येरूशलेम के कष्टों और विनाश की भविष्यवाणी (continued)
595 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 याहवेह का यह वचन मेरे पास आया: 2 “हे मनुष्य के पुत्र, अपना मुंह इस्राएल के पर्वतों की ओर करके उनके विरुद्ध भविष्यवाणी करो 3 और कहो: हे इस्राएल के पर्वतों, परम प्रधान याहवेह की बातों को सुनो. परम प्रधान याहवेह पर्वतों, पहाड़ियों, तराइयों और घाटियों से यह कहते हैं: मैं तुम पर एक तलवार चलवानेवाला हूं, और मैं तुम्हारे पूजा के ऊंचे स्थानों को नष्ट कर दूंगा. 4 तुम्हारी वेदियां ढहा दी जाएंगी और तुम्हारी धूप की वेदियां टुकड़े-टुकड़े कर दी जाएंगी; और मैं तुम्हारी मूर्तियों के सामने तुम्हारे लोगों का वध करूंगा. 5 मैं इस्राएलियों के लाशों को उनके मूर्तियों के सामने रख दूंगा, और मैं तुम्हारी हड्डियों को तुम्हारी वेदियों के चारों ओर बिखेर दूंगा. 6 तुम जहां कहीं भी निवास करोगे, वे नगर उजड़ जाएंगे और पूजा के ऊंचे स्थान गिरा दिये जाएंगे, ताकि तुम्हारी वेदियां उजड़ कर बरबाद हो जाएं, तुम्हारी मूर्तियां टुकड़े-टुकड़े होकर नष्ट हो जाएं, तुम्हारी धूप की वेदियां टूटकर नष्ट हो जाएं, और जो तुमने बनाया है उसे मिटा दिया जाए. 7 तुम्हारे लोगों के वध किए गये शव तुम्हारे ही बीच आ गिरेंगे, और तब तुम जानोगे मैं याहवेह हूं.
8 “ ‘फिर भी, मैं कुछ लोगों को छोड़ दूंगा, क्योंकि जब तुम देश-देश और जाति-जाति के बीच बिखर जाओगे, तो तुममें से कुछ तलवार की मार से बच जाएंगे. 9 तब उन जातियों के बीच, जहां वे बंधुआ होकर गये होंगे, और बच गये होंगे, वे मुझे याद करेंगे—कैसे मैं उनके व्यभिचारी हृदयों से दुःखी हुआ हूं, जो मुझसे दूर हो गये हैं और कैसे मैं उनकी आंखों से दुःखी हुआ हूं, जो उनकी मूर्तियों की लालसा करते हैं. तब किए गये अपने बुरे कामों और अपने सारे घृणित कार्यों के कारण उन्हें स्वयं से घृणा हो जाएगी. 10 और तब वे जान जाएंगे कि मैं याहवेह हूं; मैंने उन पर यह विपत्ति लाने की खोखली धमकी नहीं दी है.
11 “ ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: अपने हाथों को एक साथ मारकर अपने पैरों को पटको और चिल्लाकर कहो, “हाय!” इस्राएल के लोगों के सब दुष्ट और घृणित कामों के कारण उनका विनाश तलवार, अकाल और महामारी से होगा. 12 वह जो दूर है, वह महामारी से मारा जाएगा, और वह जो पास है, वह तलवार से मारा जाएगा, और वह जो जीवित रहेगा और छोड़ दिया गया होगा, वह अकाल से मारा जाएगा. इस प्रकार मैं अपना कोप उन पर प्रगट करूंगा. 13 और तब वे जान जाएंगे कि मैं याहवेह हूं, जब उनकी वेदियों के चारों ओर उनके मूर्तियों के बीच, हर एक उच्च पहाड़ी पर और पहाड़ों के चोटी पर, हर एक फैले हुए पेड़ और हर एक पत्तीवाले बांज वृक्ष के नीचे और हर वह स्थान, जहां वे अपने सब मूर्तियों को सुगंधित धूप चढ़ाते हैं, वहां अपने लोगों को मरे पड़े हुए देखेंगे. 14 और मैं उनके विरुद्ध अपना हाथ बढ़ाऊंगा और उनके देश को निर्जन स्थान से लेकर दिबलाह तक, जहां कहीं भी वे रहते हैं उन सब जगहों को उजाड़ दूंगा. तब वे जान जाएंगे कि मैं याहवेह हूं.’ ”
7:1 याहवेह का यह वचन मेरे पास आया: 2 “हे मनुष्य के पुत्र, परम प्रधान याहवेह का इस्राएल देश को यह कहना है:
“ ‘अंत! देश के चारों ओर
अंत का समय आ गया है!
3 तुम्हारा अंत आ गया है,
अब मैं अपना क्रोध तुम्हारे विरुद्ध प्रगट करूंगा.
मैं तुम्हारे आचरण के अनुसार तुम्हारा न्याय करूंगा
और तुम्हारे सारे घृणित कार्यों का बदला लूंगा.
4 मैं तुम्हारे ऊपर दया दृष्टि नहीं करूंगा;
मैं तुम्हें नहीं छोड़ूंगा.
मैं निश्चय ही तुम्हारे आचरण का
और तुम्हारे बीच तुम्हारे घृणित कार्यों का तुमसे बदला लूंगा.
तब तुम जानोगे कि मैं याहवेह हूं.’
5 “परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:
“ ‘घोर विपत्ति! न सुनी गई घोर विपत्ति!
देखो, वह आ रही है!
6 अंत आ गया है!
अंत आ गया है!
वह स्वयं तुम्हारे विरुद्ध जाग गया है.
देखो, वह आ रहा है!
7 विनाश तुम्हारे ऊपर आ चुका है,
तुम्हारे ऊपर, जो इस देश में रहते हो.
वह समय आ गया है! वह दिन निकट है!
पर्वतों पर आनंद नहीं, पर आतंक है.
8 मैं तुम पर अपना कोप उण्डेलने ही वाला हूं
और अपना क्रोध तुम पर प्रगट करने ही वाला हूं.
मैं तुम्हारे आचरण के अनुसार तुम्हारा न्याय करूंगा
और तुम्हारे सब घृणित कार्यों का बदला तुमसे लूंगा.
9 मैं तुम पर कृपादृष्टि नहीं करूंगा;
मैं तुम्हें नहीं छोड़ूंगा.
मैं तुमसे तुम्हारे आचरण
और तुम्हारे बीच घृणित कार्यों का बदला लूंगा.
तब तुम जानोगे कि यह मैं वह याहवेह हूं, जो तुम पर प्रहार करता है.
10 “ ‘देखो, उस दिन को!
देखो, वह दिन आ रहा है!
तुम्हारा विनाश फट चुका है,
लाठी अंकुरित हो चुकी है,
अहंकार खिलकर फूल बन चुका है.
11 हिंसा, दुष्ट को सजा देने के लिये
एक लाठी बन गयी है.
उन लोगों में से कोई भी नहीं बचेगा,
उस भीड़ का कोई भी नहीं—
न उनकी धन-संपत्ति
और न ही उनकी कोई मूल्यवान वस्तु बचेगी.
12 समय आ गया है!
वह दिन आ चुका है!
खरीदनेवाला आनंदित न हो
और न ही बेचनेवाला दुःखी हो,
क्योंकि मेरा कोप पूरे भीड़ पर है.
13 जब तक खरीदनेवाला और बेचनेवाला जीवित हैं,
तब तक बेचनेवाले को
उसकी बिकी हुई संपत्ति वापस नहीं मिलेगी.
क्योंकि पूरे भीड़ के बारे में जो दर्शन है
उसे पलटा नहीं जाएगा.
अपने पापों के कारण, उनमें से कोई भी
अपने जीवन को बचा न सकेगा.
14 “ ‘उन्होंने तुरही बजाई,
और सारी तैयारी भी पूरी कर ली,
परंतु युद्ध में कोई भी नहीं जाता,
क्योंकि सारी भीड़ पर मेरा कोप है.
15 बाहर में तलवार है;
भीतर महामारी और अकाल है.
जो बाहर मैदान में है,
वे तलवार से मरेंगे;
जो शहर में हैं,
वे अकाल और महामारी से मारे जाएंगे.
16 जो भगोड़े बच निकलेंगे,
वे पर्वतों पर भाग जाएंगे
वे घाटियों के पड़कियों
के जैसे विलाप करेंगे,
हर एक अपने स्वयं के पाप के लिए.
17 हर एक के हाथ पंगु हो जाएंगे;
हर एक के घुटने पानी के नाई कमजोर हो जाएंगे!
18 वे टाट के कपड़े पहनेंगे
और आतंक से भर जाएंगे.
हर एक का मुंह लज्जा से ढका होगा,
और हर एक सिर मुंडन किया होगा.
19 “ ‘वे अपनी चांदी को गलियों में फेंक देंगे,
और उनका सोना अशुद्ध वस्तु ठहरेगा.
याहवेह के कोप के दिन
उनका चांदी और सोना
उनको बचा न सकेगा.
यह उनके भूख को नहीं मिटाएगा
या उनके पेट को नहीं भरेगा,
क्योंकि यह उनके पाप में पड़ने का कारण हुआ है.
20 उन्होंने अपने सुंदर गहनों पर घमंड किया है,
और इनका उपयोग अपने घृणित मूर्तियां बनाने में किया है.
उनसे उन्होंने निकम्मी मूर्तियां बनाई हैं;
इसलिये मैं इसे उनके लिए अशुद्ध वस्तु बना दूंगा.
21 मैं उनके धन-संपत्ति को लूट के रूप में
विदेशियों को और पृथ्वी के दुष्ट लोगों को दे दूंगा,
जो उसे दूषित कर देंगे.
22 मैं लोगों से अपना मुंह मोड़ लूंगा,
और लुटेरे मेरे बहुमूल्य स्थान को अपवित्र करेंगे.
वे इसमें प्रवेश करेंगे
और इसे अशुद्ध कर देंगे.
23 “ ‘बेड़ी तैयार करो!
क्योंकि देश रक्तपात से,
और शहर हिंसा से भर गया है.
24 मैं जनताओं के सबसे बुरे लोगों को लाऊंगा
कि वे उनके घरों पर अधिकार कर लें.
मैं बलवान के घमंड का अंत कर दूंगा,
और उनके पवित्र स्थान अपवित्र किए जाएंगे.
25 जब आतंक आयेगा,
तब वे बेकार में शांति की खोज करेंगे.
26 विपत्ति के ऊपर विपत्ति आएगी,
और अफवाह के ऊपर अफवाह फैलेगा.
वे भविष्यवक्ता से दर्शन की खोज करेंगे,
कानून में पुरोहित के निर्देश बंद हो जाएंगे,
अगुओं की सलाह खत्म हो जाएगी.
27 राजा विलाप करेगा,
राजकुमार के लिए निराशा उसका कपड़ा हो जाएगा,
और देशवासियों के हाथ कांपने लगेंगे.
मैं उनके साथ उनके आचरण के अनुरूप व्यवहार करूंगा,
और उन्हीं के स्तर से मैं उनका न्याय करूंगा.
तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.’ ”