बिलदद फिर से तर्क को आगे बढ़ाता है
2130 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 तब बिलदद ने, जो शूही था, अपना मत देना प्रारंभ किया:
2 “प्रभुत्व एवं अतिशय सम्मान के अधिकारी परमेश्वर ही हैं;
वही सर्वोच्च स्वर्ग में व्यवस्था की स्थापना करते हैं.
3 क्या परमेश्वर की सेना गण्य है?
कौन है, जो उनके प्रकाश से अछूता रह सका है?
4 तब क्या मनुष्य परमेश्वर के सामने युक्त प्रमाणित हो सकता है?
अथवा नारी से जन्मे किसी को भी शुद्ध कहा जा सकता है?
5 यदि परमेश्वर के सामने चंद्रमा प्रकाशमान नहीं है
तथा तारों में कोई शुद्धता नहीं है,
6 तब मनुष्य क्या है, जो मात्र एक कीड़ा है,
मानव प्राणी, जो मात्र एक केंचुआ ही है!”
अय्योब फिर अपनी खराई का दावा करता है
अय्योब फिर अपनी खराई का दावा करता है और अपनी पहले की समृद्धि की तुलना अपनी वर्तमान विपत्ति से करता है।
1 तब अय्योब ने उत्तर दिया:
2 “क्या सहायता की है तुमने एक दुर्बल की! वाह!
कैसे तुमने बिना शक्ति का उपयोग किए ही एक हाथ की रक्षा कर डाली है!
3 कैसे तुमने एक ज्ञानहीन व्यक्ति को ऐसा परामर्श दे डाला है!
कैसे समृद्धि से तुमने ठीक अंतर्दृष्टि प्रदान की है!
4 किसने तुम्हें इस बात के लिए प्रेरित किया है?
किसकी आत्मा तुम्हारे द्वारा बातें की है?
5 “मृतकों की आत्माएं थरथरा उठी हैं,
वे जो जल-जन्तुओं से भी नीचे के तल में बसी हुई हैं.
6 परमेश्वर के सामने मृत्यु खुली
तथा नाश-स्थल ढका नहीं है.
7 परमेश्वर ने उत्तर दिशा को रिक्त अंतरीक्ष में विस्तीर्ण किया है;
पृथ्वी को उन्होंने शून्य में लटका दिया है.
8 वह जल को अपने मेघों में लपेट लेते हैं
तथा उनके नीचे मेघ नहीं बरस पाते हैं.
9 वह पूर्ण चंद्रमा का चेहरा छिपा देते हैं
तथा वह अपने मेघ इसके ऊपर फैला देते हैं.
10 उन्होंने जल के ऊपर क्षितिज का चिन्ह लगाया है.
प्रकाश तथा अंधकार की सीमा पर.
11 स्वर्ग के स्तंभ कांप उठते हैं
तथा उन्हें परमेश्वर की डांट पर आश्चर्य होता है.
12 अपने सामर्थ्य से उन्होंने सागर को मंथन किया;
अपनी समझ बूझ से उन्होंने राहाब को संहार कर दिया.
13 उनका श्वास स्वर्ग को उज्जवल बना देता है;
उनकी भुजा ने द्रुत सर्प को बेध डाला है.
14 यह समझ लो, कि ये सब तो उनके महाकार्य की झलक मात्र है;
उनके विषय में हम कितना कम सुन पाते हैं!
तब किसमें क्षमता है कि उनके पराक्रम की थाह ले सके?”
27:1 तब अपने वचन में अय्योब ने कहा:
2 “जीवित परमेश्वर की शपथ, जिन्होंने मुझे मेरे अधिकारों से वंचित कर दिया है,
सर्वशक्तिमान ने मेरे प्राण को कड़वाहट से भर दिया है,
3 क्योंकि जब तक मुझमें जीवन शेष है,
जब तक मेरे नथुनों में परमेश्वर का जीवन-श्वास है,
4 निश्चयतः मेरे मुख से कुछ भी असंगत मुखरित न होगा,
और न ही मेरी जीभ कोई छल उच्चारण करेगी.
5 परमेश्वर ऐसा कभी न होने दें, कि तुम्हें सच्चा घोषित कर दूं;
मृत्युपर्यंत मैं धार्मिकता का त्याग न करूंगा.
6 अपनी धार्मिकता को मैं किसी भी रीति से छूट न जाने दूंगा;
जीवन भर मेरा अंतर्मन मुझे नहीं धिक्कारेगा.
7 “मेरा शत्रु दुष्ट-समान हो,
मेरा विरोधी अन्यायी-समान हो.
8 जब दुर्जन की आशा समाप्त हो जाती है, जब परमेश्वर उसके प्राण ले लेते हैं,
तो फिर कौन सी आशा बाकी रह जाती है?
9 जब उस पर संकट आ पड़ेगा,
क्या परमेश्वर उसकी पुकार सुनेंगे?
10 तब भी क्या सर्वशक्तिमान उसके आनंद का कारण बने रहेंगे?
क्या तब भी वह हर स्थिति में परमेश्वर को ही पुकारता रहेगा?
11 “मैं तुम्हें परमेश्वर के सामर्थ्य की शिक्षा देना चाहूंगा;
सर्वशक्तिमान क्या-क्या कर सकते हैं, मैं यह छिपा नहीं रखूंगा.
12 वस्तुतः यह सब तुमसे गुप्त नहीं है;
तब क्या कारण है कि तुम यह व्यर्थ बातें कर रहे हो?
13 “परमेश्वर की ओर से यही है दुर्वृत्तों की नियति,
सर्वशक्तिमान की ओर से वह मीरास, जो अत्याचारी प्राप्त करते हैं.
14 यद्यपि उसके अनेक पुत्र हैं, किंतु उनके लिए तलवार-घात ही निर्धारित है;
उसके वंश कभी पर्याप्त भोजन प्राप्त न कर सकेंगे.
15 उसके उत्तरजीवी महामारी से कब्र में जाएंगे,
उसकी विधवाएं रो भी न पाएंगी.
16 यद्यपि वह चांदी ऐसे संचित कर रहा होता है,
मानो यह धूल हो तथा वस्त्र ऐसे एकत्र करता है, मानो वह मिट्टी का ढेर हो.
17 वह यह सब करता रहेगा, किंतु धार्मिक व्यक्ति ही इन्हें धारण करेंगे
तथा चांदी निर्दोषों में वितरित कर दी जाएगी.
18 उसका घर मकड़ी के जाले-समान निर्मित है,
अथवा उस आश्रय समान, जो चौकीदार अपने लिए बना लेता है.
19 बिछौने पर जाते हुए, तो वह एक धनवान व्यक्ति था;
किंतु अब इसके बाद उसे जागने पर कुछ भी नहीं रह जाता है.
20 आतंक उसे बाढ़ समान भयभीत कर लेता है;
रात्रि में आंधी उसे चुपचाप ले जाती है.
21 पूर्वी वायु उसे दूर ले उड़ती है, वह विलीन हो जाता है;
क्योंकि आंधी उसे ले उड़ी है.
22 क्योंकि यह उसे बिना किसी कृपा के फेंक देगा;
वह इससे बचने का प्रयास अवश्य करेगा.
23 लोग उसकी स्थिति को देख आनंदित हो ताली बजाएंगे
तथा उसे उसके स्थान से खदेड़ देंगे.”