भाग 2: भूमि का सामान्य विभाजन
विजयों का सारांश
1444 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 ये हैं जो राजा यरदन के पूर्व अराबाह में थे, जिनको इस्राएलियों ने मारकर उनकी भूमि ली, इन राज्यों की सीमा आरनोन घाटी से लेकर हरमोन पर्वत तक तथा पूरे यरदन घाटी तक थी:
2 सीहोन अमोरियों का राजा था, जिसका मुख्यालय हेशबोन में था.
उसका शासन आरनोन घाटी से लेकर अम्मोनियों के देश के यब्बोक नदी तक फैला था. इसमें घाटी के बीच से गिलआद का आधा भाग शामिल था.
3 उसका शासन पूर्व अराबाह प्रदेश जो किन्नेरेथ झील से अराबाह सागर तक, और पूर्व में बेथ-यशिमोथ तक तथा, दक्षिण में पिसगाह की ढलानों की तराई तक फैला था.
4 ओग बाशान का राजा जो रेफाइम में बचे हुए लोगों में से एक था. वह अश्तारोथ तथा एद्रेइ से शासन करता था.
5 उसके शासन का क्षेत्र हरमोन पर्वत, सलेकाह, गेशूरियों तथा माकाहथियों की सीमा तक पूरा बाशान तथा गिलआद का आधा क्षेत्र था, जो हेशबोन के राजा सीहोन की सीमा तक फैला था.
6 मोशेह, याहवेह के सेवक तथा इस्राएल वंश ने उन्हें हरा दिया तथा याहवेह के सेवक, मोशेह ने ये क्षेत्र रियूबेन, गाद तथा मनश्शेह के आधे गोत्र को निज भाग में दे दिया.
7 यरदन के पश्चिम में जो ज़मीन है, वो लबानोन घाटी में, बाल-गाद से लेकर सेईर में हालाक पर्वत तक के देश हैं, जिनके राजाओं को यहोशू एवं इस्राएलियों ने मार दिया था, और यहोशू ने उस भाग को इस्राएली गोत्रों में बाट दिया. 8 इस भाग में पर्वतीय क्षेत्र, तराइयां, अराबाह, ढलानें, निर्जन प्रदेश तथा नेगेव और इस क्षेत्र के मूल निवासी हित्ती, अमोरी, कनानी, परिज्ज़ी, हिव्वी तथा यबूसी:
मारे गये राजा ये थे:
9 येरीख़ो का राजा एक
बेथेल का निकटवर्ती अय का राजा एक
10 येरूशलेम का राजा एक
हेब्रोन का राजा एक
11 यरमूथ का राजा एक
लाकीश का राजा एक
12 एगलोन का राजा एक
गेज़ेर का राजा एक
13 दबीर का राजा एक
गेदेर का राजा एक
14 होरमाह का राजा एक
अराद का राजा एक
15 लिबनाह का राजा एक
अदुल्लाम का राजा एक
16 मक्केदा का राजा एक
बेथेल का राजा एक
17 तप्पूआह का राजा एक
हेफेर का राजा एक
18 अफेक का राजा एक
शारोन का राजा एक
19 मादोन का राजा एक
हाज़ोर का राजा एक
20 शिमरोन-मरोन का राजा एक
अकशाफ का राजा एक
21 तानख का राजा एक
मगिद्दो का राजा एक
22 केदेश का राजा एक
कर्मेल के योकनआम का राजा एक
23 नाफ़ात-दोर में दोर का राजा एक
गिलगाल में गोयिम का राजा एक
24 तथा तिरज़ाह के राजा एक
ये पूरे एकतीस राजा थे.
13:1 जब यहोशू बहुत बूढ़े हो चुके थे, तब याहवेह ने उनसे यह कहा: “तुम बूढ़े हो चुके हो, और भूमि का एक बड़ा अंश अब भी तुम्हारें अधिकार में नहीं आया हैं.
2 “वह देश जो रह गए है:
“फिलिस्तीनियों की समस्त भूमि तथा गेशूरियों का देश; 3 मिस्र के पूर्व में स्थित शीहोर से लेकर उत्तर में एक्रोन की सीमा तक, जो कनान देश माना जाता था, हालांकि यह प्रदेश फिलिस्तीनियों के पांच शासकों के कब्जे में था. उनके नगर थे: गाज़ा, अशदोद, अश्कलोन, गाथ,
एक्रोन; तथा दक्षिण में अव्वी, 4 कनानियों का पूरा देश तथा मेआराह,
जो सीदोनियों का राज्य था, यह अमोरियों के अफेक की सीमा तक फैला था;
5 गिबलियों का देश लबानोन,
बाल-गाद से नीचे की ओर हरमोन पर्वत से लेकर लबो-हामाथ तक.
6 “मैं इस्राएलियों के सामने से लबानोन के पर्वतीय क्षेत्र के पूरे निवासियों को, जो मिसरेफोत-मयिम तक बसे हैं, सीदोनियों को, सबको भगा दूंगा. और मेरे कहे अनुसार यह देश इस्राएलियों को मीरास में दिया जायेगा, 7 और यह देश नौ गोत्रों तथा मनश्शेह के आधा गोत्र को दे मीरास में दिया जाएगा.”
8 मनश्शेह के आधा गोत्र के साथ रियूबेन तथा गाद के गोत्रों ने यरदन के पूर्व में मोशेह द्वारा अपना हिस्सा ले लिया, ठीक जैसा याहवेह के सेवक मोशेह ने उन्हें दिया था:
9 आरनोन घाटी की सीमा तक अरोअर से तथा उस नगर से, जो घाटी के बीच में है, तथा मेदेबा से लेकर दीबोन तथा पूरे पठार तक; 10 अमोरियों का राजा, जो हेशबोन में शासन करता था, अम्मोन की सीमा तक उसके सब नगर;
11 गिलआद, गेशूरियों तथा माकाहथियों का पूरा देश; पूरा हरमोन पर्वत तथा सलेकाह तक पूरा बाशान; 12 बाशान में ओग का, जो अश्तारोथ तथा एद्रेइ में राज करता था और रेफाइम में केवल वही बच गया था; क्योंकि मोशेह ने उनको मारकर उनकी प्रजा को देश से निकाल दिया था. 13 लेकिन इस्राएल वंश ने गेशूरियों अथवा माकाहथियों को देश से बाहर नहीं निकाला था. आज तक वे इस्राएलियों के बीच ही रह रहे हैं.
14 मोशेह ने केवल लेवी के गोत्र को कोई हिस्सा नहीं दिया. इस्राएल के परमेश्वर याहवेह के आदेश के अनुसार, उनके लिए चढ़ाये जानेवाली अन्नबलि ही उनका हिस्सा हैं.