एन-गेदी में दावीद
1058 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
29 दावीद ने वह क्षेत्र छोड़ दिया, और जाकर एन-गेदी के गढ़ों में रहने लगे.
24:1 जब शाऊल फिलिस्तीनियों से युद्ध करने के बाद लौटे, उन्हें सूचना दी गई, “दावीद एन-गेदी के निकटवर्ती मरुभूमि में छिपे हुए हैं.” 2 शाऊल ने इस्राएली सेना में से तीन हज़ार सर्वोत्तम सैनिक लेकर पहाड़ी बकरों की चट्टानों के पूर्व में दावीद की खोज करनी शुरू कर दी.
3 खोज करते हुए वे सब मार्ग के किनारे स्थित उन भेड़ के बाड़ों के निकट पहुंचे, जिनके निकट एक कंदरा थी. शाऊल उस गुफा के भीतर शौच के लिए चले गए. दावीद और उनके साथी गुफा के भीतरी गुप्त स्थानों में छिपे बैठे थे. 4 दावीद के साथियों ने उससे कहा, “आज ही वह दिन है, जिसके विषय में याहवेह ने आपसे कहा था, ‘मैं तुम्हारे शत्रु को तुम्हारे अधीन कर दूंगा और तुम उसके साथ वह सब कर सकोगे, जो तुम्हें सही लगेगा.’ ” यह सुन दावीद उठे और चुपचाप जाकर शाऊल के बाहरी वस्त्र की किनारी काट ली.
5 मगर कुछ समय बाद दावीद के मन के दोष भाव ने उन्हें व्याकुल कर दिया, 6 और उन्होंने अपने साथियों से कहा, “याहवेह यह कभी न होने दें कि मैं याहवेह के अभिषिक्त, मेरे स्वामी पर हाथ उठाने का दुस्साहस करूं, यह जानते हुए भी कि वह याहवेह द्वारा अभिषिक्त हैं.” 7 इन शब्दों के द्वारा दावीद ने अपने साथियों को शाऊल पर वार करने से रोक दिया. तब शाऊल उठे, गुफा से बाहर निकलकर अपने मार्ग पर आगे बढ़ गए.
8 तब दावीद भी गुफा से बाहर आ गए. वहां से उन्होंने शाऊल को पुकारा, “महाराज, मेरे स्वामी!” दावीद का स्वर सुनकर शाऊल ने मुड़कर पीछे देखा. दावीद ने घुटने टेककर भूमि तक सिर झुकाकर उनका अभिवंदन किया, 9 और उन्होंने शाऊल को कहा, “महाराज, लोगों की बात का विश्वास क्यों करते हैं, जब वे कहते हैं, ‘दावीद आपके बुरा की युक्ति कर रहा है’? 10 आप स्वयं यह देखिए, आज गुफा में याहवेह ने आपको मेरे हाथों में सौंप दिया था. मेरे कुछ साथी मुझसे कह भी रहे थे कि मैं आपकी हत्या कर दूं, मगर मैंने यह नहीं किया; मैंने विचार किया, ‘मैं अपने स्वामी पर कभी हाथ न उठाऊंगा, क्योंकि उनका अभिषेक याहवेह ने किया है.’ 11 यह देखिए, मेरे पिताजी, मेरे हाथ में आपके कपड़े का यह छोर है. मैंने इसे तो क़तर लिया है, मगर मैंने आप पर वार नहीं किया. तब आपका यह समझ लेना सही होगा कि मैं न तो किसी बुरे की योजना गढ़ रहा हूं, और न ही किसी विद्रोह की. आपके विरुद्ध मैं कोई पाप नहीं कर रहा हूं, फिर भी आप मेरे रास्ते में आ रहे हैं. 12 स्वयं याहवेह आपके और मेरे बीच निर्णय करें. यह संभव है कि वही आपसे उन कामों के लिए बदला लें, जो आपने मेरे विरुद्ध किए हैं, मगर स्वयं मैं आपकी कोई हानि न करूंगा. 13 जैसा पुरानी कहावत है, ‘बुराई करनेवालों से बुरे काम आते हैं!’ तो मेरा हाथ आपको नहीं छुएगा.
14 “आप ही विचार कीजिए आप कर क्या रहे हैं? इस्राएल का राजा एक मरे हुए कुत्ते का पीछा करने में जुटा है, कि उसकी हत्या कर दे? एक कुत्ता, एक पिस्सू? 15 तब अब निर्णय याहवेह के द्वारा किया जाए. वही आपके और मेरी स्थिति का आंकलन करें. वही मुझे आपसे सुरक्षा प्रदान करें.”
16 जब दावीद शाऊल के सामने अपनी यह बातें समाप्त कर चुके, शाऊल ने प्रश्न किया, “क्या यह तुम्हारा स्वर है, मेरे पुत्र, दावीद?” और तब शाऊल ऊंची आवाज में रोने लगे. 17 उन्होंने दावीद से कहा, “तुम मुझसे अधिक धर्मी व्यक्ति हो, क्योंकि तुमने मेरे दुराचार का प्रतिफल सदाचार में दिया, जबकि मैंने सदैव तुम्हारा बुरा ही करना चाहा है. 18 आज तो तुमने यह घोषणा ही कर दी है कि तुमने सदैव ही मेरे हित की ही कामना की है. याहवेह ने मुझे तुम्हारे हाथों में सौंप ही दिया था, फिर भी तुमने मेरी हत्या नहीं की. 19 क्या कभी ऐसा सुना गया है कि कोई व्यक्ति अपने हाथों में आए शत्रु को सुरक्षित छोड़ दे? आज तुमने मेरे साथ जो उदारतापूर्ण अभिवृत्ति प्रदर्शित की है, उसके लिए याहवेह तुम्हें भला करें. 20 अब सुनो: मुझे यह पता हो गया है कि निश्चित राजा तुम ही बनोगे, और इस्राएल का राज्य तुम्हारे शासन में प्रतिष्ठित हो जाएगा. 21 तब यहां याहवेह के सामने शपथ लो, कि मेरी मृत्यु के बाद तुम मेरे वंशजों को नहीं मिटाओगे और न ही मेरे नाम को और न मेरे पिता के परिवार की प्रतिष्ठा नष्ट करोगे.”
22 दावीद ने शाऊल से इसकी शपथ खाई. इसके बाद शाऊल अपने घर लौट गए और दावीद और उनके साथी अपने गढ़ में.
संगीत निर्देशक के लिये. “अलतशख़ेथ” धुन पर आधारित. दावीद की मिकताम गीत रचना. यह उस घटना का संदर्भ है, जब दावीद शाऊल की उपस्थिति से भागकर कन्दरा में जा छिपे थे.
1 मुझ पर कृपा कीजिए, हे मेरे परमेश्वर, कृपा कीजिए,
क्योंकि मैंने आपको ही अपना आश्रय-स्थल बनाया है.
मैं आपके पंखों के नीचे आश्रय लिए रहूंगा,
जब तक विनाश मुझ पर से टल न जाए.
2 मैं सर्वोच्च परमेश्वर को पुकारता हूं,
वही परमेश्वर, जो मुझे निर्दोष ठहराते हैं.
3 वह स्वर्ग से सहायता भेजकर मेरा उद्धार करेंगे;
जो मुझे कुचलते हैं उनसे उन्हें घृणा है.
परमेश्वर अपना करुणा-प्रेम तथा अपना सत्य प्रेषित करेंगे.
4 मैं सिंहों से घिर गया हूं;
मैं हिंसक पशुओं समान मनुष्यों के मध्य पड़ा हुआ हूं.
उनके दांत भालों और बाणों समान,
तथा जीभें तलवार समान तीक्ष्ण हैं.
5 परमेश्वर, आप सर्वोच्च स्वर्ग में बसे हैं;
आपका तेज समस्त पृथ्वी को भयभीत करें.
6 उन्होंने मेरे मार्ग में जाल बिछाया है;
मेरा प्राण डूबा जा रहा था.
उन्होंने मेरे मार्ग में गड्ढा भी खोद रखा था,
किंतु वे स्वयं उसी में जा गिरे हैं.
7 मेरा हृदय निश्चिंत है, परमेश्वर,
मेरा हृदय निश्चिंत है;
मैं स्तुति करते हुए गाऊंगा और संगीत बजाऊंगा.
8 मेरी आत्मा, जागो!
नेबेल और किन्नोर जागो!
मैं उषःकाल को जागृत करूंगा.
9 प्रभु, मैं लोगों के मध्य आपका आभार व्यक्त करूंगा;
राष्ट्रों के मघ्य मैं आपका स्तवन करूंगा.
10 क्योंकि आपका करुणा-प्रेम आकाश से भी महान है;
आपकी सच्चाई अंतरीक्ष तक जा पहुंचती है.
11 परमेश्वर, आप सर्वोच्च स्वर्ग में बसे हैं;
आपका तेज समस्त पृथ्वी को भयभीत करें.
संगीत निर्देशक के लिये. “अलतशख़ेथ” धुन पर आधारित. दावीद की मिकताम गीत रचना.
58:1 न्यायाधीशो, क्या वास्तव में तुम्हारा निर्णय न्याय संगत होता है?
क्या, तुम्हारा निर्णय वास्तव में निष्पक्ष ही होता है?
2 नहीं, मन ही मन तुम अन्यायपूर्ण युक्ति करते रहते हो,
पृथ्वी पर तुम हिंसा परोसते हो.
3 दुष्ट लोग जन्म से ही फिसलते हैं, गर्भ से ही;
परमेश्वर से झूठ बोलते हुए भटक जाते है.
4 उनका विष विषैले सर्प का विष है,
उस बहरे सर्प के समान, जिसने अपने कान बंद कर रखे हैं.
5 कि अब उसे संपेरे की धुन सुनाई न दे,
चाहे वह कितना ही मधुर संगीत प्रस्तुत करे.
6 परमेश्वर, उनके मुख के भीतर ही उनके दांत तोड़ दीजिए;
याहवेह, इन सिंहों के दाढों को ही उखाड़ दीजिए!
7 वे जल के जैसे बहकर विलीन हो जाएं;
जब वे धनुष तानें, उनके बाण निशाने तक नहीं पहुंचें.
8 वे उस घोंघे के समान हो जाएं, जो सरकते-सरकते ही गल जाता है,
अथवा उस मृत जन्मे शिशु के समान, जिसके लिए सूर्य प्रकाश का अनुभव असंभव है.
9 इसके पूर्व कि कंटीली झाड़ियों में लगाई अग्नि का ताप पकाने के पात्र तक पहुंचे,
वह जले अथवा अनजले दोनों ही को बवंडर में उड़ा देंगे.
10 धर्मी के लिए ऐसा पलटा आनन्द-दायक होगा,
वह दुष्टों के रक्त में अपने पांव धोएगा.
11 तब मनुष्य यह कह उठेंगे,
“निश्चय धर्मी उत्तम प्रतिफल प्राप्त करते हैं;
यह सत्य है कि परमेश्वर हैं और वह पृथ्वी पर न्याय करते हैं.”
दावीद का एक स्तोत्र. जब वह यहूदिया प्रदेश के निर्जन प्रदेश में था.
1 परमेश्वर, आप मेरे अपने परमेश्वर हैं,
अत्यंत उत्कटतापूर्वक मैं आपके सान्निध्य की कामना करता हूं;
सूखी और प्यासी भूमि में,
जहां जल है ही नहीं,
मेरा प्राण आपके लिए प्यासा
एवं मेरी देह आपकी अभिलाषी है.
2 आपके पवित्र स्थान में मैंने आपका दर्शन किया है,
कि आपके सामर्थ्य तथा तेज को निहारूं.
3 इसलिये कि आपका करुणा-प्रेम मेरे जीवन की अपेक्षा कहीं अधिक श्रेष्ठ है,
मेरे होंठ आपके स्तवन करते रहेंगे.
4 मैं आजीवन आपका धन्यवाद करता रहूंगा,
आपकी महिमा का ध्यान करके मैं अपने हाथ उठाऊंगा.
5 होंठों पर गीत और मुख से स्तुति के वचनों
से मेरे प्राण ऐसे तृप्त हो जाएंगे, जैसे उत्कृष्ट भोजन से.
6 जब मैं बिछौने पर होता हूं, तब आपका स्मरण करता हूं;
मैं रात्रि के प्रहरों में आपके विषय में चिंतन करता रहूंगा.
7 क्योंकि आप ही मेरे सहायक हैं,
आपके पंखों की छाया मुझे गीत गाने के लिए प्रेरित करती है.
8 मैं आपके निकट रहना चाहता हूं;
आपका दायां हाथ मुझे संभाले रहता है.
9 जो मेरे प्राणों के प्यासे हैं, उनका विनाश निश्चित है;
वे पृथ्वी की गहराई में समा जाएंगे.
10 वे तलवार से घात किए जाने के लिए सौंप दिए जाएंगे,
कि वे सियारों का आहार बन जाएं.
11 परंतु राजा तो परमेश्वर में उल्लसित रहेगा;
वे सभी, जिन्होंने परमेश्वर में श्रद्धा रखी है, उनका स्तवन करेंगे,
जबकि झूठ बोलने वालों के मुख चुप कर दिए जाएंगे.