व्यवस्था का एक विशेषज्ञ फ़रीसियो येशु से प्रश्न पूछता है
सदूकी लोगों की हार पर फ़रीसी आनंदित होते हैं, और व्यवस्था का एक विशेषज्ञ, जो फ़रीसियो है, येशु से व्यवस्था के बारे में एक प्रश्न पूछता है।
मंदिर के प्रांगण में। (मंगलवार)
30 या 29 ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
मत्तियाह 22:34–40
22:34 जब फ़रीसियों को यह मालूम हुआ कि येशु ने सदूकियों का मुंह बंद कर दिया है, वे स्वयं एकजुट हो गए. 35 उनमें से एक व्यवस्थापक ने येशु को परखने की मंशा से उनके सामने यह प्रश्न रखा:
36 “गुरुवर, व्यवस्था के अनुसार सबसे बड़ी आज्ञा कौन सी है?”
37 येशु ने उसे उत्तर दिया, “तुम प्रभु, अपने परमेश्वर से, अपने सारे हृदय, अपने सारे प्राण तथा अपनी सारी समझ से प्रेम करो.
38 यही प्रमुख तथा सबसे बड़ी आज्ञा है. 39 ऐसी ही दूसरी सबसे बड़ी आज्ञा है: ‘अपने पड़ोसी से वैसे ही प्रेम करो जैसे तुम स्वयं से करते हो.’ 40 इन्हीं दो आदेशों पर सारी व्यवस्था और भविष्यवाणियां आधारित हैं.”
मार्कास 12:28–34
12:28 उसी समय एक शास्त्री वहां से जा रहा था. उसने उनका वार्तालाप सुन लिया. यह देख कि मसीह येशु ने उन्हें सटीक उत्तर दिया है, उसने मसीह येशु से पूछा, “सबसे बड़ी आज्ञा कौन सी है?”
29 मसीह येशु ने उत्तर दिया, “सबसे बड़ी आज्ञा है: ‘सुनो, इस्राएलियो! प्रभु हमारे परमेश्वर अद्वितीय प्रभु हैं.
30 तुम प्रभु तुम्हारे परमेश्वर से अपने सारे हृदय, सारे प्राण, सारे समझ तथा सारी शक्ति से प्रेम करो.’
31 दूसरी आज्ञा है, ‘तुम अपने पड़ोसी से अपने ही समान प्रेम करो.’ इनसे बढ़कर कोई और आज्ञा है ही नहीं.”
32 उस शास्त्री ने मसीह येशु से कहा, “अति सुंदर, गुरुवर! आपका कहना हमेशा ही सत्य है. वही एकमात्र हैं—उनके अतिरिक्त और कोई नहीं है 33 तथा उनसे ही सारे हृदय, सारी समझ तथा सारी शक्ति से प्रेम करना, तथा अपने पड़ोसी से अपने समान प्रेम करना सभी होमबलियों तथा बलिदानों से बढ़कर है.”
34 जब मसीह येशु ने यह देखा कि उसने बुद्धिमानी से उत्तर दिया है, उन्होंने उससे कहा, “तुम परमेश्वर के राज्य से दूर नहीं हो.”
इसके बाद किसी में भी उनसे और प्रश्न करने का साहस न रहा.
येशु दावीद के पुत्र के विषय में अपने शत्रुओं को निरुत्तर करते हैं
भीड़ की प्रसन्नता का कारण बनते हुए, येशु इस तीखे प्रश्न से अपने शत्रुओं को निरुत्तर कर देते हैं कि अभिषिक्त जन दावीद के वंशज होकर भी दावीद के प्रभु कैसे हैं।
मंदिर के प्रांगण में। (मंगलवार)
मत्तियाह 22:41–46
22:41 वहां इकट्ठा फ़रीसियों के सामने येशु ने यह प्रश्न रखा,
42 “मसीह के विषय में क्या मत है आपका—किसकी संतान है वह?”
“दावीद की,” उन्होंने उत्तर दिया.
43 तब येशु ने उनसे आगे पूछा, “तब फिर पवित्र आत्मा से भरकर दावीद उसे ‘प्रभु’ कहकर संबोधित क्यों करते हैं? दावीद ने कहा है
44 “ ‘प्रभु ने मेरे प्रभु से कहा,
“मेरी दायीं ओर बैठे रहो,
जब तक मैं तुम्हारे शत्रुओं को
तुम्हारे अधीन न कर दूं.” ’
45 यदि दावीद मसीह को प्रभु कहकर संबोधित करते हैं तो वह उनकी संतान कैसे हुए?” 46 इसके उत्तर में न तो फ़रीसी कुछ कह सके और न ही इसके बाद किसी को भी उनसे कोई प्रश्न करने का साहस हुआ.
मार्कास 12:35–37
12:35 मंदिर के आंगन, में शिक्षा देते हुए मसीह येशु ने उनके सामने यह प्रश्न रखा, “शास्त्री यह क्यों कहते हैं कि मसीह दावीद के वंशज हैं?
36 दावीद ने, पवित्र आत्मा, में आत्मलीन हो कहा था:
“ ‘प्रभु परमेश्वर ने मेरे प्रभु से कहा:
“मेरी दायीं ओर बैठे रहो
जब तक मैं तुम्हारे शत्रुओं को
तुम्हारे अधीन न कर दूं.” ’
37 स्वयं दावीद उन्हें प्रभु कहकर संबोधित कर रहे हैं इसलिये किस भाव में प्रभु दावीद के पुत्र हुए?”
भीड़ उनके इस वाद-विवाद का आनंद ले रही थी.
लूकॉस 20:41–44
20:41 प्रभु येशु ने उनसे प्रश्न किया, “लोग यह क्यों कहते हैं कि मसीह दावीद की संतान हैं,
42 क्योंकि स्वयं दावीद स्तोत्र संहिता में कहते हैं:
“ ‘परमेश्वर ने मेरे प्रभु से कहा,
“मेरे दायें पक्ष में बैठे रहो,
43 मैं तुम्हारे शत्रुओं को
तुम्हारे अधीन करूंगा.” ’
44 जब दावीद उन्हें प्रभु कहकर संबोधित करते हैं तब वह दावीद के पुत्र कैसे हुए?”