स्थिति का कारण यह है कि उन्होंने याहवेह, अपने परमेश्वर की वाचा भंग कर दी है, वे परकीय देवताओं की उपासना करने लगे तथा उन्हीं की सेवा-उपासना करने लगे हैं.’ ”
10 न तो मृतक के लिए रोओ और न विलाप करो;
बल्कि, ज़ोर ज़ोर से विलाप करो, उसके लिए जो बंधुआई में दूर जा रहा है,
क्योंकि वह अब लौटकर नहीं आएगा,
और न वह कभी अपनी मातृभूमि को पुनः देख सकेगा.
11 क्योंकि यहूदिया के राजा योशियाह के पुत्र शल्लूम के विषय में, जो अपने पिता योशियाह के स्थान पर सिंहासनारूढ़ हुआ है, जो यहीं से चला गया है: याहवेह का यह संदेश है, “अब वह लौटकर यहां कभी नहीं आएगा. 12 वह वहीं रह जाएगा जहां उसे बंदी बनाकर ले जाया गया है, वहीं उसकी मृत्यु हो जाएगी; अब वह यह देश कभी न देख सकेगा.”
13 “धिक्कार है उस पर जो अनैतिकता से अपना गृह-निर्माण करता है,
तथा अपने ऊपरी कक्ष अन्यायपूर्णता के द्वारा बनाता है,
जो अपने पड़ोसी से बेगार कार्य तो करा लेता है,
और उसे पारिश्रमिक नहीं देता.
14 वह विचार करता है, ‘मैं एक विस्तीर्ण भवन को निर्माण करूंगा
जिसमें विशाल ऊपरी कक्ष होंगे.’
इसमें खिड़कियां भी होंगी,
मैं इसकी दीवारों को देवदार से मढ़ कर
उन्हें प्रखर लाल रंग से रंग दूंगा.
15 “क्या अपने भवन में देवदार का प्रचूर प्रयोग करने के कारण
तुम राजा के पद पर पहुंच गए हो?
क्या तुम्हारा पिता सर्वसंपन्न न था?
फिर भी उसने वही किया जो सही और न्यायपूर्ण था,
इसलिये उसका कल्याण होता रहा.
16 तुम्हारा पिता उत्पीड़ित एवं निस्सहायों का ध्यान रखता था,
इसलिये उसका कल्याण होता रहा.
क्या मुझे जानने का यही आशय नहीं होता?”
यह याहवेह की वाणी है.
17 “किंतु तुम्हारी दृष्टि तथा तुम्हारे हृदय की अभिलाषा
मात्र अन्यायपूर्ण धनप्राप्ति पर केंद्रित है,
तुम निस्सहाय के रक्तपात, दमन,
ज़बरदस्ती धन वसूली और उपद्रव में लिप्त रहते हो.”
18 इसलिये यहूदिया के राजा योशियाह के पुत्र यहोइयाकिम के विषय में याहवेह की यह वाणी है:
“प्रजा उसके लिए इस प्रकार विलाप नहीं करेगी:
‘ओह, मेरे भाई! अथवा ओह, मेरी बहन!’
वे उसके लिए इस प्रकार भी विलाप नहीं करेंगे:
‘ओह, मेरे स्वामी! अथवा ओह, उसका वैभव!’
19 उसकी अंत्येष्टि उसी रीति से की जाएगी. जैसे एक गधे की
शव को खींचकर येरूशलेम के द्वार के
बाहर फेंक दिया जाता.”
20 “लबानोन में जाकर विलाप करो,
बाशान में उच्च स्वर उठाओ,
अबारिम में भी विलाप सुना जाए,
क्योंकि जो तुम्हें प्रिय थे उन्हें कुचल दिया गया है.
21 तुम्हारी सम्पन्नता की स्थिति में मैंने तुमसे बात करना चाहा,
किंतु तुम्हारा हठ था, ‘नहीं सुनूंगा मैं!’
बचपन से तुम्हारी यही शैली रही है;
तुमने कभी मेरी नहीं सुनी.
22 तुम्हारे सभी चरवाहों को वायु उड़ा ले जाएगी,
वे जो तुम्हें प्रिय हैं, बंधुआई में चले जाएंगे.
तब अपनी सारी बुराई के कारण निश्चयतः
लज्जित हो तुम अपनी प्रतिष्ठा खो दोगे.
23 तुम जो लबानोन में निवास कर रहे हो,
तुम जो देवदार वृक्षों के मध्य सुरक्षित हो,
कैसी होगी तुम्हारी कराहट जब पीड़ा तुम्हें अचंभित कर लेगी,
ऐसी पीड़ा जैसी प्रसूता अनुभव करती है!”