भाग 6: याकोब और कुलपिताओं की मृत्यु
याकोब अपने पुत्रों को आशीर्वाद देता है और उसकी मृत्यु होती है
1689 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
27 इस्राएल मिस्र देश के गोशेन नामक जगह पर रह रहे थे, वहां वे फलते फूलते धन-संपत्ति अर्जित करते गये और संख्या में कई गुणा बढ़ते गये.
28 मिस्र में याकोब को सत्रह साल हो चुके थे, और वे एक सौ सैंतालीस वर्ष तक रहे. 29 जब इस्राएल मरने पर थे, उन्होंने अपने पुत्र योसेफ़ को पास बुलाया और कहा, “यदि तुम मुझसे प्रेम करते हो तो मेरी जांघ के नीचे अपना हाथ रखकर शपथ लो, कि तुम मुझसे करुणा और विश्वास का बर्ताव करोगे और मुझे मिस्र में नहीं दफ़नाओगे, 30 जब मैं चिर-निद्रा में अपने पूर्वजों से जा मिलूं, तब मुझे मिस्र देश से ले जाना और पूर्वजों के साथ उन्हीं के पास मुझे दफ़नाना.”
योसेफ़ ने कहा, “मैं ऐसा ही करूंगा जैसा आपने कहा है.”
31 याकोब ने कहा, “मुझसे वायदा करो!” योसेफ़ ने उनसे वायदा किया और इस्राएल खाट के सिरहाने की ओर झुक गए.
48:1 कुछ दिन बाद योसेफ़ को बताया गया, “आपके पिता की तबियत ठीक नहीं है.” यह सुन योसेफ़ अपने दोनो पुत्रों; मनश्शेह तथा एफ्राईम को लेकर अपने पिता से मिलने निकल पड़े. 2 किसी ने याकोब को बता दिया, “योसेफ़ आपसे मिलने आ रहे हैं.” तब इस्राएल अपनी सारी शक्ति समेटकर खाट से उठकर बैठ गये.
3 और योसेफ़ से बात करने लगे और कहा, “कनान देश के लूज़ में सर्वशक्तिमान परमेश्वर ने मुझे दर्शन देकर आशीष दी. 4 और कहा, ‘मैं तुम्हें फलवंत करूंगा और तुझे राज्य-राज्य के समूह का मुखिया बनाऊंगा और यह देश तुम्हें और बाद में तुम्हारे वंश को सदाकाल के लिये दूंगा.’
5 “तुम्हारे ये दोनो पुत्र, जिनका जन्म मिस्र में मेरे आने से पहले हुआ है, वे मेरी संतान हैं; एफ्राईम तथा मनश्शेह मेरे कहलाएंगे, जैसे रियूबेन तथा शिमओन मेरे हैं. 6 किंतु तुम्हारी संतान, जो इन दोनों के बाद जन्मेगी, वह तुम्हारी कहलाएगी. वे अपने भाइयों के प्रदेशों के भीतर मीरास प्राप्त करेंगे. 7 जब मैं पद्दन से आ रहा था और एफ़राथा पहुंचने ही वाले थे कि राहेल की मृत्यु का दुःख मुझ पर आन पड़ा. मैंने उन्हें एफ़राथा के रास्ते अर्थात् बेथलेहेम में दफनाया.”
8 योसेफ़ के पुत्रों को देखकर इस्राएल ने पूछा, “कौन हैं ये?”
9 योसेफ़ ने अपने पिता से कहा, “ये मेरे पुत्र हैं, जो मुझे इस देश में परमेश्वर ने दिये.”
तब याकोब ने कहा, “मेरे पास उन्हें लाओ, कि मैं उन्हें आशीष दूं.”
10 इस्राएल की आंखें उम्र के कारण कमजोर हो गयीं थीं कि वे देख नहीं सकते थे. योसेफ़ अपने पुत्रों को अपने पिता के पास ले गए. याकोब ने उन्हें चूमा और उन्हें गले लगाया.
11 योसेफ़ को देखते हुए इस्राएल ने कहा, “मैंने यह न सोचा था कि तुम्हें फिर से देख पाऊंगा, किंतु परमेश्वर ने मुझे तुम्हारी संतान तक देखने का सौभाग्य दिया.”
12 योसेफ़ ने अपने पुत्रों को अपने पिता की गोद से उतारा और झुककर मुंह के बल प्रणाम किया. 13 फिर योसेफ़ दोनों को इस्राएल के नजदीक ले गये; दाएं हाथ से वह एफ्राईम तथा बाएं हाथ से मनश्शेह को पकड़े हुए थे. एफ्राईम इस्राएल के बाईं ओर था तथा मनश्शेह इस्राएल के दाईं ओर. 14 किंतु इस्राएल ने अपना दायां हाथ छोटे बेटे एफ्राईम के सिर पर तथा अपना बायां हाथ मनश्शेह के सिर पर रखा. याकोब ने जानबूझकर ऐसा किया.
15 योसेफ़ को आशीष देते हुए इस्राएल ने कहा,
“परमेश्वर, जिसके सम्मुख मेरे पूर्वज
अब्राहाम तथा यित्सहाक चलते थे,
वही परमेश्वर, जीवन भर
आज तक मेरा चरवाहा बनकर रहे हैं,
16 वह स्वर्गदूत, जिसने हर पल मेरी रक्षा की है,
वही दोनों बच्चों को आशीषित करें.
और ये दोनों मेरे,
मेरे पिता अब्राहाम तथा मेरे पिता यित्सहाक,
के नाम को ऊंचा करें.
और पृथ्वी में बढ़ते जाये.”
17 जब योसेफ़ ने देखा कि उनके पिता ने अपना दायां हाथ एफ्राईम के सिर रखा है तो उन्हें अच्छा नहीं लगा वे अपने पिता का दायां हाथ पकड़कर एफ्राईम के सिर पर से हटाकर मनश्शेह के सिर पर रखने लगे. 18 योसेफ़ ने अपने पिता से कहा, “वह नहीं, पिताजी, बड़ा बेटा यह है; आप अपना दायां हाथ इस पर रख दीजिए.”
19 किंतु उनके पिता ने कहा, “मुझे पता है मेरे पुत्र; यह भी महान बन जाएगा, और बढ़ेगा तो भी उसका छोटा भाई उससे महान हो जाएगा तथा उससे कई जातियां निकलेंगी.” 20 उस दिन इस्राएल ने उन्हें आशीष दी और कहा,
“इस्राएल के लोग तुम्हारा नाम लेकर ऐसे कहेंगे:
‘परमेश्वर तुम्हें एफ्राईम तथा मनश्शेह के समान बना दें.’ ”
यह कहते हुए याकोब ने एफ्राईम को मनश्शेह से अधिक श्रेष्ठ स्थान दे दिया.
21 फिर इस्राएल ने योसेफ़ से कहा, “सुनो, अब मेरी मृत्यु का समय आ गया है, लेकिन परमेश्वर तुम्हारे साथ साथ रहेंगे और तुम्हें अपने पूर्वजों के देश में वापस ले जाएंगे. 22 मैं तुम्हें तुम्हारे भाइयों से बढ़कर हिस्सा ज्यादा दे रहा हूं—वह भाग, जो मैंने अमोरियों से अपनी तलवार एवं धनुष के द्वारा पाया था.”
49:1 तब याकोब ने अपने बेटों को बुलाकर उनसे कहा: “तुम सब एक साथ आओ, ताकि तुम्हें बता सकूं कि तुम्हारे साथ अब क्या-क्या होगा.
2 “याकोब के पुत्रो,
सुनो तथा अपने पिता इस्राएल की बातों पर ध्यान दो.
3 “रियूबेन, तुम तो मेरे बड़े बेटे,
मेरे बल एवं मेरे पौरुष का फल हो,
प्रतिष्ठा और शक्ति का उत्तम भाग तुम ही हो.
4 जो अशांत पानी के समान उग्र हैं,
इसलिये तुम महान न बनोगे,
क्योंकि तुमने अपने पिता के बिछौने को अशुद्ध किया.
5 “शिमओन तथा लेवी भाई-भाई हैं;
उनकी तलवारें हिंसा का साधन हैं.
6 ऐसा कभी न हो कि मुझे उनकी सभा में जाना पड़े,
मैं उनकी सभाओं से न जुडूं,
क्योंकि गुस्से में उन्होंने मनुष्यों को मार डाला
तथा सनक में उन्होंने बैलों की नसें काट दी.
7 शापित है उनका क्रोध जो भीषण हैं और उनका ऐसा गुस्सा,
जो निर्दयी और क्रूर है!
मैं उन्हें याकोब में बांट दूंगा.
और उन्हें इस्राएल में तितर-बितर कर दूंगा.
8 “यहूदाह, तुम्हारे भाई तुम्हारी प्रशंसा करेंगे;
तुम्हारा हाथ तुम्हारे शत्रुओं की गर्दन पर पड़ेगा;
तुम्हारे पिता की अन्य संतान तुम्हारे सम्मान में झुक जाएंगे.
9 यहूदाह तो जवान सिंह के समान है;
हे मेरे पुत्र, तुम अपने शिकार पर खड़े शेर के समान हो
जो आराम करने के लिए लेटता है,
किसमें उसे छेड़ने का साहस है?
10 यहूदाह से राजदंड कभी भी अलग न होगा
और न ही उसके वंश से शासन का राजदंड, दूर होगा,
जब तक वह न आ जाये और
राज्य-राज्य के लोग उसके अधीन रहेंगे.
11 अपने गधे को दाखलता से बांध देता है,
तथा गधे के बच्चे को उत्तम दाखलता पर बांधेगा;
उसने अपना वस्त्र दाखमधु में धोया है,
तथा बाहरी वस्त्र दाखरस में धोया है.
12 उसकी आंखें दाखमधु से चमकीली तथा,
उसके दांत दूध से भी अधिक सफेद होंगे.
13 “ज़ेबुलून सागर के किनारे रहेगा
और इसका समुद्री तट जहाजों के लिए सुरक्षित होगा,
और उसकी सीमा सीदोन देश तक फैल जायेगी.
14 “इस्साखार एक बलवंत गधा है,
वह पशुओं के बाड़े के बीच रहता है.
15 जब उसने देखा कि आराम करने की जगह ठीक है,
कि भूमि सुखदाई है,
तब उसने अपने कंधे को बोझ उठाने के लिए झुका दिया
और वह बेगार का दास बन जायेगा.
16 “दान अपने लोगों का न्याय
इस्राएल के एक गोत्र जैसा करेगा.
17 दान मार्ग का एक सांप होगा,
पथ पर एक सर्प!
वह घोड़े की एड़ी को डसता है,
और सवार अचानक गिर जाता है.
18 “हे याहवेह, मैं आपके उद्धार की बाट जोहता हूं.
19 “गाद पर छापामार छापा मारेंगे,
किंतु वह भी उनकी एड़ी पर मारेगा.
20 “आशेर का अन्न बहुत उत्तम होगा
और वह राजसी भोजन उपलब्ध कराएगा.
21 “नफताली छोड़ी हुई हिरणी के समान है जो
सुंदर बच्चों को जन्म देती है.
22 “योसेफ़ तो फल से भरी एक शाखा है
जो सोते के पास लगी हुई फलवंत लता की
एक शाखा है जो बाड़े के सहारे चढ़ी हैं.
23 धनुष चलानेवाले ने धनुष चलाया
और तीर छोड़ा और लगकर दर्द हुआ.
24 परंतु उसका धनुष दृढ़ रहा,
उसकी बांहें मजबूत रहीं,
यह याकोब के सर्वशक्तिमान परमेश्वर की ओर से था,
जो इस्राएल के चरवाहे तथा चट्टान हैं.
25 तुम्हारे पिता के परमेश्वर की ओर से,
जो तुम्हारे सहायक हैं तथा उस सर्वशक्तिमान से
जो स्वर्गीय आशीषों से तुम्हें आशीषित करेंगे,
वे आशीषें, जो नीचे गहराइयों से आती हैं,
स्तनों तथा गर्भ की आशीषें देगा.
26 तुम्हारे पिता की आशीषें तो मेरे पूर्वजों के पहाड़ों से बढ़कर हैं
ये अनंत पर्वतों से संबंधित आशीषों से बढ़कर हैं.
ये ही आशीषें योसेफ़ पर प्रकट होकर उसके सिर का मुकुट बनें,
जो सब भाइयों से प्रतिष्ठित हुआ है.
27 “बिन्यामिन एक क्रूर भेड़िया है;
सवेरे वह अहेर का सेवन करता है,
शाम को वह लूट सामग्री बांटा करता है.”
28 ये सभी इस्राएल के बारह गोत्र हैं उनके पिता ने उनके बारे में तब कहा जब वह उन्हें आशीष दे रहे थे, और उनमें से एक-एक को इन्हीं वचनों से आशीष दी.
29 तब इस्राएल ने कहा, “मुझे मेरे पूर्वजों की उसी गुफ़ा में दफनाना, जो एफ्रोन हित्ती के खेत में है, 30 कनान देश में उस कब्रस्थान में, जो माखपेलाह के खेत में, ममरे के पास है, जिसे अब्राहाम ने हित्ती एफ्रोन से खरीदा था. 31 वहां उन्होंने अब्राहाम तथा उनकी पत्नी साराह को दफनाया था, वहीं उन्होंने यित्सहाक तथा उनकी पत्नी रेबेकाह को दफनाया तथा वहीं मैंने लियाह को भी दफनाया है; 32 वह खेत गुफा सहित हित्तियों से खरीदा है.”
33 जब याकोब अपने पुत्रों को ये आदेश दे चुके, तब उन्होंने अपने पैर अपने बिछौने पर कर लिए तथा आखिरी सांस ली, वे अपने पूर्वजों से जा मिले.