यहूदिया के उजड़ने और पुनःस्थापना की भविष्यवाणी

यहूदिया के उजड़ने और पुनःस्थापना की एक सामान्य भविष्यवाणी।

714 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

यशायाह 24–25

1 सुनो, याहवेह पृथ्वी को सुनसान

और निर्जन कर देने पर हैं;

वह इसकी सतह को उलट देंगे

और इसके निवासियों को तितर-बितर कर देंगे—

2 प्रजा पुरोहित के समान,

सेवक अपने स्वामी के समान,

सेविका अपनी स्वामिनी के समान,

खरीदने और बेचनेवाले के समान,

साहूकार ऋणी के समान

और वह जो उधार देता है,

और जो उधार लेता है सब एक समान हो जायेंगे.

3 पृथ्वी पूरी तरह निर्जन हो जाएगी

और लूट ली जाएगी.

क्योंकि यह याहवेह की घोषणा है.

4 पृथ्वी रो रही है और थक गई है,

संसार रो रहा है और थक गया है,

और आकाश भी पृथ्वी के साथ रो रहे है.

5 पृथ्वी अपने रहनेवालों के कारण दूषित कर दी गई;

क्योंकि उन्होंने परमेश्वर की व्यवस्था

और आज्ञाओं को नहीं माना

तथा सनातन वाचा को तोड़ दिया.

6 इसलिये शाप पृथ्वी को निगल लेगा;

और जो इसमें रहते हैं वे दोषी होंगे.

इसलिये पृथ्वी के निवासियों को जला दिया जाता है,

और बहुत कम बचे हैं.

7 नया दाखरस रो रहा है और खराब हो गया है;

वे जो खुश थे अब दुःखी होगें.

8 डफ की हर्ष रूपी आवाज खत्म हो चुकी है,

आनंदित लोगों का कोलाहल शांत हो गया है,

वीणा का सुखदायी शब्द थम गया है.

9 लोग गीत गाते हुए दाखमधु पान नहीं करते;

दाखमधु उनके लिए कड़वी हो गई है.

10 निर्जन नगर को गिरा दिया गया है;

हर घर के द्वार बंद कर दिए गए हैं कि कोई उनमें जा न सके.

11 दाखरस की कमी के कारण गलियों में हल्ला हो रहा है;

सब खुशी दुःख में बदल गई है;

पृथ्वी पर से खुशी मिट गई है.

12 नगर सुनसान पड़ा,

और सब कुछ नष्ट कर दिया गया है.

13 जिस प्रकार जैतून वृक्ष को झड़ाया जाता

और दाख की उपज के बाद उसको जमा करने पर कुछ बच जाता है,

उसी प्रकार पृथ्वी पर

लोगों के बीच वैसा ही होगा.

14 लोग आनंदित होकर ऊंची आवाज में गाते हैं;

वे याहवेह के वैभव के लिए पश्चिम दिशा से जय जयकार करते हैं.

15 तब पूर्व दिशा में याहवेह की प्रशंसा करो;

समुद्रतटों में,

याहवेह इस्राएल के परमेश्वर की महिमा करो.

16 पृथ्वी के छोर से हमें सुनाई दे रहा है:

“धर्मी की महिमा और प्रशंसा हो.”

परंतु, “मेरे लिए तो कोई आशा ही नहीं है!

हाय है मुझ पर!

विश्वासघाती विश्वासघात करते हैं!

और उनका विश्वासघात कष्टदायक होता जा रहा है!”

17 हे पृथ्वी के लोगों, डरो,

गड्ढे और जाल से तुम्हारा सामना होगा.

18 तब जो कोई डर से भागेगा

वह गड्ढे में गिरेगा;

और गड्ढे से निकला हुआ

जाल में फंस जायेगा.

क्योंकि आकाश के झरोखे खोल दिये गये हैं,

और पृथ्वी की नींव हिल गई है.

19 पृथ्वी टुकड़े-टुकड़े होकर,

फट गई है

और हिला दी गई है.

20 पृथ्वी झूमती है और लड़खड़ाती है,

और एक झोपड़ी समान डोलती है;

और इतना अपराध बढ़ गया है,

कि पाप के बोझ से दब गई और फिर कभी भी उठ न पाएगी.

21 उस दिन याहवेह आकाश में सेना को

तथा पृथ्वी पर राजाओं को दंड देंगे.

22 उन सभी को बंदी बनाकर कारागार में डाल दिया जाएगा;

और बहुत दिनों तक उन्हें दंड दिया जाएगा.

23 तब चंद्रमा

और सूर्य लज्जित होगा,

क्योंकि सर्वशक्तिमान याहवेह

ज़ियोन पर्वत से येरूशलेम में शासन करेंगे,

और उनका वैभव उनके धर्मवृद्धों पर प्रकट होगा.

25:1 याहवेह, आप ही मेरे परमेश्वर हैं;

मैं आपकी प्रशंसा करूंगा और आपके नाम की महिमा करूंगा,

क्योंकि आपने बड़े अद्भुत काम किए हैं,

और उन सनातन योजनाओं को

पूरी विश्वस्तता एवं सच्चाई से आपने पूरा किया है.

2 आपने नगरों को गिरा दिया,

और खंडहर कर दिया,

परदेशियों का अब कोई नगर नहीं;

और न ही उन्हें फिर बसाया जाएगा.

3 इसलिये बलवंत प्रजा आपकी महिमा करेगी;

और निर्दयी आपका भय मानेंगे.

4 दीनों के लिए आप शरणस्थान,

और विपत्ति के समय आप उनके लिए ढाल होंगे,

दरिद्रों के लिये

उनके शरण और रक्षक होंगे.

5 जैसे निर्जल देश में बादल से ठंडक होती है;

वैसे ही परदेशियों का कोलाहल,

और निर्दयी लोगों का जय जयकार शांत हो जाएगा.

6 इसी पर्वत पर सर्वशक्तिमान याहवेह

सब लोगों को भोजन खिलाएंगे,

जिसमें पुराना दाखरस—

और उत्तम से उत्तम चिकना भोजन जो अच्छा और स्वादिष्ट होगा.

7 इस पर्वत पर आकर सब जातियों

और देशों के बीच जो पर्दा,

और दीवार है तोड़ देगा;

8 वह सदा-सर्वदा के लिए मृत्यु को नाश करेंगे.

और प्रभु याहवेह सभी के चेहरों से

आंसुओं को पोंछ देंगे;

वह अपने लोगों की निंदा को

दूर कर देंगे.

याहवेह का यह संदेश है.

9 उस दिन लोग यह कहेंगे,

“कि, यही हैं हमारे परमेश्वर;

यही हैं वह याहवेह जिनका हमने इंतजार किया.

आओ, हम उनके उद्धार में आनंद मनाएं

और प्रसन्‍न रहेंगे.”

10 क्योंकि याहवेह का हाथ सदा बना रहेगा;

मोआब उनके द्वारा रौंद दिया जाएगा

जिस प्रकार गोबर-कुण्ड में एक तिनके को रौंद दिया जाता है.

11 जिस प्रकार एक तैराक अपने हाथों को फैलाता है,

उसी प्रकार मोआब भी अपने हाथों को फैलाएगा.

किंतु याहवेह उसके घमंड को चूर-चूर

और उसके हाथों की कुशलता को कमजोर कर देंगे.

12 याहवेह उसकी दृढ़ शहरपनाह को गिरा देंगे

वह उन्हें भूमि पर फेंक देंगे;

उन्हें मिट्टी में मिला देंगे.