मीकाह की भविष्यवाणियाँ हिज़किय्याह के सुधार का समर्थन करती हैं
722 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 तब मैंने कहा,
“हे याकोब के अगुओ,
हे इस्राएल के शासको, सुनो.
क्या तुम्हें न्याय से प्रेम नहीं करना चाहिये,
2 तुम जो भलाई से घृणा करते हो और बुराई से प्रेम करते हो;
तुम जो मेरे लोगों की खाल
और उनकी हड्डियों से मांस नोच लेते हो;
3 तुम जो मेरे लोगों का मांस खाते हो,
उनकी खाल खींच लेते हो
और उनके हड्डियों को टुकड़े-टुकड़े कर देते हो;
उनकी अस्थियों को चूर्ण कर देते हो
तुम जो उनको कड़ाही में पकाने वाले मांस
या बर्तन में रखे मांस की तरह काट डालते हो?”
4 तब वे याहवेह को पुकारेंगे,
पर याहवेह उनकी नहीं सुनेंगे.
उनके बुरे कामों के कारण
उस समय वह अपना मुख उनसे छिपा लेंगे.
5 याहवेह का यह कहना है:
“वे भविष्यवक्ता
जो मेरे लोगों को भटका देते हैं,
यदि उनको खाने को कुछ मिलता है,
तब वे शांति की घोषणा करते हैं,
पर जो व्यक्ति उनको खिलाने से मना करता है,
उसके विरुद्ध लड़ाई करने को तैयार हो जाते हैं.
6 इसलिये तुम्हें बिना बताये तुम्हारे ऊपर रात्रि आ जाएगी,
और बिना बताये तुम्हारे ऊपर अंधेरा छा जाएगा.
इन भविष्यवक्ताओं के लिये सूर्यास्त हो जाएगा,
और दिन रहते उन पर अंधेरा छा जाएगा.
7 भविष्यदर्शी लज्जित होंगे
और भविष्य बतानेवाले कलंकित होंगे.
वे सब लज्जा से अपना मुंह ढांप लेंगे
क्योंकि उन्हें परमेश्वर से कोई उत्तर न मिलेगा.”
8 पर जहां तक मेरा सवाल है,
मैं याहवेह के आत्मा के साथ सामर्थ्य से,
तथा न्याय और बल से भरा हुआ हूं,
ताकि याकोब को उसका अपराध,
और इस्राएल को उसका पाप बता सकूं.
9 हे याकोब के अगुओ,
हे इस्राएल के शासको, यह बात सुनो,
तुम जो न्याय को तुच्छ समझते हो
और सब सही बातों को बिगाड़ते हो;
10 तुम जो ज़ियोन को रक्तपात से,
और येरूशलेम को दुष्टता से भरते हो.
11 उसके अगुए घूस लेकर न्याय करते हैं,
उसके पुरोहित दाम लेकर शिक्षा देते हैं,
और उसके भविष्यवक्ता पैसों के लिये भविष्य बताते हैं.
तौभी वे याहवेह की मदद की कामना करते हुए कहते हैं,
“क्या याहवेह हमारे मध्य में नहीं हैं?
कोई भी विपत्ति हमारे ऊपर नहीं आएगी.”
12 इसलिये तुम्हारे ही कारण,
ज़ियोन पर खेत के सदृश हल चला दिया जाएगा,
येरूशलेम खंडहर हो जाएगा,
तथा भवन की पहाड़ी वन में पूजा-स्थल का स्वरूप ले लेगी.
4:1 कि अंत के दिनों
में वह पर्वत और पहाड़
जिस पर याहवेह का भवन है;
उसे दृढ़ और ऊंचा किया जायेगा,
और सब जाति के लोग बहती हुई नदी के समान उस ओर आएंगे.
2 और जाति के लोग कहेंगे,
“आओ, हम याहवेह के पर्वत,
याकोब के परमेश्वर के भवन को चलें.
कि वह हमें अपने नियम सिखाएं,
और हम उनके मार्गों पर चलें.”
क्योंकि ज़ियोन से व्यवस्था निकलेगी,
और येरूशलेम से याहवेह का वचन आएगा.
3 परमेश्वर जनताओं के बीच न्याय करेंगे
और लोगों की परेशानियां दूर करेंगे.
तब वे अपनी तलवारों को पीट-पीटकर हल के फाल
तथा अपने भालों को हंसिया बना लेंगे.
एक देश दूसरे के विरुद्ध तलवार नहीं उठायेगा,
तथा उन्हें फिर कभी लड़ने के लिए तैयार नहीं किया जाएगा.
4 हर एक जन अपनी ही अंगूर की लता
और अपने ही अंजीर के वृक्ष के नीचे बैठेगा,
और उन्हें कोई नहीं डराएगा,
क्योंकि सर्वशक्तिमान याहवेह ने कहा है.
5 सब जातियां अपने-अपने
देवताओं का नाम लेकर चलें तो चलें,
पर हम सदा-सर्वदा याहवेह
अपने परमेश्वर का नाम लेकर चलेंगे.
6 “उस दिन,” यह याहवेह की घोषणा है,
“मैं लंगड़ों को इकट्ठा करूंगा;
मैं बंधुवा लोगों को
और उन लोगों को भी इकट्ठा करूंगा जिन्हें मैंने दुःख दिया है.
7 मैं लंगड़ों को अपना बचा हुआ भाग,
और भगाये हुओं को एक मजबूत जाति बनाऊंगा.
तब उस समय से लेकर सदा-सर्वदा तक
याहवेह ज़ियोन पर्वत से उन पर शासन करते रहेंगे.
8 जहां तक तुम्हारा सवाल है, हे झुंड की चौकसी के मचान,
हे ज़ियोन की पुत्री के सुरक्षा गढ़,
तुम्हें तुम्हारे पहले का राज्य दे दिया जाएगा;
येरूशलेम की पुत्री को राजपद दिया जाएगा.”
9 तुम उच्च स्वर में क्यों चिल्ला रही हो,
क्या तुम्हारा कोई राजा नहीं है?
क्या तुम्हारा शासन करनेवाला नाश हो गया है,
कि तुम जच्चा स्त्री के समान दर्द से छटपटा रही हो?
10 हे ज़ियोन की बेटी, जच्चा स्त्री की तरह
दर्द से छटपटाओ,
क्योंकि अब तुम्हें शहर छोड़कर
खुले मैदान में डेरा डालना ज़रूरी है.
तुम बाबेल जाओगी;
और तुम बचाई जाओगी.
वहां याहवेह तुम्हें
तुम्हारे शत्रुओं के हाथ से छुड़ाएंगे.
11 पर अब तो तुम्हारे विरुद्ध में
बहुत से राष्ट्र इकट्ठे हुए हैं.
वे कहते हैं, “उसे अशुद्ध होने दो,
ज़ियोन की दुर्गति हमारे आनंद का विषय हो!”
12 पर वे याहवेह के विचारों को
नहीं जानते हैं;
वे उसकी उस योजना को नहीं समझते,
कि उसने उन्हें पूलियों के समान खलिहान में इकट्ठा किया है.
13 “हे ज़ियोन की बेटी, उठ और दांवनी कर,
क्योंकि मैं तुम्हें लोहे के सींग दूंगा;
मैं तुम्हें पीतल के खुर दूंगा,
और तुम बहुत सी जातियों को टुकड़े-टुकड़े कर दोगी.”
तुम उनकी लूटी गई चीज़ें याहवेह को,
और उनकी संपत्ति सारे पृथ्वी के प्रभु को अर्पित करोगी.
5:1 हे सैन्य-दलों के शहर, अपने सैनिकों को क़तार में कर लो,
क्योंकि हमारे विरुद्ध एक घेरा डाला गया है.
वे इस्राएल के शासक के गाल पर
लाठी से प्रहार करेंगे.
2 “पर तुम, हे एफ़राथा के बेथलेहेम,
यद्यपि तुम यहूदिया के वंशजों में छोटे हो,
तुमसे ही मेरे लिए एक व्यक्ति का आगमन होगा
जो इस्राएल के ऊपर शासक होगा,
जिसका उद्गम पुराने समय से,
प्राचीन काल से है.”
3 इसलिये इस्राएल को उस समय तक त्याग दिया जाएगा,
जब तक वह जो प्रसव पीड़ा में है, एक बालक को जन्म नहीं दे देती,
और उसके बाकी भाई
इस्राएलियों से मिल जाने के लिये लौट नहीं जाते.
4 वह याहवेह के बल से,
याहवेह अपने परमेश्वर के नाम के प्रताप से
उठ खड़ा होगा और अपने झुंड की देखरेख करेगा.
और वे सुरक्षित रहेंगे, क्योंकि तब
पृथ्वी की छोर तक लोग उसकी महानता को जानेंगे.
5 और वह हमारी शांति होगा
जब अश्शूरवासी हमारे देश पर आक्रमण करेंगे
और हमारे गढ़ों में प्रवेश करेंगे.
हम उनके विरुद्ध सात चरवाहे,
वरन आठ सेनापति खड़े कर देंगे,
6 जो अश्शूर देश पर,
निमरोद के देश पर तलवार से शासन करेंगे.
वह हमें अश्शूरवासियों से छुड़ाएगा
जब वे हमारे देश पर आक्रमण करेंगे
और हमारी सीमाओं को पार करेंगे.
7 याकोब का बचा भाग
बहुत से लोगों के बीच होगा.
वह याहवेह द्वारा भेजे ओस,
घांस पर पड़नेवाली वर्षा के समान होगा,
जो किसी का इंतजार नहीं करता
और न ही किसी मनुष्य पर निर्भर रहता है.
8 याकोब का बचा भाग जातियों के बीच
और लोगों के बीच ऐसा होगा,
जैसा एक सिंह जंगली जानवरों के बीच होता है,
और एक जवान सिंह जो भेड़ों के झुंड के बीच होता है,
और वह उनके मध्य से जाते हुए उन पर झपटता है और उनको फाड़ डालता है,
और कोई उन्हें बचा नहीं सकता.
9 तुम्हारा हाथ अपने शत्रुओं के ऊपर विजय उल्लास में ऊंचा उठेगा,
और तुम्हारे सब शत्रु नाश किए जाएंगे.
10 याहवेह की घोषणा यह है,
“उस दिन मैं तुम्हारे घोड़ों को तुम्हारे बीच नाश कर दूंगा
और तुम्हारे रथों को भी नष्ट कर दूंगा.
11 मैं तुम्हारे देश के शहरों को नष्ट कर दूंगा
और तुम्हारे गढ़ों को ध्वस्त कर दूंगा.
12 मैं तुम्हारे बीच जादू-टोने को समाप्त कर दूंगा
और तुम फिर कभी ज्योतिष की बात न कर सकोगे.
13 मैं तुम्हारे मूर्तियों
और तुम्हारे बीच तुम्हारे पवित्र पत्थरों को नाश कर दूंगा;
तुम फिर कभी अपने हाथ से बनाये चीज़ों की
आराधना नहीं करोगे.
14 जब मैं तुम्हारे शहरों का विनाश करूंगा
तो मैं तुम्हारे बीच से तुम्हारे अशेरा-स्तम्भों को उखाड़ फेंकूंगा.
15 मैं गुस्सा और क्रोध में उन जनताओं से बदला लूंगा
जिन्होंने मेरी बात नहीं मानी है.”