अय्योब पूरे तर्क का उत्तर देता है (continued)

2130 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

अय्योब 13–14

1 “सुनो, मेरे नेत्र यह सब देख चुके हैं, मेरे कानों ने,

यह सब सुन लिया है तथा मैंने इसे समझ लिया है.

2 जो कुछ तुम्हें मालूम है, वह सब मुझे मालूम है;

मैं तुमसे किसी भी रीति से कम नहीं हूं,

3 हां, मैं इसका उल्लेख सर्वशक्तिमान से अवश्य करूंगा,

मेरी अभिलाषा है कि इस विषय में परमेश्वर से वाद-विवाद करूं.

4 तुम तो झूठी बात का चित्रण कर रहे हो;

तुम सभी अयोग्य वैद्य हो!

5 उत्तम तो यह होता कि तुम चुप रहते!

इसी में सिद्ध हो जाती तुम्हारी बुद्धिमानी.

6 कृपा कर मेरे विवाद पर ध्यान दो;

तथा मेरे होंठों की बहस की बातों पर ध्यान करो.

7 क्या तुम वह बात करोगे, जो परमेश्वर की दृष्टि में अन्यायपूर्ण है?

अथवा वह कहोगे, जो उनकी दृष्टि में छलपूर्ण है?

8 क्या तुम परमेश्वर के लिए पक्षपात करोगे?

क्या तुम परमेश्वर से वाद-विवाद करोगे?

9 क्या जब तुम्हारी परख की जाएगी, तो यह तुम्हारे हित में होगा?

अथवा तुम मनुष्यों के समान परमेश्वर से छल करने का यत्न करने लगोगे?

10 यदि तुम गुप्‍त में पक्षपात करोगे,

तुम्हें उनकी ओर से फटकार ही प्राप्‍त होगी.

11 क्या परमेश्वर का माहात्म्य तुम्हें भयभीत न कर देगा?

क्या उनका आतंक तुम्हें भयभीत न कर देगा?

12 तुम्हारी उक्तियां राख के नीतिवचन के समान हैं;

तुम्हारी प्रतिरक्षा मिट्टी समान रह गई है.

13 “मेरे सामने चुप रहो, कि मैं अपने विचार प्रस्तुत कर सकूं;

तब चाहे कैसी भी समस्या आ पड़े.

14 भला मैं स्वयं को जोखिम में क्यों डालूं

तथा अपने प्राण हथेली पर लेकर घुमूं?

15 चाहे परमेश्वर मेरा घात भी करें, फिर भी उनमें मेरी आशा बनी रहेगी;

परमेश्वर के सामने मैं अपना पक्ष प्रस्तुत करूंगा.

16 यही मेरी छुटकारे का कारण होगा,

क्योंकि कोई बुरा व्यक्ति उनकी उपस्थिति में प्रवेश करना न चाहेगा!

17 बड़ी सावधानीपूर्वक मेरा वक्तव्य सुन लो;

तथा मेरी घोषणा को मन में बसा लो.

18 अब सुन लो, प्रस्तुति के लिए मेरा पक्ष तैयार है,

मुझे निश्चय है मुझे न्याय प्राप्‍त होकर रहेगा.

19 कौन करेगा मुझसे वाद-विवाद?

यदि कोई मुझे दोषी प्रमाणित कर दे, मैं चुप होकर प्राण त्याग दूंगा.

20 “परमेश्वर, मेरी दो याचनाएं पूर्ण कर दीजिए,

तब मैं आपसे छिपने का प्रयास नहीं करूंगा.

21 मुझ पर से अपना कठोर हाथ दूर कर लीजिए,

तथा अपने आतंक मुझसे दूर कर लीजिए.

22 तब मुझे बुला लीजिए कि मैं प्रश्नों के उत्तर दे सकूं,

अथवा मुझे बोलने दीजिए, और इन पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कीजिए.

23 कितने हैं मेरे पाप एवं अपराध?

प्रकट कर दीजिए, मेरा अपराध एवं मेरा पाप.

24 आप मुझसे अपना मुख क्यों छिपा रहे हैं?

आपने मुझे अपना शत्रु क्यों मान लिया है?

25 क्या आप एक वायु प्रवाह में उड़ती हुई पत्ती को यातना देंगे?

क्या आप सूखी भूसी का पीछा करेंगे?

26 आपने मेरे विरुद्ध कड़वे आरोपों की सूची बनाई है

तथा आपने मेरी युवावस्था के पापों को मुझ पर लाद दिया है.

27 आपने मेरे पांवों में बेड़ियां डाल दी है;

आप मेरे मार्गों पर दृष्टि रखते हैं.

इसके लिए आपने मेरे पांवों के तलवों को चिन्हित कर दिया है.

28 “तब मनुष्य किसी सड़ी-गली वस्तु के समान नष्ट होता जाता है,

उस वस्त्र के समान, जिसे कीड़े खा चुके हों.

14:1 “स्त्री से जन्मे मनुष्य का जीवन,

अल्पकालिक एवं दुःख भरा होता है.

2 उस पुष्प समान, जो खिलता है तथा मुरझा जाता है;

वह तो छाया-समान द्रुत गति से विलीन हो जाता तथा अस्तित्वहीन रह जाता है.

3 क्या इस प्रकार का प्राणी इस योग्य है कि आप उस पर दृष्टि बनाए रखें

तथा उसका न्याय करने के लिए उसे अपनी उपस्थिति में आने दें?

4 अशुद्ध में से किसी शुद्ध वस्तु की सृष्टि कौन कर सकता है?

कोई भी इस योग्य नहीं है!

5 इसलिये कि मनुष्य का जीवन सीमित है;

उसके जीवन के माह आपने नियत कर रखे हैं.

साथ आपने उसकी सीमाएं निर्धारित कर दी हैं, कि वह इनके पार न जा सके.

6 जब तक वह वैतनिक मज़दूर समान अपना समय पूर्ण करता है उस पर से अपनी दृष्टि हटा लीजिए,

कि उसे विश्राम प्राप्‍त हो सके.

7 “वृक्ष के लिए तो सदैव आशा बनी रहती है:

जब उसे काटा जाता है,

उसके तने से अंकुर निकल आते हैं. उसकी डालियां विकसित हो जाती हैं.

8 यद्यपि भूमि के भीतर इसकी मूल जीर्ण होती जाती है

तथा भूमि में इसका ठूंठ नष्ट हो जाता है,

9 जल की गंध प्राप्‍त होते ही यह खिलने लगता है

तथा पौधे के समान यह अपनी शाखाएं फैलाने लगता है.

10 किंतु मनुष्य है कि, मृत्यु होने पर वह पड़ा रह जाता है;

उसका श्वास समाप्‍त हुआ, कि वह अस्तित्वहीन रह जाता है.

11 जैसे सागर का जल सूखते रहता है

तथा नदी धूप से सूख जाती है,

12 उसी प्रकार मनुष्य, मृत्यु में पड़ा हुआ लेटा रह जाता है;

आकाश के अस्तित्वहीन होने तक उसकी स्थिति यही रहेगी,

उसे इस गहरी नींद से जगाया जाना असंभव है.

13 “उत्तम तो यही होता कि आप मुझे अधोलोक में छिपा देते,

आप मुझे अपने कोप के ठंडा होने तक छिपाए रहते!

आप एक अवधि निश्चित करके

इसके पूर्ण हो जाने पर मेरा स्मरण करते!

14 क्या मनुष्य के लिए यह संभव है कि उसकी मृत्यु के बाद वह जीवित हो जाए?

अपने जीवन के समस्त श्रमपूर्ण वर्षों में मैं यही प्रतीक्षा करता रह जाऊंगा.

कब होगा वह नवोदय?

15 आप आह्वान करो, तो मैं उत्तर दूंगा;

आप अपने उस बनाए गये प्राणी की लालसा करेंगे.

16 तब आप मेरे पैरों का लेख रखेंगे

किंतु मेरे पापों का नहीं.

17 मेरे अपराध को एक थैली में मोहरबन्द कर दिया जाएगा;

आप मेरे पापों को ढांप देंगे.

18 “जैसे पर्वत नष्ट होते-होते वह चूर-चूर हो जाता है,

चट्टान अपने स्थान से हट जाती है.

19 जल में भी पत्थरों को काटने की क्षमता होती है,

तीव्र जल प्रवाह पृथ्वी की धूल साथ ले जाते हैं,

आप भी मनुष्य की आशा के साथ यही करते हैं.

20 एक ही बार आप उसे ऐसा हराते हैं, कि वह मिट जाता है;

आप उसका स्वरूप परिवर्तित कर देते हैं और उसे निकाल देते हैं.

21 यदि उसकी संतान सम्मानित होती है, उसे तो इसका ज्ञान नहीं होता;

अथवा जब वे अपमानित किए जाते हैं, वे इससे अनजान ही रहते हैं.

22 जब तक वह देह में होता है, पीड़ा का अनुभव करता है,

इसी स्थिति में उसे वेदना का अनुभव होता है.”