कोरेश यहूदियों के पुनर्स्थापन का आदेश देता है

536 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

एज़्रा 1:1–4

1 फारस के राजा कोरेश के शासन के पहले साल में येरेमियाह द्वारा कही गई याहवेह की भविष्यवाणी पूरी करने के उद्देश्य से याहवेह ने फारस के राजा की आत्मा को उभारा. फलस्वरूप उसने सभी राज्य में यह लिखित घोषणा करवा दी:

2 “फारस के राजा कोरेश का आदेश यह है:

“ ‘याहवेह ने, जो स्वर्ग के परमेश्वर हैं, मुझे सारी पृथ्वी के राज्यों पर अधिकार दिया है, उन्होंने ही मुझे येरूशलेम नगर में, जो यहूदिया प्रदेश में है, उनके लिए एक भवन बनाने के लिए चुना है. 3 आप लोगों में से जो कोई याहवेह की प्रजा में से है, आपके परमेश्वर आपके साथ रहे! आप यहूदिया प्रदेश के येरूशलेम को जाएं तथा याहवेह इस्राएल के परमेश्वर के लिए इस भवन को दोबारा बनाएं. यह वही परमेश्वर हैं, जो येरूशलेम में हैं. 4 किसी भी स्थान पर, परमेश्वर के किसी भी जन को, यदि वह अब तक जीवित है, उस स्थान के नागरिक चांदी, सोना, अन्य वस्तुएं, पशु एवं स्वेच्छा से भेंटे देकर येरूशलेम में परमेश्वर के भवन को बनाने के लिए उसकी सहायता करें.’ ”

स्तोत्र 126

आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

1 जब याहवेह ने बंदियों को ज़ियोन लौटा लाया,

हम उन पुरुषों के समान थे, जिन्होंने स्वप्न देखा था.

2 हमारे मुख से हंसी छलक रही थी,

हमारी जीभ पर हर्षगान थे.

राष्ट्रों में यह बात जाहिर हो चुकी थी,

“उनके लिए याहवेह ने अद्भुत कार्य किए हैं.”

3 हां, याहवेह ने हमारे लिए अद्भुत कार्य किए,

हम हर्ष से भरे हुए थे.

4 याहवेह, नेगेव की नदी समान,

हमारी समृद्धि लौटा लाइए.

5 जो अश्रु बहाते हुए रोपण करते हैं,

वे हर्ष गीत गाते हुए उपज एकत्र करेंगे.

6 वह, जो रोते हुए बीजारोपण

के लिए बाहर निकलता है,

अपने साथ पूले लेकर

हर्ष गीत गाता हुआ लौटेगा.

स्तोत्र 85

संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. एक स्तोत्र.

1 याहवेह, आपने अपने देश पर कृपादृष्टि की है;

आपने याकोब की समृद्धि को पुनःस्थापित किया है.

2 आपने अपनी प्रजा के अपराध क्षमा कर दिए हैं

तथा उनके सभी पापों को ढांप दिया है.

3 आपने अपना संपूर्ण कोप शांत कर दिया

तथा आप अपने घोर रोष से दूर हो गए हैं.

4 परमेश्वर, हमारे उद्धारकर्ता, हमारी समृद्धि पुनःस्थापित कर दीजिए,

हमारे विरुद्ध अपने कोप को मिटा दीजिए.

5 क्या हमारे प्रति आपका क्रोध सदैव स्थायी रहेगा?

क्या आप अपने क्रोध को सभी पीढ़ियों तक बनाए रखेंगे?

6 क्या आप हमें पुनः जिलाएंगे नहीं,

कि आपकी प्रजा आप में प्रफुल्लित हो सके?

7 याहवेह, हम पर अपना करुणा-प्रेम प्रदर्शित कीजिए,

और हमें अपना उद्धार प्रदान कीजिए.

8 जो कुछ याहवेह परमेश्वर कहेंगे, वह मैं सुनूंगा;

उन्होंने अपनी प्रजा, अपने भक्तों के निमित्त शांति की प्रतिज्ञा की है.

किंतु उपयुक्त यह होगा कि वे पुनः मूर्खता न करें.

9 इसमें कोई संदेह नहीं कि उनकी ओर से उद्धार उन्हीं के लिए निर्धारित है,

जो उनके श्रद्धालु हैं, कि हमारे देश में उनका तेज भर जाए.

10 करुणा-प्रेम तथा सच्चाई आपस में मिल गई हैं;

धार्मिकता तथा शांति ने एक दूसरे का चुंबन ले लिया.

11 पृथ्वी से सच्चाई उगती रही है,

धार्मिकता स्वर्ग से यह देख रही है.

12 इसमें कोई संदेह नहीं कि याहवेह वही प्रदान करेंगे, जो उत्तम है,

और धरती अपनी उपज देगी.

13 धार्मिकता आगे-आगे चलेगी

और वही हमारे कदम के लिए मार्ग तैयार करती है.

2 इतिहास 36:22–23

22 फारस के राजा कोरेश के शासन के पहले साल में येरेमियाह द्वारा कही गई याहवेह की भविष्यवाणी पूरी करने के उद्देश्य से याहवेह ने फारस के राजा की आत्मा को उभारा. फलस्वरूप उसने सभी राज्य में यह लिखित घोषणा करवा दी:

23 फारस के राजा कोरेश की ओर से यह घोषणा की जा रही है:

“ ‘स्वर्ग के परमेश्वर याहवेह ने मुझे पृथ्वी के सारे राज्यों का अधिकार सौंपा है. उन्हीं ने मुझे उनके लिए यहूदिया के येरूशलेम में एक भवन बनाने के लिए चुना है. तुम सब में से जो कोई उनकी प्रजा में से है, याहवेह उसका परमेश्वर उसके साथ रहे, उसे वहां जाने दिया जाए.’ ”