भाग 7: महान गलीलवासी सेवाकार्य
संभवतः ईस्वी सन् 27 की शरद ऋतु से 29 की वसंत ऋतु तक (प्रतीत होता है कि लगभग डेढ़ वर्ष)
मार्कोस इस अवधि का बहुत विस्तार से वर्णन करते हैं और लूकॉस इसका संक्षिप्त विवरण देते हैं, जबकि मत्तियाह का विवरण इस भाग में मुख्यतः विषयवार है। मार्कोस का सुसमाचार सीधे गलीलवासियों के बीच महान सेवाकार्य के वर्णन से आरंभ होता है (तुलना करें प्रेरितों के काम 10:36–43 में कॉरनेलियॉस के घराने को दिए गए मसीह के जीवन के विषय में पेतरॉस के संक्षिप्त विवरण से)। सामग्री की अधिकता के कारण उसे स्पष्ट समूहों में बाँटना कठिन है, फिर भी घटनाएँ आगे बढ़ती जाती हैं।
- नाज़रेथ में अस्वीकार किए जाने पर येशु कफ़रनहूम में रहने जाते हैं
- येशु की बढ़ती ख्याति के साथ चार मछुआरों को लेकर गलील का पहला दौरा और लौटने पर मत्तियाह (लेवी) की बुलाहट।
- येरूशलेम और गलील में शब्बाथ का विवाद
- येशु बारह को चुनते और पहाड़ पर उपदेश देते हैं
- मसीह का प्रभाव बढ़ता है और योहन बंदीगृह से पूछताछ करते हैं
- गलील का दूसरा दौरा (अब बारह के साथ), और फ़रीसियों की तीव्र शत्रुता।
- दृष्टांतों का पहला बड़ा समूह, साथ में गेरासा (कुर्सी) की यात्रा और नाज़रेथ की अंतिम यात्रा।
- गलील का तीसरा दौरा (जिसमें येशु बारह शिष्यों के पीछे जाते हैं), और हेरोदेस अन्तिपास पर उसका प्रभाव।
येशु गलील में शिक्षा देते हैं
गलील में येशु की शिक्षा का सामान्य विवरण।
27 से 29 तक ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
मत्तियाह 4:17
4:17 उस समय से येशु ने यह उपदेश देना प्रारंभ कर दिया, “मन फिराओ क्योंकि स्वर्ग-राज्य पास आ गया है.”
मार्कास 1:15
1:15 उनका संदेश था, “समय पूरा हो चुका है, परमेश्वर का राज्य पास आ गया है. मन फिराओ तथा सुसमाचार में विश्वास करो.”
लूकॉस 4:15
4:15 प्रभु येशु यहूदी सभागृहों में शिक्षा देते थे तथा सभी उनकी सराहना करते थे.
काना में येशु एक अधिकारी के पुत्र को चंगा करते हैं
काना में येशु कफ़रनहूम के एक राजकीय अधिकारी के पुत्र को चंगा करते हैं।
यहाँ, नाज़रेथ में अस्वीकार किए जाने और कफ़रनहूम में नया घर बसाने के इस दौर में, येशु फिर से काना और नाज़रेथ जाते हैं, गलील सागर के किनारे चार मछुआरों को दोबारा बुलाते हैं और कफ़रनहूम में शिक्षा देने और चंगा करने का अपना सेवाकार्य आरंभ करते हैं।
योहन 4:46–54
4:46 मसीह येशु दोबारा गलील प्रदेश के काना नगर में आए, जहां उन्होंने जल को दाखरस में बदला था. कफ़रनहूम नगर में एक राजकर्मचारी था, जिसका पुत्र अस्वस्थ था. 47 यह सुनकर कि मसीह येशु यहूदिया प्रदेश से गलील में आए हुए हैं, उसने आकर मसीह येशु से विनती की कि वह चलकर उसके पुत्र को स्वस्थ कर दें, जो मृत्यु-शय्या पर है.
48 इस पर मसीह येशु ने उसे झिड़की देते हुए कहा, “तुम लोग तो चिह्न और चमत्कार देखे बिना विश्वास ही नहीं करते!”
49 राजकर्मचारी ने उनसे दोबारा विनती की, “श्रीमन, इससे पूर्व कि मेरे बालक की मृत्यु हो, कृपया मेरे साथ चलें.”
50 मसीह येशु ने उससे कहा, “जाओ, तुम्हारा पुत्र जीवित रहेगा.”
उस व्यक्ति ने मसीह येशु के वचन पर विश्वास किया और घर लौट गया. 51 जब वह मार्ग में ही था, उसके दास उसे मिल गए और उन्होंने उसे सूचना दी, “स्वामी, आपका पुत्र स्वस्थ हो गया है.”
52 “वह किस समय से स्वस्थ होने लगा था?” उसने उनसे पूछा. उन्होंने कहा, “कल लगभग दोपहर एक बजे उसका ज्वर उतर गया.”
53 पिता समझ गया कि यह ठीक उसी समय हुआ जब मसीह येशु ने कहा था, “तुम्हारा पुत्र जीवित रहेगा.” इस पर उसने और उसके सारे परिवार ने मसीह येशु में विश्वास किया.
54 यह दूसरा अद्भुत चिह्न था, जो मसीह येशु ने यहूदिया प्रदेश से लौटकर गलील प्रदेश में किया.
नाज़रेथ पहली बार येशु को अस्वीकार करता है
लूकॉस 4:16–31
4:16 प्रभु येशु नाज़रेथ नगर आए, जहां उनका पालन पोषण हुआ था. शब्बाथ पर अपनी रीति के अनुसार वह यहूदी सभागृह में जाकर पवित्र शास्त्र पढ़ने के लिए खड़े हो गए. 17 उन्हें भविष्यवक्ता यशायाह का अभिलेख दिया गया. उन्होंने उसमें वह जगह निकाली, जहां लिखा है:
18 “प्रभु का आत्मा मुझ पर है,
क्योंकि उन्होंने मेरा अभिषेक किया है,
कंगालों को सुसमाचार देने के लिए,
और बंदियों के लिए मुक्ति का प्रचार करने के लिए
और अंधों को रोशनी,
कुचले हुओं को कष्ट से छुड़ाने
19 तथा प्रभु की कृपादृष्टि का वर्ष के प्रचार के लिए भेजा है.”
20 तब उन्होंने पुस्तक बंद करके सेवक के हाथों में दे दी और स्वयं बैठ गए. सभागृह में हर एक व्यक्ति उन्हें एकटक देख रहा था. 21 प्रभु येशु ने आगे कहा, “आज आपके सुनते-सुनते यह लेख पूरा हुआ.”
22 सभी प्रभु येशु की सराहना कर रहे थे तथा उनके मुख से निकलने वाले सुंदर विचारों ने सबको चकित कर रखा था. वे आपस में पूछ रहे थे, “यह योसेफ़ का ही पुत्र है न?”
23 प्रभु येशु ने उन्हें संबोधित करते हुए कहा, “मैं जानता हूं कि आप मुझसे यह कहना चाहेंगे, ‘अरे चिकित्सक! पहले स्वयं को तो स्वस्थ कर! अपने गृहनगर में भी वह सब कर दिखा, जो हमने तुझे कफ़रनहूम में करते सुना है.’ ”
24 प्रभु येशु ने आगे कहा, “वास्तव में कोई भी भविष्यवक्ता अपने गृहनगर में सम्मान नहीं पाता. 25 सच तो यह है कि एलियाह के समय में जब साढ़े तीन साल आसमान बंद होकर वर्षा न हुई, इस्राएल राष्ट्र में अनेक विधवाएं थी, तथा सभी राष्ट्र में भयंकर अकाल पड़ा; 26 एलियाह को उनमें से किसी के पास नहीं भेजा गया, अतिरिक्त उसके, जो सीदोन प्रदेश के ज़रफता नगर में थी. 27 वैसे ही भविष्यवक्ता एलीशा के समय में इस्राएल राष्ट्र में अनेक कोढ़ रोगी थे किंतु सीरियावासी नामान के अतिरिक्त कोई भी शुद्ध नहीं किया गया.”
28 यह सुनते ही यहूदी सभागृह में इकट्ठा सभी व्यक्ति अत्यंत क्रोधित हो गए. 29 उन्होंने प्रभु येशु को धक्के मारते हुए नगर के बाहर निकाल दिया और उन्हें खींचते हुए उस पर्वत शिखर पर ले गए, जिस पर वह नगर बसा हुआ था कि उन्हें चट्टान पर से नीचे धकेल दें 30 किंतु प्रभु येशु बचते हुए भीड़ के बीच से निकल गए.
31 वहां से वह गलील प्रदेश के कफ़रनहूम नामक नगर में आए और शब्बाथ पर लोगों को शिक्षा देने लगे.
येशु कफ़रनहूम में अपना घर बसाते हैं
मत्तियाह 4:13–16
4:13 और नाज़रेथ नगर को छोड़ कफ़रनहूम नगर में बस गए, जो झील तट पर ज़ेबुलून तथा नफताली नामक क्षेत्र में था. 14 ऐसा इसलिये हुआ कि भविष्यवक्ता यशायाह की यह भविष्यवाणी पूरी हो:
15 यरदन नदी के पार समुद्रतट पर बसे ज़ेबुलून तथा नफताली प्रदेश
अर्थात् गलील प्रदेश में,
जहां गैर-इस्राएली बसे हुए हैं,
16 अंधकार में जी रहे लोगों ने
एक बड़ी ज्योति को देखा;
गहन अंधकार के निवासियों पर
ज्योति चमकी.