हदद बच निकलता है (continued)
1040 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
एक गीत. दावीद का एक स्तोत्र.
1 परमेश्वर, मेरा हृदय निश्चिंत है;
मैं संपूर्ण हृदय से संगीत बनाऊंगा, और गाऊंगा.
2 नेबेल और किन्नोर जागो!
मैं सुबह को जागृत करूंगा.
3 याहवेह, मैं लोगों के मध्य आपका आभार व्यक्त करूंगा;
राष्ट्रों के मघ्य मैं आपका स्तवन करूंगा.
4 क्योंकि आपका करुणा-प्रेम आकाश से भी महान है;
आपकी सच्चाई अंतरीक्ष तक जा पहुंचती है.
5 परमेश्वर, आप सर्वोच्च स्वर्ग में बसे हैं;
आपकी महिमा समस्त पृथ्वी को तेजोमय करें.
6 अपने दायें हाथ से हमें छुड़ाकर हमें उत्तर दीजिए,
कि आपके प्रिय पात्र छुड़ाए जा सकें.
7 परमेश्वर ने अपने पवित्र स्थान में घोषणा की है:
“अपने विजय में मैं शेकेम को विभाजित करूंगा,
तथा मैं सुक्कोथ घाटी को नाप कर बंटवारा कर दूंगा.
8 गिलआद पर मेरा अधिकार है, मनश्शेह पर मेरा अधिकार है;
एफ्राईम मेरे सिर का रखवाला है,
यहूदाह मेरा राजदंड है.
9 मोआब राष्ट्र मेरे हाथ धोने का पात्र है,
और एदोम राष्ट्र पर मैं अपनी पादुका फेंकूंगा;
फिलिस्तिया के ऊपर उच्च स्वर में जयघोष करूंगा.”
10 कौन ले जाएगा मुझे सुदृढ़-सुरक्षित नगर तक?
कौन पहुंचाएगा मुझे एदोम नगर तक?
11 परमेश्वर, क्या आप ही नहीं, जिन्होंने हमें शोकित छोड़ दिया है
और हमारी सेनाओं को साथ देना भी छोड़ दिया है?
12 शत्रु के विरुद्ध हमारी सहायता कीजिए,
क्योंकि किसी भी मनुष्य द्वारा लायी गयी सहायता निरर्थक है.
13 परमेश्वर के साथ मिलकर हमारी विजय सुनिश्चित होती है,
वही हमारे शत्रुओं को कुचल डालेगा.
1 कुछ समय बाद दावीद ने फिलिस्तीनियों को युद्ध में हराया और फिलिस्तीनियों के कब्जे के गाथ और उसके आस-पास के गांव उनके अधिकार से छीन लिए.
2 दावीद ने मोआब देश को भी हराया और मोआब के लोग दावीद के सेवक हो गए. वे दावीद को कर देने लगे.
3 दावीद ने ज़ोबाह के राजा हादेदेज़र को भी हामाथ तक जाकर हराया क्योंकि हादेदेज़र फरात नदी के तट पर एक स्मारक बनाने की योजना बना रहा था. 4 दावीद ने हादेदेज़र से 1,000 रथ, 7,000 घुड़सवार और 20,000 पैदल सैनिक छीन लिए और रथों के घोड़ों के पैंरो की प्रमुख नस काट दी, किंतु सौ रथों में इस्तेमाल के लिए पर्याप्त घोड़ों को छोड़ दिया.
5 जब ज़ोबाह के राजा हादेदेज़र की सहायता के लिए दमेशेक से अरामी वहां आए, दावीद ने 22,000 अरामियों को मार दिया. 6 दावीद ने दमेशेक के अरामी सैनिकों के बीच एक रक्षक सेना ठहरा दी. अरामी दावीद के सेवक बन गए और उन्हें कर देने लगे, दावीद जहां कहीं गए, उन्हें याहवेह की सहायता मिलती रही.
7 हादेदेज़र के सेवकों द्वारा ले जाई गई सोने की ढालों को दावीद ने लाकर येरूशलेम में रख दिया. 8 इसके अलावा दावीद हादेदेज़र के नगर तिभाह और कून से भारी मात्रा में कांसा ले आए, जिनसे शलोमोन ने पानी रखने के बर्तन, खंभे और दूसरे बर्तन बनाए थे.
9 जब हामाथ के राजा तोऊ ने यह सुना कि दावीद ने ज़ोबाह के राजा हादेदेज़र की संपूर्ण सेना को हरा दिया है, 10 उसने अपने पुत्र हादरोम को राजा दावीद से भेंट करने के लिए भेजा, कि वह राजा को बधाई दे सके; क्योंकि दावीद ने हादेदेज़र से युद्ध कर उसे हरा दिया था. हादेदेज़र तोऊ से युद्ध करता रहा था. राजा तोऊ ने अपने पुत्र के साथ सोने, चांदी और कांसे की तरह-तरह की वस्तुएं भेजी थी.
11 राजा दावीद ने इन सभी वस्तुओं को उन वस्तुओं के साथ याहवेह को समर्पित कर दी, जो वह उन सभी पराजित देशों यानी एदोम, मोआब, अम्मोन के वंशजों, फिलिस्तीनियों और अमालेक से लेकर आए थे.
13 दावीद ने एदोम में गढ़ रक्षक सेना बना दी; सभी एदोमवासी दावीद के सेवक हो गए. दावीद जहां कहीं हमला करते थे, याहवेह ने उन्हें सफलता प्रदान की.
14 दावीद सारे इस्राएल के शासक थे, उन्होंने अपनी सारी प्रजा के लिए न्याय और सच्चाई की व्यवस्था की थी.
15 ज़ेरुइयाह के पुत्र योआब सेना पर अधीक्षक था
और अहीलूद के पुत्र यहोशाफ़ात लेखापाल था;
16 अहीतूब के पुत्र सादोक और अबीयाथर के पुत्र अहीमेलेख पुरोहित थे और
शावसा उनका सचिव था;
17 यहोयादा का पुत्र बेनाइयाह केरेथि और पेलेथी नगरवासियों पर मुख्य अधिकारी बनाया गया था;
दावीद के पुत्र दावीद के साथ उच्च अधिकारी थे.