मिज़पाह में दावीद (continued)
1060 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.
1 याहवेह, दुष्ट पुरुषों से मुझे उद्धार प्रदान कीजिए;
हिंसक पुरुषों से मेरी रक्षा कीजिए,
2 वे मन ही मन अनर्थ षड़्यंत्र रचते रहते हैं
और सदैव युद्ध ही भड़काते रहते हैं.
3 उन्होंने अपनी जीभ सर्प सी तीखी बना रखी है;
उनके होंठों के नीचे नाग का विष भरा है.
4 याहवेह, दुष्टों से मेरी रक्षा कीजिए;
मुझे उन हिंसक पुरुषों से सुरक्षा प्रदान कीजिए,
जिन्होंने, मेरे पैरों को उखाड़ने के लिए युक्ति की है.
5 उन अहंकारियों ने मेरे पैरों के लिए एक फंदा बनाकर छिपा दिया है;
तथा रस्सियों का एक जाल भी बिछा दिया है,
मार्ग के किनारे उन्होंने मेरे ही लिए फंदे लगा रखे हैं.
6 मैं याहवेह से कहता हूं, “आप ही मेरे परमेश्वर हैं.”
याहवेह, कृपा करके मेरी पुकार पर ध्यान दीजिए.
7 याहवेह, मेरे प्रभु, आप ही मेरे उद्धार का बल हैं,
युद्ध के समय आप ही मेरे सिर का आवरण बने.
8 दुष्टों की अभिलाषा पूर्ण न होने दें, याहवेह;
उनकी बुरी युक्ति आगे बढ़ने न पाए अन्यथा वे गर्व में ऊंचे हो जाएंगे.
9 जिन्होंने इस समय मुझे घेरा हुआ है;
उनके होंठों द्वारा उत्पन्न कार्य उन्हीं के सिर पर आ पड़े.
10 उनके ऊपर जलते हुए कोयलों की वृष्टि हो;
वे आग में फेंक दिए जाएं,
वे दलदल के गड्ढे में डाल दिए जाएं, कि वे उससे बाहर ही न निकल सकें.
11 निंदक इस भूमि पर अपने पैर ही न जमा सकें;
हिंसक पुरुष अति शीघ्र बुराई द्वारा पकड़े जाएं.
12 मैं जानता हूं कि याहवेह दुखित का पक्ष अवश्य लेंगे
तथा दीन को न्याय भी दिलाएंगे.
13 निश्चयतः धर्मी आपके नाम का आभार मानेंगे,
सीधे आपकी उपस्थिति में निवास करेंगे.
दावीद की रचना
1 याहवेह, आप उनसे न्याय-विन्याय करें, जो मुझसे न्याय-विन्याय कर रहे हैं;
आप उनसे युद्ध करें, जो मुझसे युद्ध कर रहे हैं.
2 ढाल और कवच के साथ;
मेरी सहायता के लिए आ जाइए.
3 उनके विरुद्ध, जो मेरा पीछा कर रहे हैं,
बर्छी और भाला उठाइये.
मेरे प्राण को यह आश्वासन दीजिए,
“मैं हूं तुम्हारा उद्धार.”
4 वे, जो मेरे प्राणों के प्यासे हैं,
वे लज्जित और अपमानित हों;
जो मेरे विनाश की योजना बना रहे हैं,
पराजित हो भाग खड़े हों.
5 जब याहवेह का दूत उनका पीछा करे,
वे उस भूसे समान हो जाएं, जिसे पवन उड़ा ले जाता है;
6 उनका मार्ग ऐसा हो जाए, जिस पर अंधकार और फिसलन है.
और उस पर याहवेह का दूत उनका पीछा करता जाए.
7 उन्होंने अकारण ही मेरे लिए जाल बिछाया
और अकारण ही उन्होंने मेरे लिए गड्ढा खोदा है,
8 उनका विनाश उन पर अचानक ही आ पड़े,
वे उसी जाल में जा फंसे, जो उन्होंने बिछाया था,
वे स्वयं उस गड्ढे में गिरकर नष्ट हो जाएं.
9 तब याहवेह में मेरा प्राण उल्लसित होगा
और उनके द्वारा किया गया उद्धार मेरे हर्षोल्लास का विषय होगा.
10 मेरी हड्डियां तक कह उठेंगी,
“कौन है याहवेह के तुल्य?
आप ही हैं जो दुःखी को बलवान से,
तथा दरिद्र और दीन को लुटेरों से छुड़ाते हैं.”
11 क्रूर साक्ष्य मेरे विरुद्ध उठ खड़े हुए हैं;
वे मुझसे उन विषयों की पूछताछ कर रहे हैं, जिनका मुझे कोई ज्ञान ही नहीं है.
12 वे मेरे उपकार का प्रतिफल अपकार में दे रहे हैं,
मैं शोकित होकर रह गया हूं.
13 जब वे दुःखी थे, मैंने सहानुभूति में शोक-वस्त्र धारण किए,
यहां तक कि मैंने दीन होकर उपवास भी किया.
जब मेरी प्रार्थनाएं बिना कोई उत्तर के मेरे पास लौट आईं,
14 मैं इस भाव में विलाप करता चला गया
मानो मैं अपने मित्र अथवा भाई के लिए विलाप कर रहा हूं.
मैं शोक में ऐसे झुक गया
मानो मैं अपनी माता के लिए शोक कर रहा हूं.
15 किंतु यहां जब मैं ठोकर खाकर गिर पड़ा हूं, वे एकत्र हो आनंद मना रहे हैं;
इसके पूर्व कि मैं कुछ समझ पाता, वे मुझ पर आक्रमण करने के लिए एकजुट हो गए हैं.
वे लगातार मेरी निंदा कर रहे हैं.
16 जब वे नास्तिक जैसे मेरा उपहास कर रहे थे, उसमें क्रूरता का समावेश था;
वे मुझ पर दांत भी पीस रहे थे.
17 याहवेह, आप कब तक यह सब चुपचाप ही देखते रहेंगे?
उनके विनाशकारी कार्य से मेरा बचाव कीजिए,
सिंहों समान इन दुष्टों से मेरी रक्षा कीजिए.
18 महासभा के सामने मैं आपका आभार व्यक्त करूंगा;
जनसमूह में मैं आपका स्तवन करूंगा.
19 जो अकारण ही मेरे शत्रु बन गए हैं,
अब उन्हें मेरा उपहास करने का संतोष प्राप्त न हो;
अब अकारण ही मेरे विरोधी बन गए
पुरुषों को आंखों ही आंखों में मेरी निंदा में निर्लज्जतापूर्ण संकेत करने का अवसर प्राप्त न हो.
20 उनके वार्तालाप शांति प्रेरक नहीं होते,
वे शांति प्रिय नागरिकों के लिए
झूठे आरोप सोचने में लगे रहते हैं.
21 मुख फाड़कर वे मेरे विरुद्ध यह कहते हैं, “आहा! आहा!
हमने अपनी ही आंखों से सब देख लिया है.”
22 याहवेह, सत्य आपकी दृष्टि में है; अब आप शांत न रहिए.
याहवेह, अब मुझसे दूर न रहिए.
23 मेरी रक्षा के लिए उठिए!
मेरे परमेश्वर और मेरे स्वामी, मेरे पक्ष में न्याय प्रस्तुत कीजिए.
24 याहवेह, मेरे परमेश्वर, अपनी सच्चाई में मुझे निर्दोष प्रमाणित कीजिए;
मेरी स्थिति से उन्हें कोई आनंद प्राप्त न हो.
25 वे मन ही मन यह न कह सकें, “देखा, यही तो हम चाहते थे!”
अथवा वे यह न कह सकें, “हम उसे निगल गए.”
26 वे सभी, जो मेरी दुखद स्थिति पर आनंदित हो रहे हैं,
लज्जित और निराश हो जाएं;
वे सभी, जिन्होंने मुझे नीच प्रमाणित करना चाहा था
स्वयं निंदा और लज्जा में दब जाएं.
27 वे सभी, जो मुझे दोष मुक्त हुआ देखने की कामना करते रहे,
आनंद में उल्लसित हो जय जयकार करें;
उनका स्थायी नारा यह हो जाए, “ऊंची हो याहवेह की महिमा,
वह अपने सेवक के कल्याण में उल्लसित होते हैं.”
28 मेरी जीभ सर्वदा आपकी धार्मिकता की घोषणा,
तथा आपकी वंदना करती रहेगी.
संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.
1 परमेश्वर, मेरी प्रार्थना सुनिए, जब आपके सामने मैं अपनी शिकायत प्रस्तुत कर रहा हूं;
शत्रु के आतंक से मेरे जीवन को सुरक्षित रखिए.
2 कुकर्मियों के षड़्यंत्र से,
दुष्टों की बुरी युक्ति से सुरक्षा के लिए मुझे अपनी आड़ में ले लीजिए.
3 उन्होंने तलवार के समान अपनी जीभ तेज कर रखी है
और अपने शब्दों को वे लक्ष्य पर ऐसे छोड़ते हैं, जैसे घातक बाणों को.
4 वे निर्दोष पुरुष की घात में बैठकर बाण चलाते हैं;
वे निडर होकर अचानक रूप से प्रहार करते हैं.
5 वे एकजुट हो दुष्ट युक्तियों के लिए एक दूसरे को उकसाते हैं,
वे छिपकर जाल बिछाने की योजना बनाते हैं;
वे कहते हैं, “कौन देख सकेगा हमें?”
6 वे कुटिल योजना बनाकर कहते हैं,
“अब हमने सत्य योजना तैयार कर ली है!”
इसमें कोई संदेह नहीं कि मानव हृदय और अंतःकरण को समझ पाना कठिन कार्य है.
7 परमेश्वर उन पर अपने बाण छोड़ेंगे;
एकाएक वे घायल हो गिर पड़ेंगे.
8 परमेश्वर उनकी जीभ को उन्हीं के विरुद्ध कर देंगे
और उनका विनाश हो जाएगा;
वे सभी, जो उन्हें देखेंगे, घृणा में अपने सिर हिलाएंगे.
9 समस्त मनुष्यों पर आतंक छा जाएगा;
वे परमेश्वर के महाकार्य की घोषणा करेंगे,
वे परमेश्वर के महाकार्य पर विचार करते रहेंगे.
10 धर्मी याहवेह में हर्षित होकर,
उनका आश्रय लेंगे
और सभी सीधे मनवाले उनका स्तवन करें!