चढ़ावों की व्यवस्थाएँ (continued)

चढ़ावों की व्यवस्थाएँ और अन्य विषय।

1451 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

गणना 29

1 “ ‘पहले महीने की पहली तारीख पर तुम पवित्र सभा आयोजित करोगे. इस दिन तुम कोई भी मेहनत न करोगे. यह वह दिन होगा, जिसे तुम तुरही बजाने के लिए प्रयोग करोगे. 2 तुम याहवेह को सुखद-सुगंध भेंट करने के लिए यह होमबलि भेंट करोगे: एक बछड़ा, एक मेढ़ा तथा सात एक वर्ष के निर्दोष मेमने. 3 इनके अलावा उनकी अन्‍नबलि भी; तेल मिला हुआ मैदा; बछड़ों के साथ ढाई किलो, मेढ़े के साथ दो किलो; 4 तथा हर एक मेमने के साथ एक-एक किलो तेल मिला हुआ मैदा, 5 साथ में अपने प्रायश्चित के लिए पापबलि में एक बकरा. 6 नए चांद के लिए होमबलि तथा इससे संबंधित अन्‍नबलि के लिए नियमित होमबलि तथा अन्‍नबलि तथा उससे संबंधित पेय बलियां, जैसा उनके विषय में याहवेह ने आज्ञा दी थी, वैसे भेंट किए जाएं.

7 “ ‘इसी महीने की दसवीं तारीख पर तुम एक पवित्र सभा आयोजित करोगे; तुम स्वयं को नम्र करोगे, तुम किसी प्रकार की मेहनत नहीं करोगे. 8 सुखद-सुगंध के लिए तुम याहवेह के लिए यह होमबलि भेंट करोगे: एक बछड़ा, एक मेढ़ा तथा एक वर्ष के सात निर्दोष मेमने. 9 उनके साथ अन्‍नबलि होगी: तेल मिला हुआ मैदा; बछड़े के साथ ढाई किलो, मेढ़े के साथ दो किलो; 10 तथा हर एक मेमने के साथ एक-एक किलो मैदा. 11 प्रायश्चित के लिए पापबलि, नियमित होमबलि तथा अन्‍नबलि एवं पेय बलियां के अलावा पापबलि के लिए एक बकरा भी भेंट किया जाए.

12 “ ‘इसके बाद सातवें महीने की पन्द्रहवीं तारीख पर तुम एक पवित्र सभा आयोजित करोगे. तुम इसमें कोई भी मेहनत न करोगे, और याहवेह के लिए सात दिन उत्सव मनाओगे. 13 तुम याहवेह के लिए सुखद-सुगंध के लिए आग के द्वारा यह होमबलि भेंट करो: तेरह बछड़े, दो मेढ़े, चौदह एक वर्ष के निर्दोष मेमने. 14 उन तेरह बछड़ों के साथ यह अन्‍नबलि होगी: तेल मिला हुआ मैदा ढाई किलो, मेढ़े के साथ तेल मिला हुआ मैदा दो किलो, 15 तथा हर एक मेमने के साथ एक-एक किलो तेल मिला हुआ मैदा. 16 नियमित होमबलि, अन्‍नबलि तथा पेय बलि के अलावा पापबलि के लिए एक बकरा भेंट किया जाए.

17 “ ‘इसके बाद अगले दिन पशुओं में से बारह बछड़े, दो मेढ़े, एक वर्ष के चौदह निर्दोष मेमने. 18 इनके अलावा अन्‍नबलि और पेय बलि चढ़ाना; जो बछड़ों, मेढ़ों तथा मेमनों के लिए उनकी संख्या के अनुरूप, नियम के अनुसार हो. 19 तथा नियमित होमबलि के अलावा पापबलि के लिए एक बकरा तथा इसके साथ अन्‍नबलि तथा उनकी पेय बलियां.

20 “ ‘तीसरे दिन ग्यारह बछड़े, दो मेढ़े, एक वर्ष के चौदह निर्दोष मेमने. 21 इनके अलावा अन्‍नबलि और पेय बलि चढ़ाना जो बछड़ों, मेढ़ों तथा मेमनों के साथ उनकी संख्या के अनुरूप, नियम के अनुसार हो. 22 तथा नियमित होमबलि के अलावा पापबलि के लिए एक बकरा तथा इसके लिए अन्‍नबलि तथा उनकी पेय बलियां.

23 “ ‘चौथे दिन दस बछड़े, दो मेढ़े, एक वर्ष के चौदह निर्दोष मेमने. 24 इनके अलावा अन्‍नबलि और पेय बलि चढ़ाना जो बछड़ों, मेढ़ों तथा मेमनों के साथ उनकी संख्या के अनुरूप, नियम के अनुसार हो. 25 नियमित होमबलि, अन्‍नबलि तथा पेय बलि के अलावा पापबलि के लिए एक बकरा भेंट किया जाए.

26 “ ‘पांचवें दिन नौ बछड़े, दो मेढ़े, एक वर्ष के चौदह निर्दोष मेमने. 27 इनके अलावा अन्‍नबलि और पेय बलि चढ़ाना जो बछड़ों, मेढ़ों तथा मेमनों के साथ उनकी संख्या के अनुरूप, नियम के अनुसार हो. 28 नियमित होमबलि तथा अन्‍नबलि तथा पेय बलि के अलावा एक बकरा पापबलि के लिए चढ़ाया जाएगा.

29 “ ‘छठवें दिन आठ बछड़े, दो मेढ़े, एक वर्ष के चौदह निर्दोष मेमने. 30 इनके अलावा अन्‍नबलि और पेय बलि चढ़ाना जो बछड़ों, मेढ़ों तथा मेमनों के साथ उनकी संख्या के अनुरूप, नियम के अनुसार हो. 31 तथा नियमित होमबलि के अलावा पापबलि के लिए एक बकरा तथा इसके लिए अन्‍नबलि तथा उनकी पेय बलियां.

32 “ ‘सातवें दिन सात बछड़े दो मेढ़े, एक वर्ष के चौदह निर्दोष मेमने. 33 इनके अलावा अन्‍नबलि और पेय बलि चढ़ाना जो बछड़ों, मेढ़ों तथा मेमनों के साथ उनकी संख्या के अनुरूप, नियम के अनुसार हो. 34 तथा नियमित होमबलि के अलावा पापबलि के लिए एक बकरा तथा इसके लिए अन्‍नबलि तथा उनकी पेय बलियां.

35 “ ‘आठवें दिन तुम एक पवित्र सभा आयोजित करोगे. इस दिन तुम कोई भी मेहनत न करोगे. 36 किंतु तुम होमबलि, आग के द्वारा भेंट बलि चढ़ाओगे, जो याहवेह के लिए सुखद-सुगंध होगी: एक बछड़ा, एक मेढ़ा, एक वर्ष के, निर्दोष सात मेमने. 37 बछड़े, मेढ़े तथा मेमनों के साथ उनकी संख्या के अनुसार उनकी अन्‍नबलि तथा उनकी पेय बलि. 38 नियमित होमबलि तथा अन्‍नबलि तथा पेय बलि के अलावा एक बकरा पापबलि के लिए चढ़ाया जाएगा.

39 “ ‘ठहराए गए अवसरों पर तुम ये सब याहवेह के सामने प्रस्तुत करोगे. तुम्हारी संकल्प की गई तथा स्वेच्छा बलियों के अलावा तुम्हारी होमबलियां, अग्निबलियां, पेय बलियां तथा मेल बलियां भी चढ़ाना होंगे.’ ”

40 मोशेह ने यह सब याहवेह द्वारा उन्हें दी गई आज्ञा के अनुसार इस्राएल के घराने पर प्रकट कर दिया.

मन्नतों की व्यवस्था

गणना 30

1 इसके बाद मोशेह इस्राएलियों के गोत्रों के प्रधानों के सामने आए और उन्होंने उनसे कहा: “याहवेह द्वारा दी गई आज्ञा यह है: 2 यदि कोई व्यक्ति याहवेह के लिए कोई संकल्प लेता है, अथवा वह स्वयं को शपथ लेकर किसी ज़रूरी वाचा से बांध लेता है, वह अपनी शपथ को नहीं तोड़ेगा. वह अपने मुख से बोले हुए वचनों के अनुसार करेगा.

3 “यदि कोई स्त्री याहवेह के लिए संकल्प करती है, वह युवावस्था में अपने पिता के घर में ही निवास करते हुए स्वयं को ज़रूरी वाचा में बांध लेती है, 4 और उसका पिता उसके इस संकल्प और वाचा को सुन लेता है, जिसमें उसने स्वयं को बांध लिया है. उसके पिता को इस विषय में कोई आपत्ति नहीं होती, तब उसके सारे संकल्प मान्य रहेंगे, तथा वे सारी वाचाएं स्थायी हो जाएंगी. 5 किंतु यदि उसका पिता इन संकल्पों को सुनकर उन्हें मना कर देता है, जैसे ही वह इन संकल्पों की सुनता है, उसका कोई भी संकल्प, जिसे उसने वाचा में बांधकर रखा है, प्रभावी न रह जाएगा; याहवेह भी उसे क्षमा कर देंगे क्योंकि उसके पिता ने उसे इनके विषय में मना कर दिया था.

6 “फिर भी, यदि उसके द्वारा लिया गया संकल्प एवं सोच-विचार बिना कहे गए वचन में सीमित स्थिति में ही उसे विवाह करना पड़ जाता है, 7 और उसके पति को इस बात का पता चल जाता है, किंतु उस अवसर पर यह सुनने पर भी उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं होती है, तब उसके द्वारा किए गए संकल्प तथा वाचा स्थिर बने रहेंगे, जिनमें उसने स्वयं को बांधा हुआ है. 8 किंतु यदि उस अवसर पर उसके पति को इसका पता चल जाता है, वह अपनी पत्नी को इस विषय में मना कर देता है, तब वह अपनी पत्नी के संकल्प को खत्म कर देगा, जिसमें उसने स्वयं को बांध लिया था, जो उसके द्वारा बिना सोचे समझे कहा गया वचन था. याहवेह उसे इस विषय में क्षमा कर देंगे.

9 “किंतु, यदि संकल्प किसी विधवा या किसी तलाकशुदा स्त्री द्वारा किया गया है, तो उसने जितने भी संकल्पों और मन्‍नतों में बांधी हुई रहेगी,

10 “किंतु यदि वह विवाहित स्थिति में अपने पति के आवास में ही है, और उसने संकल्प किए है, शपथ ली हुईं है, 11 और उसके पति को इसका पता चल चुका है, किंतु उसने इस पर उससे कुछ भी नहीं किया, उसने उसे इस विषय में कुछ मना भी नहीं किया, तब उसके सारे संकल्प सदा बने रहेंगे, तथा उसकी वे सभी वाचाएं जिनमें उसने स्वयं को बांधकर रखा था, सदा बने रहेंगे. 12 किंतु यदि उसका पति इन्हें सुनते ही इन्हें खत्म कर देता है, तब उस स्त्री के द्वारा लिया गया संकल्प एवं उसके द्वारा स्वयं पर लगाई हुई वाचा खत्म हो जाएंगी; उसके पति द्वारा वे खत्म कर दिए गए हैं. याहवेह उन्हें क्षमा कर देंगे. 13 हर एक संकल्प तथा हर एक वाचा जो उसने स्वयं को विनम्र रखने के लिए शुरू की है, उसके पति के द्वारा सदा के लिए रखा जा सकता है, या खत्म किया जा सकता है. 14 किंतु यदि वास्तव में उसका पति दैनिक जीवन में इसका वर्णन ही नहीं करता है, तब इसके द्वारा पति अपनी पत्नी से किए गए संकल्पों एवं वाचाओं की पुष्टि करता है, जो उसने जवाबदारी के रूप में स्वयं पर लागू किए हुए हैं. उसने इस विषय का ज्ञान होने पर भी अपनी कोई भी प्रतिक्रिया ज़ाहिर नहीं की है. इसलिये यह उसके द्वारा की गई पुष्टि होगी. 15 किंतु यदि उसने यह सुनने के बाद, इन्हें तोड़ दिया हो, तो वही अपनी पत्नी के दोष का भार उठाएगा.”

16 ये वे विधियां हैं, जो याहवेह द्वारा मोशेह को दी गई हैं, जिनका संबंध पति-पत्नी के पारस्परिक संबंध से, तथा पिता-पुत्री के पारस्परिक संबंध से है, जब पुत्री युवावस्था तक पिता के घर पर रह रही होती है.