यहेजकेल फ़रोह और मिस्र के विरुद्ध भविष्यवाणी करता है

मिस्र के विरुद्ध एक भविष्यवाणी।

589 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

यहेजकेल 29:1–16

1 दसवें साल के, दसवें माह के बारहवें दिन, याहवेह का वचन मेरे पास आया: 2 “हे मनुष्य के पुत्र, अपने मुंह को मिस्र देश के राजा फ़रोह की ओर करके उसके और सारे मिस्र के विरुद्ध भविष्यवाणी करो. 3 तुम यह कहो: ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:

“ ‘हे मिस्र के राजा फ़रोह, मैं तुम्हारे विरुद्ध हूं;

तुम वह विशाल जंतु हो, जो अपने जल-सोतों के बीच पड़े रहते हो.

तुम कहते हो, “नील नदी मेरी है;

मैंने इसे अपने लिये बनाया है.”

4 परंतु मैं तुम्हारे जबड़ों में अंकुड़ी (कांटा) लगाऊंगा

और तुम्हारे सोतों की मछलियों को तुम्हारे खाल पर चिपका दूंगा.

तब मैं तुम्हें तुम्हारे सोतों से बाहर खींच लूंगा,

और सब मछलियां तुम्हारे खाल से चिपकी होंगी.

5 मैं तुम्हें और तुम्हारे सोतों की सब मछलियों को

निर्जन प्रदेश में छोड़ दूंगा.

तुम खुले मैदान में जा गिरोगे

और तुम्हें इकट्ठा किया नहीं जाएगा या उठाया नहीं जाएगा.

मैं तुम्हें भोजन के रूप में

पृथ्वी के पशुओं और आकाश के चिड़ियों को दे दूंगा.

6 तब वे सब जो मिस्र में रहते हैं, जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.

“ ‘तुम इस्राएल के लोगों के लिये सरकंडे की एक लाठी बन गये हो. 7 जब उन्होंने तुम्हें अपने हाथों से पकड़ा, तो तुमने चीर दिया और तुमने उनके कंधों को फाड़कर उखाड़ दिया; जब वे तुम पर झुके, तो तुमने तोड़ा और उनकी पीठ में मरोड़ आ गई.

8 “ ‘इसलिये परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: मैं तुम्हारे विरुद्ध तलवार चलाऊंगा और मनुष्य और पशु दोनों को मार डालूंगा. 9 मिस्र देश निर्जन एवं उजाड़ हो जाएगा. तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.

“ ‘क्योंकि तुमने कहा है, “नील नदी मेरी है; मैंने इसे बनाया है,” 10 इसलिये मैं तुम्हारे और तुम्हारे पानी के सोतों के विरुद्ध हूं, और मैं मिस्र देश को मिगदोल से लेकर सवेने तक, वरन कूश की सीमा तक खंडहर कर दूंगा और उजाड़ दूंगा. 11 न तो कोई मनुष्य और न ही कोई पशु वहां से होकर गुज़रेगा; वहां चालीस साल तक कोई नहीं रहेगा. 12 मैं बरबाद हुए देशों के बीच मिस्र देश को उजाड़ दूंगा, और उसके शहर नष्ट हुए शहरों के बीच चालीस साल तक उजाड़ पड़े रहेंगे. और मैं मिस्रवासियों को जाति-जाति के लोगों के बीच छिन्‍न-भिन्‍न कर दूंगा और उनको विभिन्‍न देशों में इधर-उधर फैला दूंगा.

13 “ ‘तौभी परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: चालीस साल के बीतने पर मैं मिस्रवासियों को उन जनताओं के बीच से इकट्ठा करूंगा, जहां वे तितर-बितर कर दिये गये थे. 14 मैं उन्हें बंधुआई से वापस ले आऊंगा और उन्हें ऊपरी मिस्र में लौटा लाऊंगा, जो उनके पूर्वजों का देश है. वहां वे एक निचले दर्जे का राज्य होंगे. 15 यह सब राज्यों में सबसे निचले दर्जे का राज्य होगा और यह अपने आपको फिर कभी दूसरे जातियों से ऊपर उठा न सकेगा. मैं इसे इतना कमजोर कर दूंगा कि यह फिर कभी जाति-जाति के लोगों पर शासन करने न पाएगा. 16 मिस्र फिर इस्राएल के लोगों के भरोसे का कारण नहीं होगा पर यह इस्राएल को उनके उस पाप की याद दिलाता रहेगा, जब उन्होंने सहायता के लिए मिस्र से अपेक्षा की थी. तब वे जानेंगे कि मैं परम प्रधान याहवेह हूं.’ ”

यहेजकेल: मिस्र का पतन अश्शूर के समान होगा 588 ईसा पूर्व

मिस्र के विरुद्ध एक भविष्यवाणी।

यहेजकेल 30:20–31:18

20 ग्यारहवें वर्ष के, पहले माह के सातवें दिन, याहवेह का वचन मेरे पास आया: 21 “हे मनुष्य के पुत्र, मैंने मिस्र के राजा फ़रोह की भुजा को तोड़ दिया है. उसके उपचार के लिए उसे बांधा नहीं गया है या उस पर पट्टी नहीं बांदी है कि वह मजबूत होकर तलवार पकड़ सके. 22 इसलिये परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: मैं मिस्र के राजा फ़रोह के विरुद्ध हूं. मैं उसके दोनों भुजाओं को तोड़ दूंगा—अच्छी भुजा के साथ टूटी हुई भुजा भी, और उससे हाथ से तलवार को गिरा दूंगा. 23 मैं मिस्रियों को जनताओं के लोगों के बीच इधर-उधर फैला दूंगा और देश-देश में उन्हें तितर-बितर कर दूंगा. 24 मैं बाबेल के राजा की भुजाओं को मजबूत करूंगा और अपनी तलवार उसके हाथ में दे दूंगा, पर मैं फ़रोह की भुजाओं को तोड़ डालूंगा, और वह बाबेल के राजा के सामने ऐसे कराहेगा, जैसे एक घायल मरनेवाला व्यक्ति कराहता है. 25 मैं बाबेल के राजा की भुजाओं को मजबूत करूंगा, किंतु फ़रोह की भुजाएं पंगु हो जाएंगी. तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं, जब मैं अपनी तलवार बाबेल के राजा के हाथ में दे दूंगा और वह इसका उपयोग मिस्र के विरुद्ध करेगा. 26 मैं मिस्रियों को जाति-जाति के लोगों के बीच फैला दूंगा और उन्हें देश-देश में तितर-बितर कर दूंगा. तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.”

31:1 ग्यारहवें वर्ष के, तीसरे माह के पहले दिन, याहवेह का वचन मेरे पास आया: 2 “हे मनुष्य के पुत्र, मिस्र के राजा फ़रोह और उसके उपद्रवी लोगों से कहो:

“ ‘गौरव में तुम्हारी तुलना किससे की जा सकती है?

3 अश्शूर पर विचार करो, जो एक समय लबानोन का देवदार था,

उसकी शाखाएं सुंदर और बंजर भूमि को छाया प्रदान करती थी;

यह पेड़ बहुत ऊंचा था,

इसकी चोटी घने पत्तों के ऊपर थी.

4 पानी से इसका पोषण होता था,

गहरे झरनों ने इसे ऊंचा बढ़ाया;

उनके सोते इसके आधार के

चारों तरफ बहते थे

और उनकी धाराएं मैदान के

सारे वृक्षों तक जाती थी.

5 इसलिये मैदान के

सारे पेड़ों से यह ऊंची हो गई,

इसकी डालियां बढ़ने लगीं

और इसकी शाखाएं फैलकर लंबी हो गईं,

इसका कारण था पानी की अधिकता.

6 आकाश के सारे पक्षी

उसकी डालियों पर बसेरा करते थे,

उसकी शाखाओं के नीचे

बंजर भूमि के सारे पशु बच्‍चे देते थे;

सारी महान जनता

इसकी छाया में रहती थीं.

7 अपनी फैली हुई डालियों के साथ,

सुंदरता में यह वैभवशाली था,

क्योंकि इसकी जड़ें नीचे

भरपूर अधिक पानी के सोतों तक पहुंची हुई थी.

8 परमेश्वर के बगीचे के देवदार वृक्ष

इसकी तुलना में कुछ न थे,

सनोवर भी इसकी डालियों

के बराबर नहीं थे,

न ही चौरस पेड़ों की तुलना

इसकी शाखाओं से की जा सकती थी—

परमेश्वर के बगीचे का कोई भी पेड़

इसकी सुंदरता की बराबरी नहीं कर सकता था.

9 मैंने प्रचूर शाखाओं के साथ

इसे सुंदर बनाया,

परमेश्वर की वाटिका, एदेन के सारे पेड़

इससे ईर्ष्या करते थे.

10 “ ‘इसलिये परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: क्योंकि महान देवदार घने पत्तियों के ऊपर बढ़ा था, और क्योंकि उसे अपनी ऊंचाई का घमंड था, 11 इसलिये मैंने उसे जाति-जाति के लोगों पर शासन करनेवाले के हाथों में दे दिया कि वह उसकी दुष्टता के अनुसार उससे व्यवहार करे. मैंने उसे अलग फेंक दिया, 12 और विदेशी जनताओं में जो सबसे ज्यादा निर्दयी हैं, उन्होंने उसे काटकर छोड़ दिया. उसकी डालियां पर्वतों और सब घाटियों में गिरीं; उसकी शाखाएं देश के सब दर्रों में टूटी पड़ी रहीं. जाति-जाति के सब लोग उसकी छाया से निकल आए और उसे छोड़ दिया. 13 सब पक्षी गिरे हुए पेड़ पर बसेरा करने लगे, और सब पशु उसकी शाखाओं के बीच रहने लगे. 14 इसलिये पानी के पास अब कोई दूसरा पेड़ घनी पत्तियों के बीच अपने सिर को उठाते हुए घमंड से ऊंचा न बढ़े. भरपूर पानी के पास का कोई दूसरा पेड़ ऐसा ऊंचा न हो; उन सबका मरना निश्चित है, उनकी जगह पृथ्वी के नीचे उन मरणहार लोगों के बीच है, जो मृतकों के राज्य में नीचे जा रहे हैं.

15 “ ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: जिस दिन इसे मृतकों के राज्य में नीचे लाया गया, मैंने इसके लिये शोक के साथ गहरे झरनों को ढांक दिया; मैंने इसके सोतों को रोक दिया, और इसके भरपूर पानी के स्रोत बंद हो गये. इसके कारण मैंने लबानोन को गम में डाल दिया, और मैदान के सारे पेड़ मुरझा गए. 16 मैंने इसके गिरने की आवाज से जाति-जाति के लोगों को कंपा दिया, जब मैं इसे मृतकों के राज्य में नीचे लाया, ताकि वे उनके साथ रहें जो नीचे कब्र में जाते हैं. तब एदेन वाटिका के सब पेड़ों, लबानोन के चुने हुए और सबसे अच्छे, भरपूर पानी से सिंचित पेड़ों को पृथ्वी के नीचे सांत्वना मिली. 17 बड़े देवदार पेड़ के समान वे भी उन मृतकों के राज्य में नीचे गये, जो तलवार से मारे गये थे; जो हथियारबंद आदमी उसकी छाया में जाति-जाति के लोगों के बीच रहते थे, वे भी उनके साथ थे.

18 “ ‘शान और वैभव में, एदेन के किस पेड़ की तुलना तुमसे की जा सकती है? फिर भी तुम्हें भी अदन के वृक्षों के साथ पृथ्वी के नीचे लाया जाएगा; तुम उन खतना-रहितों के बीच पड़े रहोगे, जो तलवार से मारे गये हैं.

“ ‘यह स्थिति फ़रोह और उसके सब उपद्रवी लोगों की होगी, परम प्रधान याहवेह की यह घोषणा है.’ ”