मिस्र के विरुद्ध यहेजकेल की अंतिम भविष्यवाणी
मिस्र के विरुद्ध अंतिम भविष्यवाणी।
572 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
17 फिर सत्ताईसवें वर्ष के पहले माह के पहले दिन, याहवेह का वचन मेरे पास आया: 18 “हे मनुष्य के पुत्र, बाबेल के राजा नबूकदनेज्ज़र ने अपनी सेना से सोर के विरुद्ध एक कठोर सैनिक अभियान करवाया; हर एक का सिर गंजा हो गया और हर एक का कंधा छिल गया. फिर भी उसे और उसकी सेना को सोर के विरुद्ध किए गए सैनिक अभियान से कोई फायदा नहीं हुआ. 19 इसलिये परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: मैं मिस्र देश को बाबेल के राजा नबूकदनेज्ज़र के अधीन करनेवाला हूं, और वह मिस्र की संपत्ति को ले जाएगा. वह अपनी सेना के भुगतान के रूप में मिस्र देश को लूटेगा और उसके चीज़ों को छीन लेगा. 20 मैंने उसके प्रयत्न करने के कारण उसे मिस्र देश को एक ईनाम के रूप में दिया है, क्योंकि उसने और उसकी सेना ने यह काम मेरे लिये किया, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.
21 “उस दिन मैं इस्राएलियों के लिये एक सींग उगाऊंगा, और मैं उनके बीच तुम्हारे मुंह को खोलूंगा. तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.”
30:1 याहवेह का वचन मेरे पास आया: 2 “हे मनुष्य के पुत्र, भविष्यवाणी करो और कहो: ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:
“ ‘विलाप करो और कहो,
“हाय! उस दिन के लिये!”
3 क्योंकि वह दिन निकट है,
याहवेह का दिन निकट है—
बादलों का एक दिन होगा,
जाति-जाति के लोगों के लिये दंड का दिन होगा.
4 मिस्र के विरुद्ध एक तलवार उठेगी,
और कूश पर पीड़ा का समय आएगा.
जब मिस्र में हत्यायें होंगी,
तब उसकी धन-संपत्ति ले ली जाएगी,
और उसकी नीवें ध्वस्त कर दी जाएंगी.
5 कूश और पूट, लूद और पूरा अरब, लिबिया और वाचा बांधे हुए देश के लोग मिस्र के साथ तलवार से मारे जाएंगे.
6 “ ‘याहवेह का यह कहना है:
“ ‘मिस्र के मित्र देश नाश हो जाएंगे
और उसका अहंकार से भरा बल चूर-चूर हो जाएगा.
मिगदोल से लेकर सेवेनेह तक
वे उसके अंदर ही तलवार से मारे जाएंगे,
परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.
7 वे निर्जन देशों के बीच
निर्जन हो जाएंगे,
और ध्वस्त शहरों के बीच
उनके शहर ध्वस्त पड़े रहेंगे.
8 जब मैं मिस्र में आग लगाऊंगा,
और उसके सारे सहायक कुचले जाएंगे,
तब वे जानेंगे कि मैं ही याहवेह हूं.
9 “ ‘उस दिन संदेशवाहक अपने को सुरक्षित समझते हुए मेरे पास से कूश को डराने के लिये पानी जहाजों में जाएंगे. मिस्र के विनाश के दिन वे पीड़ा से भर जाएंगे, क्योंकि इसका होना निश्चित है.
10 “ ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:
“ ‘मैं बाबेल के राजा नबूकदनेज्ज़र के द्वारा
मिस्र के उपद्रवी लोगों का अंत कर दूंगा.
11 नबूकदनेज्ज़र और उसकी सेना को, जो सारे राष्ट्रों में सबसे क्रूर हैं—
देश को नाश करने के लिये लायी जाएगी.
वे मिस्र पर तलवार चलाएंगे
और देश को हत्या किए हुए लोगों से भर देंगे.
12 मैं नील नदी का पानी सुखा दूंगा
और देश एक दुष्ट जाति के हाथ बेच दूंगा;
विदेशियों के द्वारा
मैं देश और इसमें की सब चीज़ों को उजाड़ दूंगा.
मैं, याहवेह ने यह कहा है.
13 “ ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:
“ ‘मैं मूर्तियों को नष्ट कर दूंगा
और मैमफिस की आकृतियां का अस्तित्व मिटा दूंगा.
मिस्र देश में कोई भी राजकुमार न होगा,
ओर मैं पूरे मिस्र में डर फैला दूंगा.
14 मैं ऊपरी मिस्र को उजाड़ दूंगा,
ज़ोअन नगर को आग लगा दूंगा
तथा थेबेस नगर को दंड दूंगा.
15 सिन पर, जो मिस्र का दृढ़ नगर है,
मेरा कोप भड़केगा,
और मैं थेबेस नगर के उपद्रवी लोगों को नष्ट कर दूंगा.
16 मैं मिस्र पर आग लगा दूंगा;
सिन पीड़ा में तड़पेगा.
थेबेस नगर आंधी में उड़ जाएगा;
मैमफिस नगर लगातार कष्ट में रहेगा.
17 ओन तथा पी-बेसेथ नगर के युवा
तलवार से मारे जाएंगे,
और ये शहर बंधुआई में चले जाएंगे.
18 जब मैं मिस्र के जूआ को तोड़ूंगा,
तब ताहपनहेस नगर में दिन में ही अंधकार हो जाएगा;
तब उसके घमंड से भरे बल का अंत हो जाएगा.
वह बादलों से ढंक जाएगा,
और उसके गांव बंधुआई में चले जाएंगे.
19 इस प्रकार मैं मिस्र को दंड दूंगा,
और वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.’ ”